Bihar News: सीट शेयरिंग से पहले कांग्रेस की बड़ी बैठक, स्टेट इलेक्शन कमिटी आज तय करेगी उम्मीदवारों के नाम
Published by : Ashish Jha Updated At : 18 Sep 2025 9:14 AM
बिहार कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम
Bihar News: यह बैठक पार्टी की आगामी रणनीति, संभावित उम्मीदवारों के चयन और स्क्रीनिंग प्रक्रिया को अंतिम रूप देने के लिहाज से बेहद अहम मानी जा रही है.
Bihar News: पटना. बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस पार्टी ने अपने रणनीतिक कदम तेज़ कर दिये हैं और पार्टी ने अपने संभावित उम्मीदवारों के नामों पर मंथन शुरू कर दिया है. इसी सिलसिले में गुरुवार को पटना में कांग्रेस की प्रदेश इलेक्शन कमिटी की पहली बैठक बुलाई गई है. यह बैठक पार्टी की आगामी रणनीति, संभावित उम्मीदवारों के चयन और स्क्रीनिंग प्रक्रिया को अंतिम रूप देने के लिहाज से बेहद अहम मानी जा रही है.
संभावित उम्मीदवारों के नामों पर गहन चर्चा
बैठक में कमिटी के 39 सदस्य साथ ही सभी सांसद, विधायक, विधान पार्षद, कांग्रेस के बिहार सचिव, कार्यसमिति के सदस्य और पार्टी के फ्रंटल संगठनों के प्रमुख भी शामिल होंगे. पार्टी के राष्ट्रीय प्रभारी कृष्णा अल्लावरु भी बैठक में हिस्सा लेने के लिए पटना पहुंच चुके हैं. इस संबंध में कांग्रेस के मीडिया विभाग के चेयरमैन राजेश राठौड़ ने बताया बैठक दोपहर एक बजे होगी. इसमें चुनाव लड़नेवाले संभावित उम्मीदवारों के नामों पर गहन चर्चा की जायेगी. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सीट शेयरिंग से पहले नामों पर चर्चा कांग्रेस की पारंपरिक प्रक्रिया का हिस्सा है और इससे महागठबंधन के भीतर किसी तरह की असहमति का संकेत नहीं माना जा सकता है.
स्क्रीनिंग कमिटी की बैठक 19 को
महागठबंधन में शामिल दलों के बीच सीट बंटवारे को लेकर अब तक कोई औपचारिक घोषणा नहीं हुई है. वीआईपी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकेश सहनी पहले ही 15 सितंबर तक सीटों की घोषणा का दावा कर चुके थे, लेकिन वह समय भी बीत चुका है और उनकी ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. इस बीच कांग्रेस ने अपनी संभावित सीटों पर तैयारी को लेकर स्पष्ट संकेत दे दिया है कि वह अंतिम समय का इंतज़ार नहीं करेगी. माना जा रहा है कि 19 सितंबर को दिल्ली में होनेवाली स्क्रीनिंग कमिटी की बैठक में कांग्रेस अपने पहले चरण के उम्मीदवारों के नामों पर अंतिम मुहर लगा सकती है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Ashish Jha
डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 वर्षों का अनुभव. लगातार कुछ अलग और बेहतर करने के साथ हर दिन कुछ न कुछ सीखने की कोशिश. वर्तमान में बंगाल में कार्यरत. बंगाल की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को टटोलने के लिए प्रयासरत. देश-विदेश की घटनाओं और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स को सीखने की चाहत.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










