पटना : सीएम का शिक्षा विभाग को जल्द नीति बनाने का आदेश

पटना : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि किसी कोर्स या विषय में स्वर्ण पदक जीतने वाली लड़कियों को सरकार सम्मानित करेगी. इसके लिए उन्होंने शिक्षा विभाग से जल्द नीति तैयार करने के लिए कहा है. उन्होंने शिक्षा विभाग से कहा कि अगर इसमें किसी तरह की दिक्कत है, तो मुख्यमंत्री राहत कोष से इसके […]
पटना : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि किसी कोर्स या विषय में स्वर्ण पदक जीतने वाली लड़कियों को सरकार सम्मानित करेगी. इसके लिए उन्होंने शिक्षा विभाग से जल्द नीति तैयार करने के लिए कहा है. उन्होंने शिक्षा विभाग से कहा कि अगर इसमें किसी तरह की दिक्कत है, तो मुख्यमंत्री राहत कोष से इसके लिए राशि देंगे.
मुख्यमंत्री शुक्रवार को पटना स्थित मगध महिला कॉलेज के वार्षिक समारोह को संबोधित कर रहे थे. इस दौरान उन्होंने अलग-अलग विषयों की टॉपर छात्राओं को गोल्ड मेडल और चेक देकर सम्मानित किया. सीएम ने छात्राओं से कहा कि वे समाज में असहिष्णुता और कटुता के वातावरण को दूर करने की पहल करें. अगर लड़कियों ने समाज में सकारात्मक वातावरण तैयार करने की पहल शुरू कर दी, तो बदलाव अवश्य आ जायेगा.
उन्होंने कहा कि आज समाज में कुछ लोग सिर्फ कटुता फैलाने का ही काम कर रहे हैं. इससे बचने की जरूरत है. हर किसी को अपना धर्म और विचार मानने की स्वतंत्रता है. किसी दूसरे के धर्म और विचार पर कुठाराघात नहीं करना चाहिए. सौहार्द का वातावरण बनाने और इसके लिए पहल करने का काम युवा पीढ़ी का ही है.
युवाओं को सोशल मीडिया का उपयोग कर समाज में प्रेम और सौहार्द का वातावरण कायम करने की अपील की. इस मौके पर उन्होंने महिला उत्थान और सशक्तीकरण के लिए चलाये जाने वाली तमाम योजनाओं का जिक्र किया. इनमें साइकिल, पोशाक, छात्रवृत्ति, कन्या उत्थान समेत अन्य संबंधित योजनाएं शामिल हैं.
किसी बच्ची के जन्म लेने से लेकर ग्रेजुएट होने तक विभिन्न योजनाओं के माध्यम से 54 हजार 100 रुपये का लाभ मिलता है. ग्रेजुएशन पास होने वाली लड़कियों को 25 हजार रुपये दिये जाते हैं. मगध महिला कॉलेज की 650 लड़कियों के बैंक खाते में इस बार रुपये दिये गये हैं. उन्होंने कहा कि सभी लड़की कम से कम इंटर पास हो जायेगी, तो राज्य की प्रजनन दर भी कम हो जायेगी. हर 10 साल बाद जनगणना होने पर आबादी में 25 फीसदी की बढ़ोतरी हो जाती है. इसे नियंत्रित करने का सबसे सशक्त तरीका लड़कियों को पढ़ाना है.
यहीं से पढ़ी थीं पत्नी और छोटी बहन
सीएम ने मगध महिला कॉलेज से अपनी यादों को जोड़ते हुए कहा कि यहीं से उनकी पत्नी और छोटी बहन ने पढ़ाई की है. जब वह इंजीनियरिंग कॉलेज में पढ़ते थे, तब यहां चुनाव प्रचार करने भी आते थे. उन्होंने कहा कि यह जगह खास और एेतिहासिक है. बिहार के इतिहास का केंद्र सभ्यता द्वार, सम्राट अशोक केंद्र समेत अन्य बगल में हैं.
पीएमसीएच में पांच हजार बेड का अंतरराष्ट्रीय स्तर का हॉस्पिटल बन रहा है. ऐसे में इस कॉलेज को कैसे छोड़ा जा सकता है, इसके भवन को भी आइकॉनिक बनाया जायेगा. इसकी पहल भी जल्द ही शुरू की जायेगी. इस भवन का मूल्यांकन कराया जायेगा, इसके बाद इसका निर्माण शुरू होगा. ताकि मगध महिला कॉलेज का भवन भी दर्शनीय हो जाये.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




