बिहार में आंधी-बारिश का कहर, IMD ने जारी किया 38 जिलों में अलर्ट, जानिए आज कैसा रहेगा मौसम

Published by :Abhinandan Pandey
Published at :30 Apr 2026 7:48 AM (IST)
विज्ञापन
bihar rain alert update

सांकेतिक तस्वीर

Bihar Rain Alert: भीषण गर्मी से परेशान बिहार में मौसम ने अचानक करवट ली है. तेज आंधी और बारिश से लोगों को राहत मिली, लेकिन कई जिलों में नुकसान की भी खबरें सामने आई हैं. वहीं आज राज्य के सभी जिलों में IMD ने अलर्ट जारी किया है.

विज्ञापन

Bihar Rain Alert: बुधवार को पटना समेत राज्य के करीब 20 जिलों में तेज आंधी के साथ झमाझम बारिश हुई. कई इलाकों में धूल भरी आंधी चली, जिससे जनजीवन प्रभावित रहा. तेज हवा के कारण कई जगह पेड़ उखड़कर सड़कों और घरों पर गिर गए. बक्सर में आंधी-बारिश के दौरान बड़ा हादसा होते-होते बच गया. कलेक्ट्रेट रोड पर तेज हवा के कारण एक पेड़ ई-रिक्शा पर गिर गया. उस वक्त ई-रिक्शा में महिला और पुरुष समेत छह लोग सवार थे. सभी को मामूली चोटें आई हैं.

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पेड़ हटाकर सभी सवारों को सुरक्षित बाहर निकाला. वहीं स्टेशन रोड पर भी एक बड़ा पेड़ दुकान पर गिर गया, लेकिन इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ. रघुनाथपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर भी पेड़ की टहनी गिर गई, जो प्लेटफॉर्म के पास खड़ी मालगाड़ी के पहिए पर जा गिरी. दानापुर में बिल्डिंग की दीवार गिर गई. मलबे में दबने से 2 लोगों की मौत हो गई.

सुपौल में बिजली गिरने से नारियल के पेड़ में लगी आग

सुपौल जिले के प्रतापगंज क्षेत्र के सुरियारी टेकुना गांव में आकाशीय बिजली गिरने से नारियल के पेड़ में आग लग गई. हालांकि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई.

मुजफ्फरपुर में घर पर गिरा पीपल का पेड़

मुजफ्फरपुर में तेज आंधी और बारिश के दौरान एक विशाल पीपल का पेड़ एक घर पर गिर गया, जिससे मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. वहीं पटना में बारिश के बाद कई इलाकों में जलजमाव की समस्या भी सामने आई.

आज भी पूरे बिहार में अलर्ट

मौसम विभाग ने गुरुवार के लिए पूरे राज्य में अलर्ट जारी किया है. 19 जिलों में ऑरेंज अलर्ट और 19 जिलों में येलो अलर्ट घोषित किया गया है. 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने, तेज बारिश और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है. कुछ जिलों में ओले गिरने की भी संभावना है. किशनगंज, मधुबनी और सीतामढ़ी में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है.

पटना में बादल छाए रहने और बारिश के आसार

पटना में गुरुवार को बादल छाए रहेंगे और गरज के साथ बारिश होने की संभावना है. हालांकि बारिश के बाद उमस बनी रह सकती है. मौसम विभाग के अनुसार 3 मई तक राज्य में प्री-मानसून गतिविधियां जारी रहेंगी. इस दौरान आंधी, बारिश और ठनका गिरने की घटनाएं होती रहेंगी.

तापमान में गिरावट, फिर भी कैमूर सबसे गर्म

पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है. इसके बावजूद कैमूर जिला सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 41.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इसके अलावा गया में 38.6, रोहतास के डेहरी में 38.1, सारण के छपरा में 37.4 और औरंगाबाद में 37.3 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया.

मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों से दूर रहें और सुरक्षित जगहों पर शरण लें, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके.

Also Read: बक्सर में तेज आंधी-बारिश ने थामी ट्रेनों की रफ्तार, रघुनाथपुर स्टेशन पर ट्रैक पर गिरा विशाल पेड़, रेल यातायात प्रभावित

विज्ञापन
Abhinandan Pandey

लेखक के बारे में

By Abhinandan Pandey

अभिनंदन पांडेय डिजिटल माध्यम में पिछले 2 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. बंसल न्यूज (MP/CG) और दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अनुभव लेते हुए अब प्रभात खबर तक का मुकाम तय किए हैं. अभी डिजिटल बिहार टीम में काम कर रहे हैं. सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझने का प्रयास करते हैं. देश-विदेश की घटनाओं, बिहार की राजनीति, और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि रखते हैं. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स के साथ प्रयोग करना पसंद है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन