पटना: पुनपुन के साहेबनगर में 15 दिनों से जला पड़ा ट्रांसफार्मर, सिंचाई ठप होने पर किसानों ने किया विरोध, 24 घंटे का दिया अल्टीमेटम

Updated:
विज्ञापन
15 दिन से ट्रांसफार्मर जला, किसानों ने घेरा

Patna power outage: साहेबनगर गांव में 15 दिनों से जला ट्रांसफार्मर किसानों के लिए आफत बन गया है, जिससे सिंचाई व्यवस्था ठप पड़ गई है. आक्रोशित किसानों ने प्रखंड प्रमुख को घेरकर अपनी पीड़ा सुनाई और बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी की.

विज्ञापन

Patna power outage: पुनपुन प्रखंड के साहेबनगर गांव में कृषि कार्य के लिए लगा ट्रांसफार्मर पिछले करीब एक पखवारे से जला होने के कारण सिंचाई व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गई है. इससे आक्रोशित दर्जनों किसानों ने गुरुवार को गांव पहुंचीं प्रखंड प्रमुख गुड़िया कुमारी का घेराव कर अपनी पीड़ा सुनाई और बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी की. प्रमुख के आश्वासन और ग्रामीणों के समझाने के बाद मामला शांत हुआ.

किसानों ने बताया कि ट्रांसफार्मर जलने के बाद से धान की रोपनी और बिचड़े को बचाना मुश्किल हो गया है. बारिश नहीं होने के कारण किसान बोरिंग से पटवन पर निर्भर हैं, लेकिन बिजली आपूर्ति बाधित रहने से खेती पूरी तरह प्रभावित हो गई है. उनका आरोप है कि कई बार शिकायत के बावजूद बिजली विभाग के अधिकारियों ने अब तक ट्रांसफार्मर बदलने की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की है.

प्रखंड प्रमुख बोलीं- अधिकारी फोन तक नहीं उठा रहे

प्रखंड प्रमुख गुड़िया कुमारी, जो साहेबनगर की ही निवासी हैं, ने बताया कि उन्होंने स्वयं पुनपुन के सहायक विद्युत अभियंता चंद्रमणि कुमार निराला से कई बार ट्रांसफार्मर बदलवाने का अनुरोध किया, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई. उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकारी अब उनका फोन तक रिसीव नहीं कर रहे हैं.

प्रखंड प्रमुख ने कहा कि जब एक जनप्रतिनिधि की बात नहीं सुनी जा रही है, तो आम लोगों की समस्याओं के प्रति विभाग का रवैया सहज ही समझा जा सकता है.

संवेदक के पास नहीं है 25 केवी का ट्रांसफार्मर

सहायक अभियंता चंद्रमणि कुमार निराला ने बताया कि संवेदक को जला हुआ ट्रांसफार्मर हटाने का निर्देश दिया गया है, लेकिन वह आदेश का पालन नहीं कर रहा है. दूसरी ओर संवेदक सुरेश प्रसाद ने बताया कि जला हुआ ट्रांसफार्मर 25 केवी का है, जबकि उनके पास फिलहाल 25 केवी का नया ट्रांसफार्मर उपलब्ध नहीं है.

हालांकि उन्होंने कहा कि 63 केवी का ट्रांसफार्मर उपलब्ध है और यदि कार्यपालक अभियंता अनुमति दें तो उसे तत्काल लगाया जा सकता है. इधर कार्यपालक अभियंता से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका मोबाइल रिसीव नहीं हुआ. व्हाट्सएप पर भेजे गए संदेश का भी समाचार लिखे जाने तक कोई जवाब नहीं मिला.

24 घंटे में ट्रांसफार्मर नहीं बदला तो होगा आंदोलन

किसानों ने बिजली विभाग को 24 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित समय के भीतर ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया तो पुनपुन स्थित बिजली विभाग के कार्यालय में तालाबंदी कर उग्र आंदोलन किया जाएगा. किसानों ने कहा कि ऐसी स्थिति उत्पन्न होने पर इसकी पूरी जिम्मेदारी बिजली विभाग की होगी.

बंटी यादव मर्डर केस: मुख्य आरोपी रवीश उर्फ बीसी का एनकाउंटर, पुलिस ने पैर में मारी गोली


विज्ञापन
Ajay Kumar Masaurhi

लेखक के बारे में

By Ajay Kumar Masaurhi

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन