रजौली में ननिहाल आया युवक 28 जुलाई से लापता, परिजनों ने थाने में दिया आवेदन

फोटो:- लापता युवक अभिषेक कुमार | Prabhat Khabar Network
रजौली थाना क्षेत्र के तिलैया गांव से 28 जुलाई से 20 वर्षीय युवक अभिषेक कुमार लापता है. ननिहाल से निकले अभिषेक का कोई सुराग नहीं मिलने पर परिजनों ने पुलिस से गुहार लगाई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
Nawada News : रजौली थाना क्षेत्र के तिलैया गांव से 20 वर्षीय युवक बीते 28 जुलाई से लापता है. परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है.
ननिहाल से निकला, फिर नहीं लौटा
लापता युवक की पहचान गया जिले के वजीरगंज थाना क्षेत्र के धरमपुर गांव निवासी अभिषेक कुमार (20) के रूप में हुई है. वह इन दिनों अपने ननिहाल तिलैया गांव में रह रहा था. परिजनों के अनुसार 28 जुलाई को दोपहर करीब 12 बजे वह घर से निकला था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा.
काफी खोजबीन के बाद पुलिस से लगाई गुहार
युवक के पिता उपेंद्र दास ने बताया कि रिश्तेदारों, दोस्तों और आसपास के कई गांवों में काफी तलाश की गई, लेकिन अब तक उसका कोई सुराग नहीं मिला. इसके बाद रजौली थाना में लिखित आवेदन देकर बेटे की बरामदगी की गुहार लगाई गई.
पुलिस ने शुरू की जांच
थानाध्यक्ष रणजीत कुमार ने बताया कि आवेदन मिलते ही मामले की जांच शुरू कर दी गई है. युवक की तलाश के लिए संभावित स्थानों पर छानबीन की जा रही है. आसपास के थानों को भी सूचना दे दी गई है तथा तकनीकी पहलुओं की भी जांच की जा रही है.
जानकारी मिलने पर पुलिस को दें सूचना
परिजनों के अनुसार अभिषेक कुमार की लंबाई लगभग 5 फीट 5 इंच है और उसके चेहरे पर हल्की दाढ़ी है. घर से निकलते समय उसने सफेद शर्ट और नीले रंग का ट्राउजर पहन रखा था. पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी को युवक के संबंध में कोई जानकारी मिले तो तत्काल रजौली थाना या नजदीकी पुलिस थाना को सूचित करें.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










