पटना: कदमकुआं में इंजीनियर की संदिग्ध स्थिति में मौत का मामला, तीन दोस्तों पर हत्या का केस दर्ज
सांकेतिक फोटो
पटना के कदमकुआं में एक इंजीनियर की संदिग्ध मौत से हड़कंप मच गया है. दोस्त के घर से मिले शव के बाद परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
पटना से आनंद सिंह कौशिक की रिपोर्ट
Patna Crime News : पटना के कदमकुआं थाना क्षेत्र के लोहानीपुर रोड नंबर-10 निवासी हर्ष उर्फ भोलू (25) की 14 अगस्त को संदिग्ध स्थिति में मौत हो गयी. उसका शव उसके दोस्त नमन के घर से बरामद हुआ. सूचना मिलने पर कदमकुआं थाना पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची और जांच की. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पीएमसीएच भेज दिया. मृतक के चाचा रंजीत कुमार ने हर्ष के तीन दोस्तों ऋतिक, नमन और ऋषभ के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया है.
इंटरव्यू की बात कहकर घर से निकला था
हर्ष इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी कर चुका था. मृतक के चाचा रंजीत कुमार के अनुसार, हर्ष ने अपनी मां से दिल्ली में इंटरव्यू देने की बात कही थी. घर से निकलते समय उसने पांच हजार रुपये भी लिये थे. इसके बाद वह दोस्त नमन के घर चला गया और वहीं सो गया.
14 अगस्त की सुबह नमन ने हर्ष को जगाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं उठा. इसके बाद नमन ने हर्ष की मां को फोन कर बताया कि हर्ष उठ नहीं रहा है और उसकी तबीयत खराब है. सूचना मिलने के बाद परिजन नमन के घर पहुंचे, जहां हर्ष मृत मिला.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
हर्ष के चाचा रंजीत कुमार ने उसके तीनों दोस्तों पर हत्या की आशंका जताते हुए मामला दर्ज कराया है. वहीं, टाउन डीएसपी-1 राजेश रंजन ने बताया कि हर्ष नशे का आदी था और नशामुक्ति केंद्र में भी रह चुका था. पुलिस के अनुसार, उसके शरीर पर किसी तरह के चोट या जख्म के निशान नहीं मिले हैं.
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण का पता चल सकेगा. फिलहाल पुलिस रिपोर्ट का इंतजार कर रही है और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए