आैरंगाबाद : हार्डकोर नक्सली गिरफ्तार, कहा- 2014 के लोकसभा चुनाव में पुलिस पार्टी को उड़ाने की थी योजना

औरंगाबाद : जिले की पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है. पुलिस ने भाकपा माओवादी के हार्डकोर नक्सली को गिरफ्तार करने के साथ भारी मात्रा में विस्फोटक भी बरामद किया है. गिरफ्तार नक्सली ने पूछताछ में खुलासा किया है कि वर्ष 2014 में हुए लोकसभा चुनाव में औरंगाबाद ही नहीं, बल्कि पूरे बिहार को दहलाने की […]
औरंगाबाद : जिले की पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है. पुलिस ने भाकपा माओवादी के हार्डकोर नक्सली को गिरफ्तार करने के साथ भारी मात्रा में विस्फोटक भी बरामद किया है. गिरफ्तार नक्सली ने पूछताछ में खुलासा किया है कि वर्ष 2014 में हुए लोकसभा चुनाव में औरंगाबाद ही नहीं, बल्कि पूरे बिहार को दहलाने की साजिश भाकपा माओवादी के नक्सलियों ने रची थी. हालांकि, चुनाव से पहले नक्सलियों की गिरफ्तारी किये जाने से उनकी योजना पर पानी फिर गया था. गिरफ्तार नक्सली की निशानदेही पर पुलिस ने रखे गये भारी मात्रा में विस्फोटक को बरामद कर लिया है.
जानकारी के मुताबिक, सलैया थाने की पुलिस ने सीआरपीएफ जवानों के साथ नक्सली कमांडर आशुतोष यादव के सहयोगी और हार्डकोर नक्सली रामजी भुइंया को गिरफ्तार किया है. गया जिले के गुरुआ थाने के महादेव स्थान निवासी रामजी की निशानदेही पर पुलिस ने टिकवा स्थान के पास चाल्हो पहाड़ी से भारी मात्रा में विस्फोटक, लेवी की रसीद, नक्सली साहित्य सहित अन्य सामान जब्त किया है. इस संबंध में एसडीपीओ अनूप कुमार ने बताया कि गिरफ्तार नक्सली रामजी भुइंया की निशानदेही पर मदनपुर इंस्पेक्टर श्याम किशोर सिंह, सीआरपीएफ 153 बटालियन के सहायक कमांडेंट बी श्रवण कुमार, सलैया थानाध्यक्ष अंजय चौधरी, सब इंस्पेक्टर सत्येंद्र शर्मा की टीम ने चाल्हो जोन में छापेमारी की. इस दौरान पहाड़ी पर जमीन में दबा कर रखे गये विस्फोटकों, हथियारों और अन्य सामान को जब्त किया. इनमें 22 पीस डेटोनेटर,100 मीटर वायर, डबल बैरल गन, एलइडी स्विच, दो कारतूस, पिस्टल, मैगजीन पाउच, फ्लैश कैमरा, दो किलो विस्फोटक पाउडर, 500 ग्राम विस्फोटक मेटेरियल, 200 एमएल केमिकल, लेवी रसीद, नक्सली साहित्य, नक्सली मैनुअल बुक सहित कई आपत्तिजनक सामान जब्त किया गया है.
पिछले लोकसभा चुनाव में विस्फोट करने के लिए जमा किये गये थे विस्फोटक
पुलिस द्वारा पूछताछ किये जाने पर गिरफ्तार नक्सली रामजी ने खुलासा किया कि वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव में औरंगाबाद ही नहीं, बल्कि पूरे बिहार को दहलाने की साजिश भाकपा माओवादी के नक्सलियों ने रची थी. हालांकि, कुछ खूंखार नक्सलियों के गिरफ्तार होने के बाद उनकी योजना पर पानी फिर गया था. नक्सली रामजी भुइंया की निशानदेही पर ही पहाड़ी पर जमीन में दबा कर रखे गये सारे विस्फोटक और हथियार पुलिस ने जब्त कर लिया है.
मगध जोन की मिली आय-व्यय रिपोर्ट
चाल्हो जोन से जब्त सामान में पुलिस को मिली लेवी की रसीद से खुलासा हुआ है कि नक्सलियों को किसने और कितना लेवी दिया है या देना है. इसमें दर्जनों लोगों के नाम और राशि अंकित है. साथ ही जब्त सामान में मगध जोन के आय-व्यय की रिपोर्ट भी पुलिस को हाथ लगी है. लेवी की रसीद से खुलासा हो रहा है कि किस जिले में किस काम के लिए कितने खर्च किये गये. अभी और कितना किस मद में खर्च करना है. किसे कितने पैसे देने हैं. जानकारी के मुताबिक, ऐसा पहली बार हुआ है कि नक्सलियों के आय-व्यय की रिपोर्ट पुलिस के हाथ लगी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




