ePaper

Bihar Weather Alert: बिहार में तेज बारिश और बाढ़ से हाहाकार, 17 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित, अभी ऐसा ही रहेगा मौसम

Updated at : 13 Aug 2025 6:44 AM (IST)
विज्ञापन
Bihar Rain Alert| Bihar ka mausam samachar| heavy rain alert in 6 district of bihar

सांकेतिक तस्वीर

Bihar Weather Alert: बिहार में बारिश अब सिर्फ आसमान से नहीं बरस रही, बल्कि बिहार के कई जिलों में 17 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित कर रही है. गंगा से लेकर कोसी तक 10 नदियां उफान पर हैं और मौसम विभाग का कहना है—अभी राहत नहीं मिलने वाली.

विज्ञापन

Bihar Weather Alert: बिहार इस वक्त दोहरी मार झेल रहा है—एक तरफ आसमान से लगातार बरसते बादल, दूसरी ओर उफनती नदियों का पानी. पटना, भागलपुर, पूर्णिया समेत कई जिलों में देर रात से तेज बारिश जारी है. उत्तर बिहार के कई हिस्सों में आज और भी भारी बारिश की संभावना है. मौसम विभाग ने 24 जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है, जिसमें 9 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट और 16 जिलों के लिए यलो अलर्ट शामिल है.

पटना, पूर्णिया, भागलपुर सहित कई जिलों में तेज बारिश हो रही है. वहीं, दिन चढ़ने के साथ-साथ उत्तर बिहार में भारी बारिश की संभावना है. 10 नदियां उफान पर हैं, जिससे 12 जिले बाढ़ की चपेट में हैं. 15 से ज्यादा लोगों की मौत हुई है.

आज इन जिलों ने होगी बहुत भारी बारिश

देर रात से ही पटना, पूर्णिया, भागलपुर, अरवल सहित कई जिलों में रुक-रुककर तेज बारिश हो रही है. जैसे-जैसे दिन चढ़ेगा, उत्तर बिहार के कई जिलों में भारी बारिश देखने को मिलेगी. उत्तर बिहार के सभी जिलों में बहुत भारी बारिश होने की संभावना है,जबकि दक्षिण बिहार में बादल छाए रहेंगे और हल्के से मध्यम स्तर की बारिश कहीं कहीं देखने को मिल सकती है.

दूसरी तरफ, कुछ नदियों के जलस्तर में धीरे धीरे गिरावट हो रही है,लेकिन अभी भी गंगा, कोसी, गंडक सहित छोटी बड़ी 10 नदियां उफान पर है. इससे बिहार के 12 जिले बाढ़ की चपेट में है. लगातार हो रही बारिश की वजह से स्थिति और भी विकराल होती जा रही है. उत्तर बिहार के हिस्सों में इसका सबसे ज्यादा असर देखने को मिल रहा है.

आज 13 अगस्त को पश्चिम चंपारण, गोपालगंज और सिवान में बहुत भारी बारिश जबकि पूर्वी चंपारण, समस्तीपुर, किशनगंज, खगड़िया और मुंगेर में भारी बारिश होगी. उत्तर बिहार के शेष जिलों में मूसलाधार बारिश होगी. पटना, बक्सर सहित दक्षिण बिहार के जिलों में मध्यम स्तर की बारिश हो सकती है. आसमान में बादल छाए रहेंगे.

इन जिलों में बाढ़ से तबाही

लगभग 10 नदियां के उफान पर होने की वजह से मुंगेर, लखीसराय, बेगूसराय, सारण, सीतामढ़ी, कटिहार, पूर्णिया, भागलपुर, खगड़िया, भोजपुर, पटना और वैशाली के लगभग 17 लाख लोग प्रभावित हैं. सुल्तानगंज में 2100 घरों में पानी प्रवेश कर गया है. भागलपुर के गोपालपुर प्रखंड में इस्माइलपुर-बिंदटोली तटबंध क्षतिग्रस्त हो गया है. टूटने का खतरा बढ़ गया है. यहां 75 पंचायतों की 4.16 लाख से अधिक लोग पीड़ित हैं. बिहार में बाढ़ से अबतक 15 से ज्यादा लोगों के मौत की खबरें आ रही है.

पटना में रुक-रुककर होती रहेगी बारिश

पटना में बुधवार को आसमान में घने बादल छाए रहेंगे और दिनभर रुक-रुककर बारिश होगी. अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है. दक्षिण-पश्चिमी हवाएं तेज गति से चलेंगी, जिससे उमस में कमी आएगी.

आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम

मौसम विभाग के मुताबिक, बुधवार से शुक्रवार तक पूरे बिहार में बारिश की गतिविधियां चरम पर रहेंगी. इसके बाद भी अगले हफ्ते की शुरुआत तक रुक-रुककर बारिश होती रहेगी. उत्तर बिहार के जिलों में भारी वर्षा और दक्षिण बिहार में मध्यम बारिश की संभावना है.

बीते 24 घंटे में 36 डिग्री तापमान के साथ नालंदा सबसे गर्म जिला रहा. गया का तापमान 35.3, मोतिहारी का 35.0, पटना का 33.6 डिग्री तापमान दर्ज किया गया.

Also Read: Jaya Bachchan Angry Video: जया बच्चन को आया गुस्सा; सेल्फी ले रहे शख्स को मारा धक्का, लगाई डांट

विज्ञापन
Pratyush Prashant

लेखक के बारे में

By Pratyush Prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन