राज्य में बिजली के 250 पावर सब स्टेशन बनेंगे

राज्य में मिशन मोड में बिजली के 250 पावर सबस्टेशन बनाये जायेंगे. फिलहाल 1263 पावर सबस्टेशन कार्यरत हैं.
संवाददाता, पटना राज्य में मिशन मोड में बिजली के 250 पावर सबस्टेशन बनाये जायेंगे. फिलहाल 1263 पावर सबस्टेशन कार्यरत हैं. इन नये सब स्टेशनों के निर्माण से राज्य में बिजली का नेटवर्क और आपूर्ति बेहतर होगी. यह जानकारी ऊर्जा विभाग के मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने विधानसभा की दूसरी पाली में बजट पर चर्चा के बाद सरकार की तरफ से जवाब पेश करने के दौरान दी. साथ ही वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए ऊर्जा विभाग का 13 हजार 484 करोड़ 35 लाख 17 हजार रुपये का अनुदान मांग पेश किया, जो सदन में ध्वनिमत से पारित हो गया. इससे पहले ऊर्जा विभाग, मद्यनिषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग, योजना एवं विकास विभाग, विधि विभाग और गृह विभाग के बजट पर विपक्ष की तरफ से कटौती प्रस्ताव पेश किया गया. इसको लेकर सदन में चर्चा हुई. इसमें 16 सदस्यों ने अपने-अपने प्रस्ताव पेश किये. बिजली दरों में प्रति यूनिट 15 पैसे की कमी आयी: बिजेंद्र यादव ऊर्जा मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने कहा कि 41 पावर सबस्टेशन का निर्माण जून 2025 तक पूरा हो जायेगा. अन्य पावर सबस्टेशन के निर्माण की प्रक्रिया चल रही है. उन्होंने बताया कि जनवरी 2025 तक 1555 डेडिकेटेड कृषि फीडरों में 920 का निर्माण हो चुका है, अन्य कृषि फीडरों का निर्माण जून 2025 तक पूरा करने का लक्ष्य है. ऊर्जा मंत्री ने कहा कि वित्तीय वर्ष 2023-24 में राज्य के विद्युत उपभोक्ताओं के सहयोग से वितरण कंपनियों ने 15,109 करोड़ रुपये का रिकॉर्ड राजस्व संग्रहण किया. इससे 1,274 करोड़ रुपए का लाभ हुआ. इससे वर्तमान वित्तीय वर्ष में उपभोक्ताओं के बिजली दरों में प्रति यूनिट 15 पैसे की कमी आयी. राज्य सरकार लोगों को सस्ती बिजली देने के लिए प्रतिबद्ध है. स्मार्ट प्रीपेड मीटर और होल्डिंग कंपनी के पूर्व चेयरमैन संजीव हंस को लेकर विपक्ष के सवाल का जवाब देते हुए ऊर्जा मंत्री ने कहा कि यह मामला पटना हाइकोर्ट गया था. पटना हाइकोर्ट ने होल्डिंग कंपनी के स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगाने के निर्णय को सही ठहराया. इसके बाद मामला सुप्रीम कोर्ट गया तो वहां भी होल्डिंग कंपनी के निर्णय को सही ठहराया गया. इसके बाद इस मीटर को राज्य में लगाया जा रहा है. ऊर्जा मंत्री ने कहा कि बरौनी, कांटी, बाढ़, नवीनगर व कहलगांव सहित अन्य थर्मल पावर स्टेशन की कुल क्षमता 8,850 मेगावाट है. बाढ़ ताप विद्युत परियोजना की 660 मेगावाट क्षमता की एक नयी इकाई इस वर्ष से उत्पादन शुरू करेगी. पटना शहर के बिजली ढांचे की आधुनिकीकरण के लिए 296 करोड़ : ऊर्जा मंत्री ने कहा कि पटना शहर के बिजली ढांचे की आधुनिकीकरण के लिए 296 करोड़ की योजना को स्वीकृति दी गयी है, जिसका कार्य अगले वर्ष शुरू किया जाएगा. अक्षय ऊर्जा के विषय में ऊर्जा मंत्री ने कहा कि जल-जीवन-हरियाली अभियान के तहत अब तक 11,383 सरकारी भवनों पर 100 मेगावाट और 5,683 निजी भवनों पर 21 मेगावाट के रूफटॉप सोलर संयंत्र लगाये गये हैं. दरभंगा में 1.6 मेगावाट, सुपौल में 525 किलोवाट और फुलवरिया नवादा में 10 मेगावाट की फ्लोटिंग सौर परियोजनाएं कार्यरत हैं.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




