पटना : जल्द ही सभी जिलों में होंगे परीक्षा भवन : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार

Updated at : 28 Jan 2020 6:33 AM (IST)
विज्ञापन
पटना : जल्द ही सभी जिलों में होंगे परीक्षा भवन : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार

नौ प्रमंडलीय मुख्यालयों में परीक्षा भवन का उद्घाटन पटना में 25000 छात्रों की क्षमता वाला आधुनिक परीक्षा भवन जल्द पटना : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को पटना समेत नौ प्रमंडलीय मुख्यालयों में परीक्षा भवन सह बिहार बोर्ड के क्षेत्रीय कार्यालयों का उद्घाटन किया. मौके पर उन्होंने कहा कि पटना में जल्द ही 25 हजार […]

विज्ञापन

नौ प्रमंडलीय मुख्यालयों में परीक्षा भवन का उद्घाटन

पटना में 25000 छात्रों की क्षमता वाला आधुनिक परीक्षा भवन जल्द

पटना : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को पटना समेत नौ प्रमंडलीय मुख्यालयों में परीक्षा भवन सह बिहार बोर्ड के क्षेत्रीय कार्यालयों का उद्घाटन किया. मौके पर उन्होंने कहा कि पटना में जल्द ही 25 हजार परीक्षार्थियों की क्षमता वाला एक आधुनिक परीक्षा भवन का निर्माण पूरा हो जायेगा. इसके पास मौजूद तालाब का सौंदर्यीकरण करके यहां बड़ी संख्या में पेड़-पौधे लगाये जायेंगे, ताकि यह एक खूबसूरत स्थल के रूप में विकसित हो सके. नौ प्रमंडलीय मुख्यालयों के अलावा जल्द ही ऐसे परीक्षा भवन सभी जिलों में भी तैयार हो जायेंगे.

मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिवालय परिसर में मौजूद अधिवेशन भवन में आयोजित कार्यक्रम में बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (बिहार बोर्ड) के सात प्रोजेक्टों व सुविधाओं का उद्घाटन और शुभारंभ किया.

सीएम ने कहा कि देश के किसी प्रांत में इतनी बड़ी संख्या में छात्रों को एक साथ बैठकर परीक्षा देने के लिए आधुनिक भवन उपलब्ध नहीं होंगे. पटना में सभ्यता द्वार, सरदार पटेल भवन, अंतरराष्ट्रीय संग्रहालय समेत ऐसे अन्य कई ऑइकानिक भवन बन चुके हैं. यह परीक्षा केंद्र भी इन्हीं में एक होगा. मुख्यमंत्री ने बिहार बोर्ड को खासतौर से यह कहा कि तमाम आधुनिक तकनीकों का उपयोग करके परीक्षा के आयोजन को चुस्त-दुरुस्त करे. तकनीक का प्रयोग करके इस बात पर सख्त नजर होनी चाहिए कि किसी तरह की कोई गड़बड़ी नहीं हो. कुछ लोग इसमें भी ‘घचपच’ करने के फिराक में रहेंगे.

सभी 10वीं और 12वीं तक के स्कूलों में होगा कंप्यूटर

मुख्यमंत्री ने बिहार बोर्ड से कहा कि वह सिर्फ परीक्षा ही नहीं ले, बल्कि स्कूलों की मदद भी करे. राज्य के 10वीं और 12वीं तक के सभी स्कूलों में कम-से-कम एक कंप्यूटर और प्रिंटर के साथ निर्बाध बिजली की व्यवस्था मुहैया कराये. जहां छात्रों की संख्या ज्यादा है, वहां एक से ज्यादा कंप्यूटर की व्यवस्था करायी जाये.

मानव शृंखला के सभी फोटोग्राफ को छपवाये

सीएम ने कहा कि इस बार बनायी गयी मानव शृंखला में सभी प्रमुख स्थानों की फोटोग्राफी करायी गयी है. इन सभी को प्रिंट करवाकर इन्हें एकसाथ इकट्ठा करें. राज्य की 12 करोड़ की आबादी में पांच करोड़ 18 लाख लोग इसमें शामिल हुए, यह साधारण बात नहीं है. उन्होंने कहा कि जल-जीवन-हरियाली के समर्थन के अलावा नशामुक्ति, दहेज, बाल-विवाह समेत अन्य सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ चलाये जाने वाले व्यापक अभियान में शिक्षा विभाग की भूमिका बेहद अहम रहती है. इस बार के अभियान में भी उसकी भूमिका बेहद अहम रही.

कार्यक्रम को शिक्षा मंत्री कृष्णनंदन प्रसाद वर्मा, मुख्य सचिव दीपक कुमार और शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव आरके महाजन ने भी संबोधित किया. बिहार बोर्ड के अध्यक्ष आनंद किशोर ने स्वागत भाषण दिया. समारोह के दौरान िबहार बोर्ड पर बनी एक डॉक्यूमेंटरी िदखायी गयी.

बोले सीएम

सभी हाइस्कूलों व प्लस टू स्कूलों में एक-एक कंप्यूटर और प्रिंटर लगवायेगा बिहार बोर्ड

जिन स्कूलों में छात्रों की संख्या ज्यादा वहां लगाये जायेंगे एक से ज्यादा कंप्यूटर

सात प्रोजेक्ट्रों की शुरुआत

पटना, मुंगेर, गया, मुजफ्फरपुर, सहरसा, भागलपुर सारण, पूर्णिया व दरभंगा प्रमंडलों में परीक्षा भवन सह बिहार बोर्ड के क्षेत्रीय मुख्यालयों का उद्घाटन

बिहार बोर्ड के प्रशासनिक भवन का उद्घाटन

बिहार बोर्ड के इआरपी (इंटरप्राइजेज रिसोर्स प्लानिंग सिस्टम) का शुभारंभ

डाटा सेंटर का उद्घाटन

बीएसइबी मोबाइल एप को किया गया लांच

बीएसइबी क्विज और ओलंपियाड का शुभारंभ

छह हजार पंचायतों में नौवीं की पढ़ाई शुरू

सीएम कहा कि छह हजार पंचायतों में हाइस्कूलों की स्थापना हो गयी व इनमें पढ़ाई शुरू हो गयी है. शेष दो हजार से ज्यादा पंचायतों में अप्रैल से नौवीं तक की पढ़ाई शुरू हो जायेगी. इंटर तक लड़की पढ़ी होती है, तो प्रजनन दर 1.7% होती है. इसलिए आबादी नियंत्रण के लिए लड़कियों का पढ़ना बेहद जरूरी है.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन