ePaper

लॉ एंड ऑर्डर पर नीतीश की अफसरों को फटकार

Updated at : 29 Dec 2015 6:41 AM (IST)
विज्ञापन
लॉ एंड ऑर्डर पर नीतीश की अफसरों को फटकार

पटना : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को गृह विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान विधि-व्यवस्था को लेकर आला पुलिस अधिकारियों को जम कर फटकार लगायी और सख्त निर्देश भी दिये. हाल की कुछ आपराधिक वारदातों को लेकर मुख्यमंत्री इतने नाराज थे कि उन्होंने पुलिस महकमे की ओर से तैयार किया गया कोई भी प्रेजेंटेशन […]

विज्ञापन

पटना : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को गृह विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान विधि-व्यवस्था को लेकर आला पुलिस अधिकारियों को जम कर फटकार लगायी और सख्त निर्देश भी दिये. हाल की कुछ आपराधिक वारदातों को लेकर मुख्यमंत्री इतने नाराज थे कि उन्होंने पुलिस महकमे की ओर से तैयार किया गया कोई भी प्रेजेंटेशन नहीं देखा. कहा- मुझे आकड़े मत दिखाइए. मुझे रिजल्ट चाहिए. हर हाल में विधि-व्यवस्था को नियंत्रित कीजिए.

सीएम सचिवालय के संवाद कक्ष में आयोजित बैठक में नीतीश कुमार ने पुलिस महकमे को संगठित अपराध को समूल नष्ट करने का निर्देश दिया. कहा कि दरभंगा की घटना को पुलिस एक चुनौती के तौर पर ले और इसमें शामिल अपराधियों के खिलाफ तुरंत ठोस कार्रवाई की जाये. उन्होंने कहा कि राज्य में हर हाल में कानून का राज कायम रखने के लिए सरकार से कृत संकल्पित है.
अपराधी चाहे कितना भी बड़ा क्यों न हो, उसे बख्शा नहीं जायेगा. उन्होंने पुलिस को निर्देश दिया कि हर स्तर के अपराधियों के खिलाफ अभियान चला कर सख्त कार्रवाई की जाये, ताकि किसी तरह का अपराध करनेवाले किसी सूरत में नहीं बच सकें. बैठक में मुख्य सचिव अंजनी कुमार सिंह, गृह विभाग के प्रधान सचिव आमिर सुबहानी, डीजीपी पीके ठाकुर, विकास आयुक्त शिशिर सिन्हा, मुख्यमंत्री के सचिव चंचल कुमार व अतीश चंद्रा, ओएसडी गोपाल सिंह व अन्य अधिकारी मौजूद थे.
क्राइम एंड क्रिमिनल ट्रैकिंग नेटवर्क होगा विकसित
मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस महकमे के आधुनिकीकरण पर खासतौर से ध्यान दिया जायेगा. इसे हर तरह की अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस किया जायेगा और प्रभावकारी बनाया जायेगा.
अपराध और अपराधियों की ऑनलाइन ट्रैकिंग करने के लिए क्राइम एंड क्रिमिनल ट्रेकिंग नेटवर्क (सीसीटीएन) नामक सिस्टम को विकसित किया जायेगा. इसकी मदद से अपराध और अपराधियों की ऑनलाइन मॉनीटरिंग हो सकेगी. अपराध होने की स्थिति में इसके अनुसंधान में ज्यादा मशक्कत नहीं करनी पड़ेगी. इसमें हर तरह के अपराधी का कैटोगरी के आधार पर पूरा डाटाबेस मौजूद रहेगा. जरूरत पड़ने पर किसी थाना क्षेत्र से किसी भी अपराधी के बारे में जानकारी एकत्र की जा सकती है.
बंद होगा सायरन
मुख्यमंत्री ने कहा कि ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए सख्त कार्रवाई की जरूरत है. इसके मद्देनजर राज्य में राज्यपाल, हाइकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश, फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस को छोड़ कर अन्य किसी वाहनों में सायरन नहीं बजेगा. इसके अलावा उन्होंने बेमतलब या अत्याधिक हॉर्न बजाने पर भी कार्रवाई करने का निर्देश दिया.
प्रमुख स्थानों पर रहेगी कैमरे की नजर
अपराध नियंत्रण के लिए सभी नगर निगमवाले शहरों, प्रमुख सार्वजनिक स्थानों और अन्य संवेदनशील स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे लगाये जायेंगे. इसके लिए सीएम ने पुलिस को कार्ययोजना तैयार करने को कहा.
हर समय ये कैमरे चालू रहेंगे, ताकि किसी भी समय किसी तरह की अपराधिक घटना या अन्य घटना का विस्तृत ब्योरा रेकॉर्ड किया जा सके और इसके फूटेज का इस्तेमाल जांच में किया जा सके. सीएम ने एटीएस और एसटीएफ को ज्यादा सुदृढ़ करने की बात कही. सीएम ने विशेष शाखा को भी अधिक सुदृढ़ करने और इसके पुनर्गठन करने की बात प्रमुखता से करने की बात कही.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन