ePaper

बिहार उपचुनाव परिणाम : एनडीए के लिए झटका तो आरजेडी के लिए उम्मीद की किरण

Updated at : 24 Oct 2019 10:21 PM (IST)
विज्ञापन
बिहार उपचुनाव परिणाम : एनडीए के लिए झटका तो आरजेडी के लिए उम्मीद की किरण

पटना : लोकसभा चुनाव में आश्चर्यजनक रूप से शानदार प्रदर्शन करने के महज पांच महीने बाद गुरुवार को बिहार विधानसभा उपचुनाव के नतीजों से राजग को झटका लगा है. राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) पांच सीटों में से केवल एक सीट पर जीत दर्ज कर पाया है. उपचुनाव के नतीजे राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के लिए […]

विज्ञापन

पटना : लोकसभा चुनाव में आश्चर्यजनक रूप से शानदार प्रदर्शन करने के महज पांच महीने बाद गुरुवार को बिहार विधानसभा उपचुनाव के नतीजों से राजग को झटका लगा है. राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) पांच सीटों में से केवल एक सीट पर जीत दर्ज कर पाया है. उपचुनाव के नतीजे राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के लिए खुशी के पल लेकर आए हैं क्योंकि पार्टी पांच में से दो सीटों पर जीत दर्ज करने में कामयाब हुई है. जबकि, हैदराबाद के सांसद असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) मुस्लिम बहुल किशनगंज सीट पर जीत दर्ज कर राज्य में उपस्थिति दर्ज कराने में कामयाब हुई है.

भाजपा के बागी प्रत्याशी करणजीत सिंह दरौंदा सीट से जीते हैं. जनता दल (यू) केवल नाथनगर सीट जीत सकी. पार्टी के प्रत्याशी लक्ष्मी कांत मंडल ने महज पांच हजार के मामूली अंतर से राजद की राबिया खातून को हराया. हालांकि, राजग को समस्तीपुर (सुरक्षित) लोकसभा सीट के लिए हुए उपचुनाव में आसान जीत मिली है. केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान के भतीजे प्रिंस राज ने कांग्रेस प्रत्याशी अशोक कुमार को करीब एक लाख मतों से हराया. यह सीट पासवान के छोटे भाई और दो बार सांसद रहे रामचंद्र पासवान के निधन से खाली हुई थी.

इस साल हुए लोकसभा चुनाव में राजग को 40 में से 39 सीटों पर जीत मिली थी, जबकि राजद खाता भी नहीं खोल सकी थी. राजद के नेतृत्व वाले महागठबंधन में कांग्रेस प्रत्याशी मोहम्मद जावेद एकमात्र किशनगंज सीट से जीत दर्ज कर सके. उल्लेखनीय है कि जिन पांच सीटों पर उपचुनाव हुए उनमें से चार भाजपा-जदयू गठबंधन के पास थी, जबकि एक सीट कांग्रेस के पास थी. ये सीटें विधायकों के लोकसभा के लिए निर्वाचित होने की वजह से खाली हुई थी.

सिमरी-बख्तियारपुर से राजद के जफर आलम ने अरुण कुमार को करीब 15 हजार मतों से हराया. बेलहर सीट पर राजद के रामदेव यादव ने 19,000 मतों से लालधारी यादव को हराया. ओवैसी की पार्टी एमआईएमआईएम ने अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले सभी को चौंकाते हुए किशनगंज सीट अपने नाम कर ली. पार्टी प्रत्याशी कमरुल होदा ने भाजपा की स्वीटी सिंह को 10,000 मतों से मात दी.

दरौंदा से जदयू ने कथित रूप से स्थानीय बाहुबली अजय सिंह को मैदान में उतारा था लेकिन उन्हें निर्दलीय के तौर पर मैदान में उतरे करणजीत सिंह उर्फ व्यास सिंह ने 27,000 मतों से हराया. करणजीत की पत्नी कविता लोकसभा चुनाव में जदयू की टिकट पर सिवान सीट से जीती थीं. करणजीत सीवान में भाजपा के उपाध्यक्ष थे, लेकिन इस सीट से जदयू प्रत्याशी उतारने की घोषणा के बाद निर्दलीय मैदान में उतरे. भाजपा ने मतदान से एक दिन पहले पार्टी से उन्हें निकाल दिया था. बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने खुशी जताई. उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘दोस्तों, बिहार विधानसभा उपचुनाव के नतीजे भी आए हैं.’

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन