Patna News: पटना में लापरवाही पड़ेगी भारी, सड़क पर मलबा फेंका तो कटेगा इतने रुपये का चालान
Published by : Abhinandan Pandey Updated At : 07 Jan 2026 9:24 PM
AI से बनाई गई तस्वीर
Patna News: अब पटना में घर या दुकान की मरम्मत के बाद सड़क पर मलबा फेंकना महंगा पड़ेगा. नगर निगम ने साफ-सफाई और वायु प्रदूषण पर सख्ती करते हुए ऐसा करने पर 1500 रुपये तक जुर्माना लगाने का फैसला किया है और मलबा उठाव की सुविधा भी उपलब्ध कराई है.
Patna News: अब पटना की सड़कों पर घर या दुकान की मरम्मत के बाद मलबा फेंकना महंगा पड़ सकता है. थोड़ी सी लापरवाही न सिर्फ जेब पर भारी पड़ेगी, बल्कि कार्रवाई भी तय है. राजधानी में साफ-सफाई और वायु प्रदूषण पर सख्ती करते हुए पटना नगर निगम ने मलबा सड़क या सार्वजनिक स्थानों पर फेंकने पर 1500 रुपये तक जुर्माना लगाने का फैसला किया है. यह कदम उन नागरिकों के लिए अहम है जो निर्माण कार्य के बाद मलबे को खाली जगह या सड़क किनारे डालकर अपनी जिम्मेदारी खत्म समझ लेते हैं.
नगर आयुक्त ने क्या कहा?
नगर आयुक्त यशपाल मीणा ने साफ कहा है कि शहर को स्वच्छ और स्वस्थ बनाए रखने के लिए अब नियमों का सख्ती से पालन कराया जाएगा. उन्होंने भवन मालिकों, ठेकेदारों और निर्माण एजेंसियों से अपील की है कि घर की मरम्मत हो या नया भवन निर्माण, उससे निकलने वाला मलबा सार्वजनिक जगहों पर न फेंकें. अगर कोई नियम तोड़ते पाया गया, तो उस पर जुर्माना और कार्रवाई की जाएगी. निगम का मानना है कि सड़क पर पड़ा मलबा न सिर्फ ट्रैफिक जाम और हादसों की वजह बनता है, बल्कि धूल उड़ने से बुजुर्गों, बच्चों और मरीजों की सेहत पर भी बुरा असर डालता है.
निर्माणाधीन भवनों और कमर्शियल इमारतों में ग्रीन मेश लगाने का निर्देश
नगर निगम ने यह भी अनिवार्य कर दिया है कि सभी निर्माणाधीन भवनों और कमर्शियल इमारतों में ग्रीन मेश लगाया जाए. इसका उद्देश्य निर्माण के दौरान उड़ने वाली धूल को रोकना है. अक्सर देखा जाता है कि निर्माण स्थलों से निकलने वाली धूल आसपास रहने वाले लोगों के लिए सांस की बीमारी और आंखों की जलन का कारण बनती है. अब ग्रीन मेश नहीं लगाने पर भी कार्रवाई हो सकती है.
मलबा उठाने के लिए इस नंबर पर करें संपर्क
नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए निगम ने मलबा उठाव की व्यवस्था भी की है. अगर किसी के घर या दुकान से मलबा निकलता है, तो वह खुद सड़क पर फेंकने के बजाय निगम की सेवा ले सकता है. इसके लिए प्रति फेरी 600 रुपये का शुल्क तय किया गया है. मलबा उठवाने के लिए टोल फ्री नंबर 155304 पर कॉल किया जा सकता है. इसके अलावा, जानकारी और सहायता के लिए नगर निगम का व्हाट्सएप चैटबॉट नंबर 9264447449 भी उपलब्ध है.
पटना नगर निगम ने शहर के सभी अंचलों में सीएंडडी (कंस्ट्रक्शन एंड डिमोलिशन) सेकेंडरी प्वाइंट भी बनाए हैं, जहां मलबा जमा किया जा सकता है. बांकीपुर, अजीमाबाद, पटना सिटी, पाटलिपुत्र, कंकड़बाग और नूतन राजधानी अंचल में तय स्थानों पर यह सुविधा दी गई है.
Also Read: Bihar News: आपका भी सरकारी काम अटका है? अब सीधे अफसर से करें शिकायत, नीतीश ने तय किए हफ्ते में 2 दिन
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Abhinandan Pandey
अभिनंदन पांडेय पिछले दो वर्षों से डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की और दैनिक जागरण, भोपाल में काम किया. वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के हिस्सा हैं. राजनीति, खेल और किस्से-कहानियों में उनकी खास रुचि है. आसान भाषा में खबरों को लोगों तक पहुंचाना और ट्रेंडिंग मुद्दों को समझना उन्हें पसंद है. अभिनंदन ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से की. पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने पत्रकारिता की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. खबरों को सही तरीके से लोगों तक पहुंचाने की सोच ने उन्हें इस क्षेत्र की ओर आकर्षित किया. दैनिक जागरण में रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने भोपाल में बॉलीवुड के कई बड़े कलाकारों और चर्चित हस्तियों के इंटरव्यू किए. यह अनुभव उनके करियर के लिए काफी अहम रहा. इसके बाद उन्होंने प्रभात खबर डिजिटल में इंटर्नशिप की, जहां उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता की वास्तविक दुनिया को करीब से समझा. बहुत कम समय में उन्होंने रियल टाइम न्यूज लिखना शुरू कर दिया. इस दौरान उन्होंने सीखा कि तेजी के साथ-साथ खबर की सटीकता भी बेहद जरूरी होती है. फिलहाल वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के साथ काम कर रहे हैं. बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने कई बड़ी खबरों को रियल टाइम में कवर किया, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और वीडियो कंटेंट भी तैयार किए. उनकी कोशिश हमेशा यही रहती है कि पाठकों और दर्शकों तक सबसे पहले, सही और भरोसेमंद खबर पहुंचे. पत्रकारिता में उनका लक्ष्य लगातार सीखते रहना, खुद को बेहतर बनाना और एक विश्वसनीय पत्रकार के रूप में अपनी पहचान मजबूत करना है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










