पटना : समाजवादी आंदोलन से निकले लोगों में एकमात्र प्रामाणिक नेता हैं नीतीश : हरिवंश
Author :Prabhat Khabar Digital Desk
Published by :Prabhat Khabar Digital Desk
Updated at :24 Oct 2018 7:54 AM
विज्ञापन

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पुस्तक का विमोचन पटना : राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश ने कहा कि नीतीश कुमार समाजवादी आंदोलन से निकले लोगों में एकमात्र प्रामाणिक नेता हैं, जिन पर परिवारवाद या भ्रष्टाचार का आरोप नहीं है. राजनीतिक दूरदर्शिता की बदौलत विपक्ष में भी इनकी समान लोकप्रियता है. नीतीश कुमार ने उस बिहार को दोबारा […]
विज्ञापन
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पुस्तक का विमोचन
पटना : राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश ने कहा कि नीतीश कुमार समाजवादी आंदोलन से निकले लोगों में एकमात्र प्रामाणिक नेता हैं, जिन पर परिवारवाद या भ्रष्टाचार का आरोप नहीं है. राजनीतिक दूरदर्शिता की बदौलत विपक्ष में भी इनकी समान लोकप्रियता है. नीतीश कुमार ने उस बिहार को दोबारा खड़ा किया, जिसके बारे में अर्थशास्त्री तक कहते थे कि इसको कोई बदल नहीं सकता. जो बिहार कभी देश पर बोझ था, उसने आज देश के रथ को आगे खींचना शुरू कर दिया है.
अर्थशास्त्रियों की रिपोर्ट में भी यह प्रमाणित हुआ है कि बिहार की औसत विकास दर देश की औसत विकास दर से भी अधिक रही है. हरिवंश मंगलवार को बिहार विधान परिषद के उपभवन सभागार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के संसदीय भाषणों के संकलन पर आधारित पुस्तक ‘संसद में विकास की बातें’ के विमोचन के बाद समारोह को संबोधित कर रहे थे.
बदलते ट्रेंड के बीच संसद में उठाये ज्वलंत मुद्दे
हरिवंश ने कहा कि 1990 के बाद देश बड़े बदलाव के दौर से गुजरा है. ऐसे वक्त जब वाद-विवाद का स्तर गिर रहा था, नीतीश ने गहराई से उन मुद्दों को उठाया, जो भविष्य के लिए बड़े सवाल हैं. संसद में उनकी दो छवियां थीं.
एक बिहार के प्रति भावनात्मक लगाव और दूसरा देश की चिंता करने वाले सांसद का. वे सवाल ही नहीं उठाते, बल्कि उसका रास्ता भी बताते हैं. उपसभापति ने कहा कि नीतीश ने अपने भाषणों के माध्यम से समाज के उन कमजोर वर्गों की भी चिंता की, जिनका वोट बहुत अधिक महत्व नहीं रखता.
शायद ही कोई खींच पाये नीतीश से बड़ी लकीर : मोदी
उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने कहा कि मुख्यमंत्री के तौर पर नीतीश कुमार ने इतनी बड़ी लकीर खींच दी है, जिसकी बराबरी अगले 20-25 वर्षों में भी कोई न कर पाये. पीएम नरेंद्र मोदी की तरह ही नीतीश कुमार में भी निर्णय लेने का साहस है.
पंचायत चुनाव में महिलाओं को 50% आरक्षण देने और शराबबंदी जैसे असाधारण निर्णय लेने की हिम्मत नीतीश कुमार में ही है. नीतीश कुमार ने केवल मुख्यमंत्री, बल्कि रेल मंत्री के तौर पर भी बेंचमार्क स्थापित किया.
आमतौर पर यह धारणा थी कि विकास कार्यों से वोट नहीं मिलता है, मगर नीतीश कुमार ने यह साबित कर दिया कि विकास से ही वोट मिलता है. नीतीश कुमार के कार्यकाल को इतिहास हमेशा याद रखेगा. मोदी ने कहा कि लोकसभा या विधानसभा में दिया गया भाषण अपने समय का दर्पण होता है. इस पुस्तक में नीतीश कुमार के संसद में दिये गये भाषणों का संकलन हैं.
मगर पिछले 12-13 वर्षों में मुख्यमंत्री के तौर पर विधानसभा और विधान परिषद में उनके दिये गये भाषणों का एक दूसरा संस्करण भी प्रकाशित होना चाहिए. नीतीश कुमार के साथ काम करने वाले लोग अपने अनुभवों के आधार पर इस तरह की पुस्तक का तीसरा संस्करण निकालेंगे.
आधुनिक बिहार के विश्वकर्मा हैं नीतीश : चौधरी
बिहार विधानसभा के अध्यक्ष विजय कुमार चौधरी ने कहा कि नीतीश कुमार आधुनिक बिहार के विश्वकर्मा हैं. उनके कार्यकाल में हो रहे निर्माण देश-विदेश के लोगों के लिए नजीर साबित हो रहे हैं.
उन्होंने कहा कि वैसे समय में जब सदन के अंदर विमर्श और वाद-विवाद के स्तर में गिरावट आ रही है, नीतीश के संसदीय भाषणों से संकलित यह किताब राजनीतिक नवांगतुकों के लिए बेहद उपयोगी साबित होगी. चौधरी ने नीतीश कुमार की शासन शैली की प्रशंसा करते हुए कहा कि विधि-व्यवस्था और सांप्रदायिक तनाव जैसे मामलों में इनकी संवेदनशीलता से काफी कुछ सीख मिलती है. कोई भी ईमानदार राजनीतिक कार्यकर्ता इनकी प्रशासनिक क्षमता पर सवाल नहीं खड़े कर सकता.
समारोह को बिहार विधान परिषद के सभापति हारूण रशीद, ऊर्जा मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार और जदयू के प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह ने भी संबोधित किया. स्वागत भाषण प्रभात प्रकाशन के प्रबंधक पीयूष कुमार ने, जबकि संचालन विधान पार्षद प्रो रामवचन राय ने किया.
पुस्तक का संकलन करने वाले लेखक नरेंद्र पाठक ने बताया कि इसमें नीतीश कुमार के 1989 से 2005 तक सांसद व केंद्रीय मंत्री रहते 2044 डिबेट संकलित किये गये हैं. उन्होंने कहा कि नीतीश ने संसद में दिये गये अपने भाषणों को मुख्यमंत्री बनने पर जमीन पर उतारा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Tags
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन










