नीतीश के नक्शेकदम पर निशांत, JDU की मीटिंग में बताया अपना फ्यूचर प्लान, कार्यकर्ताओं को दिया बड़ा संदेश

मीटिंग में कार्यकर्ताओं से भविष्य पर चर्चा करते निशांत
Bihar Politics: जदयू नेता निशांत कुमार ने सारण प्रमंडल के नेताओं के साथ बैठक कर संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया. उन्होंने कार्यकर्ताओं को पार्टी की नीतियों और नीतीश सरकार के 20 साल के काम को घर-घर पहुंचाने का निर्देश दिया.
Bihar Politics: जदयू में संगठन को लेकर हलचल तेज हो गई है. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार ने बुधवार को सारण प्रमंडल के नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ अहम बैठक कर संगठन की मजबूती पर जोर दिया. इस बैठक में गोपालगंज, सिवान और छपरा के जिलाध्यक्षों व प्रखंड अध्यक्षों ने हिस्सा लिया.
‘पिता के मार्गदर्शन में करूंगा काम’
बैठक के दौरान निशांत कुमार ने साफ कहा कि वे अपने पिता नीतीश कुमार के मार्गदर्शन में ही काम करेंगे. उन्होंने कहा कि जिस तरह नीतीश कुमार ने सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर पार्टी को मजबूत बनाया, उसी परंपरा को आगे बढ़ाना उनकी प्राथमिकता होगी. उन्होंने भरोसा जताया कि वरिष्ठ नेताओं और जमीनी कार्यकर्ताओं के सहयोग से संगठन को और मजबूत किया जाएगा.
‘कार्यकर्ता ही संगठन की असली ताकत’
निशांत कुमार ने कार्यकर्ताओं की भूमिका को सबसे अहम बताते हुए कहा कि किसी भी राजनीतिक दल की असली ताकत उसके कार्यकर्ता ही होते हैं. उन्होंने सभी प्रखंड अध्यक्षों से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में एक्टिव रहें और जनता से लगातार बातचीत करें. साथ ही, सरकार की योजनाओं और पार्टी की नीतियों को हर घर तक पहुंचाने का काम करें.
20 साल के काम को घर-घर पहुंचाने की तैयारी
उन्होंने कहा कि पिछले 20 वर्षों में नीतीश कुमार के नेतृत्व में जो विकास कार्य हुए हैं, उन्हें एक बुकलेट के जरिए लोगों तक पहुंचाया जाएगा. इसका उद्देश्य यह है कि आम जनता तक सरकार की उपलब्धियां साफ तौर पर पहुंच सकें और पार्टी के प्रति विश्वास और मजबूत हो.
कार्यकर्ताओं के भरोसे पर जताया विश्वास
निशांत कुमार ने कहा कि जिस तरह कार्यकर्ताओं ने उनके पिता पर हमेशा विश्वास और समर्थन बनाए रखा है, उन्हें उम्मीद है कि वही स्नेह और सहयोग उन्हें भी मिलेगा. उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर पार्टी को आगे बढ़ाने की अपील की.
इन नेताओं की रही मौजूदगी
बैठक में जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा, विधान पार्षद ललन कुमार सर्राफ, संजय कुमार सिंह उर्फ गांधीजी, अनिल कुमार, वासुदेव कुशवाहा समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे. इसके अलावा सारण, गोपालगंज और सिवान के जिलाध्यक्षों ने भी बैठक में भाग लिया.
Also Read: PK की भविष्यवाणी- बिहार के अगले CM का होगा ‘गुजरात कनेक्शन’, बोले- केंद्र सरकार तय करेगी मुख्यमंत्री
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Abhinandan Pandey
अभिनंदन पांडेय डिजिटल माध्यम में पिछले 2 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. बंसल न्यूज (MP/CG) और दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अनुभव लेते हुए अब प्रभात खबर तक का मुकाम तय किए हैं. अभी डिजिटल बिहार टीम में काम कर रहे हैं. सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझने का प्रयास करते हैं. देश-विदेश की घटनाओं, बिहार की राजनीति, और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि रखते हैं. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स के साथ प्रयोग करना पसंद है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




