सावन की शुरुआत पर शिवमय हुआ शहर, सजे शिवालयों में गूंजे हर-हर महादेव के जयकारे

भजन करती महिलाएं सजा हुआ गोवर्धन मंदिर का शिवालय सजा हुआ साहब कोठी मंदिर का शिवालय सज धज कर तैयार सोमनाथ मंदिर का | Prabhat Khabar Network
सावन माह के आगमन के साथ ही नवादा शहर पूरी तरह शिव भक्ति में लीन हो गया. प्रमुख शिवालयों को सजाया गया है और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जलाभिषेक के लिए उमड़ पड़ी है. महिला मंडलियों द्वारा भजन-कीर्तन से माहौल और भी भक्तिमय हो गया है.
Nawada News : सावन माह की शुरुआत के साथ ही शहर पूरी तरह शिवमय हो गया. शहर के प्रमुख शिवालयों को आकर्षक ढंग से सजाया गया है, जबकि सुबह से ही जलाभिषेक और पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं. शोभनाथ मंदिर, साहेब कोठी शिव मंदिर, गोवर्धन शिव मंदिर सहित अन्य शिवालयों में हर-हर महादेव और ऊँ नमः शिवाय के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा.
महिला मंडली ने भजन-कीर्तन से बांधा समां
सावन के पहले दिन शहर के विभिन्न मंदिरों में महिला मंडलियों ने भजन-कीर्तन का आयोजन किया. साहेब कोठी शिव मंदिर में रूबी देवी, नीलम देवी, शांति देवी, किरण देवी, उषा देवी, प्रभा देवी, रीता देवी, निर्मला देवी, सुधा देवी सहित अन्य महिलाओं ने भगवान भोलेनाथ की आराधना में भक्ति गीत प्रस्तुत किए. महिला मंडली के सदस्यों ने बताया कि सावन भर प्रतिदिन अलग-अलग मंदिरों में भजन-कीर्तन का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे.
सुबह से देर शाम तक उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
सावन के पहले दिन सुबह और शाम दोनों समय शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही. श्रद्धालु गंगाजल, दूध, बेलपत्र और पुष्प अर्पित कर भगवान शिव का जलाभिषेक करते नजर आए. मंदिर परिसरों में "हर-हर महादेव", "जय भोलेनाथ" और "ऊँ नमः शिवाय" के जयघोष लगातार गूंजते रहे. गोवर्धन शिव मंदिर के पुजारी विजय पांडे ने बताया कि इस वर्ष सावन 28 अगस्त तक रहेगा तथा पूरे माह में चार सोमवारी पड़ेंगी. पहली सोमवारी 3 अगस्त, दूसरी 10 अगस्त, तीसरी 17 अगस्त और चौथी 24 अगस्त को होगी.
सोमवारी पर श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्था
मंदिर प्रबंधन की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं. सभी प्रमुख शिवालयों में नियमित आरती के साथ सावन की प्रत्येक सोमवारी पर अतिरिक्त व्यवस्था की गई है, ताकि श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े. मंदिरों में सुरक्षा, साफ-सफाई और दर्शन की व्यवस्था को भी सुव्यवस्थित किया गया है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










