Nitin Nabin: हाथी-घोड़े, बाइक रैली और फूलों की होगी बारिश, पटना में नितिन नबीन का मेगा रोड शो कल
नितिन नबीन की फाइल फोटो
Bihar Politics: पटना में भाजपा शक्ति प्रदर्शन की तैयारी पूरी कर ली है. नए राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन के स्वागत में 23 दिसंबर को एयरपोर्ट से मिलर स्कूल मैदान तक भव्य रोड शो और अभिनंदन समारोह होगा.
Bihar Politics: बिहार भाजपा के लिए 23 दिसंबर का दिन ऐतिहासिक बनने जा रहा है. पार्टी के नए राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन के पटना आगमन को लेकर राजधानी में अभूतपूर्व उत्साह और भव्य तैयारियां की गई हैं. एयरपोर्ट से लेकर मिलर हाई स्कूल मैदान तक पटना एक विशाल स्वागत मंच में तब्दील हो जाएगा. जहां शक्ति, संगठन और सांस्कृतिक विरासत का संगम देखने को मिलेगा.
एयरपोर्ट से शुरू होगा भव्य स्वागत
दोपहर 12:30 बजे पटना हवाई अड्डा पर नितिन नबीन के पहुंचते ही स्वागत कार्यक्रम की शुरुआत होगी. उनके स्वागत में एक दर्जन से अधिक हाथी और घोड़े, पारंपरिक वेशभूषा में कलाकार, ढोल-नगाड़े और सांस्कृतिक झांकियां शामिल रहेंगी. हजारों की संख्या में बाइक सवार काफिले के आगे-आगे चलेंगे, जो इस रोड शो को ऐतिहासिक रूप देंगे.
एयरपोर्ट से लेकर पूरे रूट को झंडा, बैनर, पोस्टर और भव्य स्वागत मंचों से सजाया गया है. पटना के हर प्रमुख चौक-चौराहे पर पुष्पवर्षा और मंचीय स्वागत की व्यवस्था की गई है, ताकि कार्यकर्ता और समर्थक अपने नेता का अभिनंदन कर सकें.
आस्था, विचार और संघर्ष को नमन
रोड शो के दौरान नितिन नबीन सबसे पहले शेखपुरा मोड़ होते हुए राजवंशी नगर महावीर मंदिर पहुंचेंगे, जहां वे पंचमुखी हनुमान की पूजा-अर्चना करेंगे. इसके बाद काफिला पुनाईचक मार्ग से आगे बढ़ते हुए पटना हाई कोर्ट के पास स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेगा.
इसके बाद आयकर गोलंबर पहुंचकर वे लोकनायक जयप्रकाश नारायण (जेपी) की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे. यह क्रम भाजपा की विचारधारा- आस्था, सामाजिक न्याय और लोकतांत्रिक संघर्ष को एक साथ जोड़ने का संदेश देगा.
मिलर स्कूल मैदान में महासमागम
रोड शो का समापन मिलर हाई स्कूल मैदान में आयोजित विशाल अभिनंदन समारोह के साथ होगा. इस आयोजन को लेकर पार्टी ने व्यापक स्तर पर तैयारियां की हैं. पटना महानगर की सभी विधानसभा इकाइयों, मोर्चों, मंचों और प्रकोष्ठों के लिए अलग-अलग स्वागत मंच बनाए गए हैं.
कार्यक्रम की खास बात बिहार की सांस्कृतिक विरासत को दर्शाने वाली झांकियां होंगी, जो राज्य की परंपरा, लोककला और गौरवशाली इतिहास को प्रदर्शित करेंगी. बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और आम लोगों के जुटने की संभावना है.
पांच बार के विधायक से राष्ट्रीय जिम्मेदारी तक
नितिन नबीन बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र से लगातार पांचवीं बार विधायक रह चुके हैं. संगठन में लंबे अनुभव और जमीनी पकड़ के चलते पार्टी ने उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है. उनका यह दायित्व न सिर्फ पटना बल्कि पूरे बिहार के भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए गर्व का विषय माना जा रहा है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Abhinandan Pandey
अभिनंदन पांडेय पिछले दो वर्षों से डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की और दैनिक जागरण, भोपाल में काम किया. वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के हिस्सा हैं. राजनीति, खेल और किस्से-कहानियों में उनकी खास रुचि है. आसान भाषा में खबरों को लोगों तक पहुंचाना और ट्रेंडिंग मुद्दों को समझना उन्हें पसंद है. अभिनंदन ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से की. पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने पत्रकारिता की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. खबरों को सही तरीके से लोगों तक पहुंचाने की सोच ने उन्हें इस क्षेत्र की ओर आकर्षित किया. दैनिक जागरण में रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने भोपाल में बॉलीवुड के कई बड़े कलाकारों और चर्चित हस्तियों के इंटरव्यू किए. यह अनुभव उनके करियर के लिए काफी अहम रहा. इसके बाद उन्होंने प्रभात खबर डिजिटल में इंटर्नशिप की, जहां उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता की वास्तविक दुनिया को करीब से समझा. बहुत कम समय में उन्होंने रियल टाइम न्यूज लिखना शुरू कर दिया. इस दौरान उन्होंने सीखा कि तेजी के साथ-साथ खबर की सटीकता भी बेहद जरूरी होती है. फिलहाल वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के साथ काम कर रहे हैं. बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने कई बड़ी खबरों को रियल टाइम में कवर किया, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और वीडियो कंटेंट भी तैयार किए. उनकी कोशिश हमेशा यही रहती है कि पाठकों और दर्शकों तक सबसे पहले, सही और भरोसेमंद खबर पहुंचे. पत्रकारिता में उनका लक्ष्य लगातार सीखते रहना, खुद को बेहतर बनाना और एक विश्वसनीय पत्रकार के रूप में अपनी पहचान मजबूत करना है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










