36.1 C
Ranchi

BREAKING NEWS

Trending Tags:

Advertisement

नीतीश कुमार की पार्टी जदयू ने झारखंड के संताल परगना की 5 सीटों पर प्रत्याशियों का किया एलान

आनंद जायसवाल दुमका : बिहार में सत्तारूढ़ नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल यूनाइटेड (जदयू) ने झारखंड के संताल परगना की पांच सुरक्षित सीटों से चुनाव लड़ने की घोषणा कर दी है. जदयू के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष सालखन मुर्मू ने रविवार को अपने पांच संभावित उम्मीदवारों का भी एलान कर दिया. उन्होंने कहा कि प्रदेश […]

आनंद जायसवाल

दुमका : बिहार में सत्तारूढ़ नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल यूनाइटेड (जदयू) ने झारखंड के संताल परगना की पांच सुरक्षित सीटों से चुनाव लड़ने की घोषणा कर दी है. जदयू के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष सालखन मुर्मू ने रविवार को अपने पांच संभावित उम्मीदवारों का भी एलान कर दिया. उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष सालखन मुर्मू खुद शिकारीपाड़ा से चुनाव लड़ेंगे. प्रो सुजीत कुमार सोरेन को जामा से, प्रो ईश्वर मरांडी को महेशपुर से, लूकस हांसदा को बोरियो से, और मार्शल ऋषिराज टुडू को दुमका से जदयू का प्रत्याशी बनाया जायेगा.

इस अवसर पर श्री मुर्मू ने झारखंड में सत्तासीन भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साथ-साथ मुख्य विपक्षी दल झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) को भी आड़े हाथ लिया. श्री मुर्मू ने कहा कि झारखंड की सरकार खुद को डबल इंजन वाली विकास की सरकार कहती है, जबकि असल में यह डबल इंजन वाली विनाश की पार्टी है. इसका काम है जल, जंगल, जमीन और जीवन को बर्बाद करना और झारखंड की खनिज संपदा को लूटकर उद्योगपतियों को सौंपना. आदिवासियों और मूलवासियों को उजाड़ना.

जदयू प्रदेश अध्यक्ष ने यह सरकार स्कूलों को बंद कर रही है और शराब की दुकानें खोल रही है. इतना ही नहीं, यह सरकार ईसाई आदिवासी और मुसलमानों को खा जाने की नीयत से संविधान और कानून का उल्लंघन करती है. मॉब लिंचिंग और भ्रष्टाचार के लिए आज झारखंड पूरी तरह बदनाम हो चुकी है. सालखन मुर्मू ने मुख्य विपक्षी दल झामुमो को भी खूब खरी-खोटी सुनायी. कहा कि यह डबल नकारा पार्टी है. इसके दो नेता तो हैं, लेकिन काम जीरो है.

श्री मुर्मू ने कहा कि गुरुजी ने 40 साल तक आदिवासियों के सबसे ज्यादा वोट लिये. उन्होंने ही आदिवासियों के साथ सबसे ज्यादा धोखा किया है. उन्हें लोगों को बताना चाहिए कि उन्होंने आदिवासियों के लिए अब तक क्या काम किये. उन्होंने खुद सीएनटी-एसपीटी एक्ट का उल्लंघन किया. सरना कोड नहीं बनाया. झारखंड की अपनी स्थानीय नीति की बात करते थे. लेकिन, जब सत्ता में आये तो स्थानीय नीति नहीं बनायी. श्री मुर्मू ने आगे कहा कि झामुमो ने सत्ता में आने के बाद पंचायतों को सशक्त नहीं बनाया.

सालखन ने कहा कि आदिवासियों, ईसाई आदिवासियों और मुसलमानों की रक्षा ये लोग नहीं कर सकते. इसलिए जदयू ने राज्य में चुनाव लड़ने का मन बनाया है. उन्होंने कहा कि जदयू झारखंड में विकल्प बनेगी. भाजपा और झामुमो ने लोगों को ठगा है. प्रदेश का विकास नहीं किया. इसलिए हमारा नारा है : ‘नीतीश मॉडल लाओ, झारखंड बचाओ’.

जदयू प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जिस बिहार में बालू और आलू के सिवा कुछ नहीं होता, उस प्रदेश में नीतीश कुमार ने अपने सुशासन के दम पर तेजी से विकास किया है. आज बिहार की जीडीपी 11 फीसदी है. उन्होंने कहा कि जब वह नीतीश मॉडल की बात करते हैं, तो इसमें सुशासन की बात होगी, महिला सशक्तीकरण समेत तमाम विकास के मॉडल की बात करते हैं. नीतीश कुमार ने बिहार के जंगल के कानून को संविधान का कानून स्थापित किया है.

10-11 अक्टूबर को झारखंड में जदयू की जनभावना यात्रा

सालखन मुर्मू ने पत्रकारों को बताया कि 10 और 11 अक्टूबर को जनता दल यूनाइटेड की ओर से जनभावना यात्रा निकाली जायेगी. इसमें वह लोगों को बतायेंगे कि वह झारखंड प्रदेश में विकल्प बनने के लिए चुनाव लड़ रहे हैं. उनका किसी भी दल से गठबंधन नहीं है. वे भाजपा और झामुमो दोनों के खिलाफ अपने प्रत्याशी उतारेंगे. जदयू प्रदेश अध्यक्ष श्री मुर्मू ने बताया कि 10 अक्टूबर महगामा और गोड्डा विधानसभा क्षेत्र में जनभावना यात्रा निकलेगी. यहां सभा भी होगी. वहीं, 11 अक्टूबर को दुमका और शिकारीपाड़ा में यात्रा निकाली जायेगी.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Advertisement

अन्य खबरें