नवादा में फोरलेन पर रॉन्ग साइड दौड़ रहे हाइवा, हर दिन हादसे का बढ़ रहा खतरा

Updated:
विज्ञापन

रॉन्ग साइड से तेज रफ्तार में चल रहे हाइवा से हादसे का बढ़ा खतरा

Nawada News : अकबरपुर फोरलेन पर रॉन्ग साइड से आ रहे हाइवा और भारी वाहनों के कारण यात्रियों को भारी परेशानी हो रही है. प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की गई है.

विज्ञापन

Nawada News : जिले के फोरलेन मार्ग पर इन दिनों रॉन्ग साइड से हाइवा और अन्य भारी वाहनों के आवागमन के कारण यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. निर्धारित लेन की बजाय विपरीत दिशा से गुजर रहे भारी वाहनों की वजह से आए दिन जाम की स्थिति बन रही है. साथ ही तेज रफ्तार हाइवा के कारण दोपहिया और छोटे वाहन चालकों पर दुर्घटना का खतरा लगातार मंडरा रहा है.

यातायात नियमों की अनदेखी से बढ़ रहा जोखिम

स्थानीय यात्रियों का कहना है कि फोरलेन का निर्माण सुरक्षित और सुगम यातायात के उद्देश्य से किया गया था, लेकिन कुछ भारी वाहन चालक नियमों की अनदेखी करते हुए रॉन्ग साइड से वाहन चला रहे हैं. खासकर हाइवा और अन्य भारी वाहन जब विपरीत दिशा से आते हैं तो सामने से आ रहे छोटे वाहनों को अचानक सड़क के किनारे होना पड़ता है. इससे कई बार दुर्घटना जैसी स्थिति उत्पन्न हो जाती है.

डिवाइडर कट का कर रहे हैं दुरुपयोग

यात्री रमेश कुमार, गुड्डू कुमार और राजू कुमार ने बताया कि खखनदुआ से गोपालपुर मार्ग पर गिट्टी लदे हाइवा इन दिनों नोनाई मध्य विद्यालय के पास बने डिवाइडर कट का इस्तेमाल कर शॉर्टकट अपना रहे हैं. इससे न केवल यातायात नियमों का उल्लंघन हो रहा है, बल्कि सड़क पर चलने वाले लोगों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ रही है.

रात में और गंभीर हो जाती है स्थिति

स्थानीय लोगों के अनुसार रात के समय यह समस्या और गंभीर हो जाती है. तेज रफ्तार और वाहनों की तेज रोशनी के कारण सामने से रॉन्ग साइड में आ रहे वाहनों का समय पर अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है. इससे बड़े हादसे की आशंका लगातार बनी रहती है.

Also Read : बड़ेम पुलिस की कार्रवाई, कार से 378 लीटर झारखंड निर्मित शराब बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार

सीसीटीवी और नियमित पेट्रोलिंग की उठी मांग

ग्रामीणों और यात्रियों ने प्रशासन तथा यातायात पुलिस से रॉन्ग साइड से चलने वाले भारी वाहनों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है. लोगों का कहना है कि फोरलेन पर नियमित पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाई जाए और संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं. साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वाले भारी वाहन चालकों पर जुर्माना लगाने के साथ कानूनी कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाए.

समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो हो सकता है बड़ा हादसा

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इस समस्या पर ध्यान नहीं दिया गया तो कभी भी बड़ा सड़क हादसा हो सकता है. उन्होंने सभी वाहन चालकों से निर्धारित लेन में वाहन चलाने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की. साथ ही प्रशासन से रॉन्ग साइड से चलने वाले हाइवा और अन्य भारी वाहनों पर प्रभावी रोक लगाने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है.

Also Read : अपराध नियंत्रण को लेकर एसपी ने की समीक्षा बैठक, थानाध्यक्षों को त्वरित कार्रवाई के दिए निर्देश


विज्ञापन
Anil Kumar

लेखक के बारे में

By Anil Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन