ePaper

Patna News : बिहटा एयरपोर्ट के पैरेलल टैक्सी ट्रैक के लिए 17 एकड़ जमीन अधिग्रहण को हरी झंडी

Updated at : 19 Jun 2025 1:36 AM (IST)
विज्ञापन
Patna News : बिहटा एयरपोर्ट के पैरेलल टैक्सी ट्रैक के लिए 17 एकड़ जमीन अधिग्रहण को हरी झंडी

बिहटा एयरपोर्ट के पैरेलल टैक्सी ट्रैक के लिए 17 एकड़ जमीन के अधिग्रहण को राज्य सरकार की मंजूरी मिल गयी है. अब जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया जल्द शुरू होगी.

विज्ञापन

अनुपम कुमार, पटना : बिहटा एयरपोर्ट पर पैरेलल टैक्सी ट्रैक के लिए 17 एकड़ जमीन के अधिग्रहण को राज्य सरकार की मंजूरी मिल गयी है. अब जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया जल्द शुरू होगी और अगले छह महीने में मुआवजे का भुगतान कर अधिग्रहण प्रक्रिया को पूरा कर लिया जायेगा. शर्फुद्दीनपुर में इसके लिए जमीन का अधिग्रहण होगा, जो यात्री टर्मिनल के निर्माण के लिए अधिगृहीत 108 एकड़ भूमि के दक्षिण में है. इस भूखंड पर 30 पक्का मकान, एक प्राथमिक विद्यालय व एक मंदिर बना है. जमीन के अधिग्रहण में संरचना को छोड़ कर 10.34 करोड़ रुपये खर्च होने की संभावना है.

कुल 191.5 एकड़ भूमि की आवश्यकता

अधिगृहीत होने वाली 17 एकड़ भूमि भी उसी 191.5 एकड़ भूमि में शामिल है, जिसकी मांग एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने रनवे को 4000 फुट बढ़ाने के लिए बीते दिनों की थी. इसे देने पर राज्य सरकार ने भी सहमति दे दी थी. लेकिन, रनवे विस्तार किस ओर किया जाये, यह अभी तय नहीं हुआ है, जिससे 173.5 एकड़ जमीन की अधिग्रहण प्रक्रिया शुरू नहीं हो सकी है. जिला प्रशासन ने वर्तमान रनवे के पूर्वी व पश्चिमी दोनों छोर पर जमीन अधिग्रहण का सर्वे कर इसकी पूरी योजना राज्य सरकार को दे दी है, जो विचाराधीन है. कमेटी की मानें, तो बिहटा एयरपोर्ट के रनवे का पूरब ्में विस्तार करने पर इस छोर पर स्थित शर्फुद्दीनपुर गांव में रनवे के एलायनमेंट में 119 पक्के मकान, 35 कच्चे मकान व एक धार्मिक संरचना आयेगी. रनवे बनाने के लिए इन 154 घरों के पुनर्वास की आवश्यकता होगी. एयरपोर्ट की चहारदीवारी से सटी दो एकड़ जमीन में कब्रिस्तान है. 350 मीटर की दूरी पर आइओसीएल की गैस पाइप लाइन है. शर्फुद्दीनपुर गांव में रनवे विस्तार करने पर संरचना को छोड़ कर कुल 844.52 करोड़ रुपये खर्च होंगे. वहीं, रनवे के विस्तार में पश्चिम दिशा की ओर 1158 मीटर लंबाई के एलायनमेंट में कोरहर गांव में 143 पक्के मकान, 103 कच्चे मकान व सात छोटी धार्मिक संरचना टूटेगी. प्रभावित 246 घरों के पुनर्वास की आवश्यकता होगी. इसके लिए वहां संरचना को छोड़ कर रनवे विस्तार के लिए जमीन अधिग्रहण पर 1025.49 करोड़ रुपये खर्च करने होंगे. एयरपोर्ट ऑथोरिटी को भी फिजिबिलिटी टेस्ट के लिए यह योजना दी जा चुकी है. इस संदर्भ में निर्णय होने के बाद ही रनवे विस्तार के लिए 173.5 एकड़ जमीन का अधिग्रहण शुरू हो पायेगा.

जल्द शुरू होगा अधिग्रहण

प्रमंडलीय आयुक्त डॉ चंद्रशेखर सिंह ने कहा कि पैरेलल टैक्सी ट्रैक के लिए 17 एकड़ भूमि के अधिग्रहण को स्वीकृति मिल गयी है. जल्द इसका अधिग्रहण शुरू होगा और अगले छह महीने में यह प्रक्रिया पूरी कर ली जायेगी. यात्री टर्मिनल के निर्माण के साथ ही पैरेलल टैक्सी ट्रैक का निर्माण भी पूरा हो जायेगा.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
SANJAY KUMAR SING

लेखक के बारे में

By SANJAY KUMAR SING

SANJAY KUMAR SING is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन