बैंक नहीं पहुंचे तो खुला राज, गोमिया में बैंक कर्मी की कमरे में मिली लाश

Updated:
विज्ञापन

घटनास्थल की जांच करती पुलिस की टीम. फोटो: प्रभात खबर

Bokaro News: बोकारो के गोमिया में बैंक ऑफ बड़ौदा के कर्मचारी विनय कुमार सिंह चौधरी का शव बंद कमरे से बरामद हुआ. ड्यूटी पर नहीं पहुंचने के बाद घटना का खुलासा हुआ. परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए एसआईटी जांच और दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है. इससे जुड़ी खबर नीचे पढ़ें.

विज्ञापन

बेरमो से राकेश वर्मा की रिपोर्ट

Bokaro News: झारखंड के बोकारो जिले के गोमिया में मंगलवार को बैंक ऑफ बड़ौदा के एक कर्मचारी की संदिग्ध परिस्थिति में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान 38 वर्षीय विनय कुमार सिंह चौधरी के रूप में हुई है, जो बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा में ग्राहक सेवा सहायक के पद पर कार्यरत थे. उनका शव गोमिया कोठीटांड स्टेशन रोड स्थित किराए के मकान के बंद कमरे से बरामद किया गया. विनय कुमार सिंह चौधरी पिंडराजोड़ा थाना क्षेत्र के कांड्रा गांव के रहने वाले थे और गोमिया में सेवानिवृत्त शिक्षक ललन माली के मकान में किराए पर रहते थे. घटना की जानकारी मिलने के बाद इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई.

आपके शहर में

विज्ञापन

ड्यूटी पर नहीं पहुंचे तो बढ़ी चिंता

बैंक शाखा प्रबंधक डालचंद कुमार महतो ने बताया कि मंगलवार को विनय निर्धारित समय पर बैंक नहीं पहुंचे. बैंक कैश की चाबी भी उनके पास ही थी. काफी देर तक इंतजार करने के बाद बैंक कर्मियों ने उन्हें कई बार फोन किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला. इसके बाद एक कर्मचारी को उनके किराए के मकान पर भेजा गया. वहां पहुंचने पर कमरा अंदर से बंद मिला. काफी आवाज लगाने के बावजूद अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई. मामले की गंभीरता को देखते हुए शाखा प्रबंधक अन्य कर्मचारियों के साथ मौके पर पहुंचे. धक्का देने पर कमरे का दरवाजा खुल गया. अंदर का दृश्य देखकर सभी स्तब्ध रह गए. विनय कुमार सिंह चौधरी बेड पर मृत अवस्था में पड़े थे. इसके तुरंत बाद मकान मालिक और पुलिस को सूचना दी गई.

शराब की बोतल और आपत्तिजनक सामग्री मिलने की चर्चा

सूचना मिलने के बाद गोमिया थाना प्रभारी प्रफुल्ल महतो, एसआई अखिलेश कुमार और एसआई अरुण कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए तेनुघाट अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया. कमरे की तलाशी के दौरान शराब की बोतल और मृतक की जेब से कुछ आपत्तिजनक सामग्री मिलने की चर्चा सामने आई है. हालांकि पुलिस ने अब तक बरामद सामान को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. घटना के बाद पुलिस ने कमरे को सील कर जांच शुरू कर दी है. आसपास के लोगों और बैंक कर्मचारियों से भी पूछताछ की जा रही है.

परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतक के भाई सुख सागर सिंह चौधरी और रमेश कुमार सिंह चौधरी मौके पर पहुंचे. परिजनों ने मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है. परिवार का कहना है कि कमरे की स्थिति और शव की हालत देखकर मामला सामान्य नहीं लग रहा. परिजनों ने पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है. उन्होंने कहा कि मामले के खुलासे के लिए समाज स्तर पर बड़ी बैठक आयोजित की जाएगी. साथ ही पुलिस अधीक्षक से मिलकर जल्द कार्रवाई की मांग की जाएगी. परिजनों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द खुलासा नहीं हुआ तो उग्र आंदोलन किया जाएगा.

एसआईटी गठन और फॉरेंसिक जांच कराने की मांग

परिजनों ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच दल यानी एसआईटी गठित करने की मांग की है. उन्होंने कहा कि एफएसएल टीम, डॉग स्क्वायड और सीसीटीवी फुटेज की मदद से वैज्ञानिक तरीके से जांच कराई जानी चाहिए. परिवार का कहना है कि अज्ञात अपराधियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाए और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाया जाए. उन्होंने पुलिस प्रशासन से सुरक्षा की भी मांग की है.

इसे भी पढ़ें: जमशेदपुर के एमजीएम कॉलेज की लाइब्रेरी में बैट्री किया ब्लास्ट, मची अफरा-तफरी

पुलिस सभी बिंदुओं पर कर रही जांच

थाना प्रभारी प्रफुल्ल महतो ने कहा कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है. पुलिस आत्महत्या, हत्या और अन्य सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. उन्होंने बताया कि मकान मालिक, पड़ोसियों और बैंक कर्मियों से पूछताछ जारी है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी. फिलहाल गोमिया पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच में जुटी हुई है. घटना के बाद बैंक कर्मियों और स्थानीय लोगों में शोक और चिंता का माहौल है.

इसे भी पढ़ें: रंका सीएचसी को अनुमंडलीय अस्पताल बनाने की मांग तेज, स्वास्थ्य मंत्री को सौंपा गया ज्ञापन

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola