समनपुरा में पिस्टल का भय दिखा दंपती से दिनदहाड़े छीनी सोने की चेन

Published by :NITISH KUMAR
Published at :04 May 2026 8:57 PM (IST)
विज्ञापन
समनपुरा में पिस्टल का भय दिखा दंपती से दिनदहाड़े छीनी सोने की चेन

पारस अस्पताल के पीछे की गली समनपुरा में बाइक सवार तीन बदमाशों ने सोमवार को दिनदहाड़े दंपती दामोदरन केपी व उनकी पत्नी से हथियार के बल पर सोने की चेन लूट ली और फरार हो गये.

विज्ञापन

संवाददाता, पटना : शास्त्रीनगर थाने के पारस अस्पताल के पीछे की गली समनपुरा में बाइक सवार तीन बदमाशों ने सोमवार को दिनदहाड़े दंपती दामोदरन केपी व उनकी पत्नी से हथियार के बल पर सोने की चेन लूट ली और फरार हो गये. घटना सुबह करीब 11 बजे हुई. घटना की तस्वीर सीसीटीवी कैमरे में कैद हाे गयी है. दामोदरन केपी समनपुरा में स्थित अलय फातिमा हई कॉलेज ऑफ नर्सिंग एंड टेक्नोलॉजी में प्रोफेसर कम प्रिंसिपल के रूप में काम करते हैं और समनपुरा में ही रहते हैं. वह मूल रूप से तमिलनाडु के रहने वाले हैं.

पत्नी के साथ जा रहे थे कॉलेज

दामोदरन पत्नी के साथ बाइक से कॉलेज जा रहे थे. उनकी पत्नी भी उसी कॉलेज में पोस्टेड हैं. इस दौरान कॉलेज गेट से 50 मीटर दूरी पर ही रुक गये. उनके पीछे से एक बाइक पर सवार तीन बदमाश पहुंचे. दो बदमाशों ने हेलमेट लगा रखा था, जबकि एक ने चेहरे को गमछे से ढक रखा था. एक बदमाश बाइक से नीचे उतरा और दामोदरन की पत्नी के गले से सोने की चेन छीनने लगा. लेकिन, उनकी पत्नी ने चेन अपने हाथ से पकड़ ली. दामोदरन ने भी बदमाश का विरोध किया, तो बाइक गिर गयी और उसमें उनकी पत्नी का एक पैर फंस गया. इसके बाद दामोदरन बदमाश से भिड़ गये और उसे पकड़ने की कोशिश की. लेकिन, बदमाशों ने उनके साथ मारपीट की और इतने में ही हेलमेट लगाये एक बदमाश ने पिस्टल निकाल कर तान दी, जिसके कारण दामोदरन को पीछे हटना पड़ा. इसके बाद गमछा लगाये बदमाश उनकी पत्नी से जबरन सोने की चेन छीन ली. इसके बाद हवा में पिस्टल लहराते हुए तीनों बाइक पर बैठ कर फरार हो गये. वहां पर दो-तीन और लोग मौजूद थे. लेकिन, किसी ने विरोध नहीं किया.

घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस पहुंची और इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज की जांच की. फुटेज देखने से एक बदमाश की तस्वीर पुलिस को हाथ लग गयी है, क्योंकि लूटपाट के दौरान उसका गमछा चेहरे से नीचे आ गया था. साथ ही बाइक के नंबर के आधार पर उन तीनों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है. सचिवालय डीएसपी टू साकेत कुमार ने बताया कि बदमाश तीन की संख्या में थे और चेन छीनने की बात सामने आयी है. कार्रवाई की जा रही है.

चेन स्नेचिंग की हो चुकी हैं कई घटनाएं

अप्रैल में राजीव नगर, शास्त्रीनगर, दीघा, पत्रकार नगर, कदमकुआं, गांधी मैदान, एयरपोर्ट इलाके में एक दर्जन से अधिक चेन स्नेचिंग की घटनाएं हो चुकी है. अधिकांश मामलों में पुलिस को सीसीटीवी कैमरे का फुटेज भी मिला. बदमाशों की तस्वीर भी हाथ लगी, लेकिन किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है. सिटी एसपी मध्य दीक्षा ने बढ़ती चेन स्नेचिंग की घटनाओं को लेकर तमाम केसों की समीक्षा की थी और घटनास्थल पर भी जाकर खुद जांच की थी, लेकिन बदमाश नहीं पकड़े जा सके हैं.

विज्ञापन
NITISH KUMAR

लेखक के बारे में

By NITISH KUMAR

NITISH KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन