ePaper

Bihar Land Survey: जमीन सर्वे का ऑनलाइन सर्वर कई दिनों से ठप, प्रपत्र-2 जमा करने में रैयत परेशान, दलालों की चांदी

Updated at : 30 Oct 2024 7:34 AM (IST)
विज्ञापन
bihar land survey

Bihar Land Survey: भू-सर्वेक्षण में स्वघोषणा पत्र के लिए आवेदन करने का सर्वर चार दिनों से ठप होने से रैयत परेशान हैं. लगातार शिकायतें आ रही हैं कि फॉर्म-2 ऑनलाइन आवेदन नहीं कर पा रहा है. लाचार होकर लोग ऑफलाइन आवेदन के लिए शिविरों में पहुंच रहे हैं, जहां बिचौलिए जमकर लूट मचा रहे हैं.

विज्ञापन

Bihar Land Survey: बिहार में चल रहे जमीन सर्वे को लेकर स्व-घोषणा के लिए जरूरी प्रपत्र-2 को भरकर उसे ऑनलाइन आवेदन करने वाला विभागीय सर्वर शनिवार से ठप पड़ा है, यह मंगलवार को भी नहीं खुला जिससे रैयत ऑनलाइन स्व-घोषणा नहीं कर पा रहे. इससे बड़ी परेशानी अन्य जिले या राज्यों में रहने वालों को हो रही है. यह सर्वर काम नहीं कर रहा या यह कब तक ठीक होगा, इस संबंध में विभागीय वेबसाइट पर कोई सूचना नहीं है.

शिविरों में पहुंच रहे रैयत

दूसरी तरफ स्थानीय रैयत जब स्व-घोषणा के लिए जरूरी प्रपत्र-2 भरकर ऑफलाइन जमा करने के लिए सर्वे शिविरों में जा रहे हैं तो अधिकांश जगहों पर पावती रसीद देने में आनाकानी हो रही है. हालत यह है कि सर्वे शिविरों में भीड़ लग रही है. साथ ही वहां दलालों के माध्यम से जमीन सर्वे के सभी काम सुलभ तरीके से करवाने का प्रस्ताव भी रैयतों को मिल रहा है.

सर्वर में आ रहा एरर

सूत्रों के अनुसार राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के भू-अभिलेख एवं परिमाप निदेशालय द्वारा उपलब्ध वेबसाइट https://dlrs.bihar.gov.in/Raiyat123.aspx पिछले चार दिन से ठप पड़ी है. इसके सर्वर में एरर बताया जा रहा है. इसी वेबसाइट के माध्यम से रैयत अपना प्रपत्र-2 भरकर उसे ऑनलाइन जमा करते थे.

दस्तावेज अपलोड करने में भी परेशानी

इस वेबसाइट के ठप होने की यह पहली घटना नहीं है. इससे पहले भी अक्सर वेबसाइट ठप पड़ जाती थी. कभी-कभी वेबसाइट ठीक रहने पर भी प्रपत्र-2 का आवेदन ऑनलाइन नहीं हो पाता है. ‘सर्वर में जगह नहीं है’, इस तरह संदेश अंग्रेजी में लिखा आता है. केवल यही नहीं, आवेदन के साथ जरूरी दस्तावेज अपलोड करने की अधिकतम सीमा तीन एमबी है, लेकिन दो एमबी से थोड़ी अधिक के दस्तावेज की फाइल भी अपलोड नहीं होती. ऑनलाइन आवेदन नहीं होने से रैयत ऑफलाइन आवेदन करने सर्वे कार्य के शिविरों में जा रहे हैं. वहां दलालों का बोलबाला है और भ्रष्टाचार चरम पर है.

इसे भी पढ़ें: Bihar Teacher: सक्षमता परीक्षा पास शिक्षकों के लिए बड़ी खबर, इन चीजों में बदलाव के लिए 4 नवंबर तक करें आवेदन

डैशबोर्ड भी नहीं खुलता

राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग की वेबसाइट का हाल यह है कि पिछले करीब एक महीने से नागरिक सेवाएं के तहत दिये गये डैशबोर्ड का वेबसाइट https://parimarjan.bihar.gov.in/BiharBhumireport/dashboardrpt नहीं खुल रहा है. इसे खोलने पर Server Error in /biharBhumireport Application. दिखा रहा है.

Trending Video

विज्ञापन
Anand Shekhar

लेखक के बारे में

By Anand Shekhar

Dedicated digital media journalist with more than 2 years of experience in Bihar. Started journey of journalism from Prabhat Khabar and currently working as Content Writer.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन