नवादा में नदी में गाय धोने गए बुजुर्ग की डूबने से मौत, अचानक बढ़ा जलस्तर बना हादसे की वजह
धनार्जय नदी नदी में बढ़ा जलस्तर
नवादा के चितरकोली गांव में धनार्जय नदी में गाय धोने गए 67 वर्षीय खोशी यादव की पानी के तेज बहाव में डूबने से मौत हो गई. घटना के वक्त नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया था. पीड़ित परिवार को चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी.
Nawada News: रजौली थाना क्षेत्र के चितरकोली गांव स्थित धनार्जय नदी में गुरुवार दोपहर दर्दनाक हादसा हो गया. नदी में गाय धोने गए 67 वर्षीय बुजुर्ग तेज बहाव की चपेट में आ गए, जिससे उनकी डूबने से मौत हो गई. घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई.
गाय धोने के दौरान बढ़ गया नदी का जलस्तर
मृतक की पहचान चितरकोली गांव निवासी खोशी यादव (67 वर्ष) के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार, वह गांव के पास धनार्जय नदी में अपनी गायों को धो रहे थे. इसी दौरान पहाड़ी क्षेत्र में हुई बारिश के कारण नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया और तेज बहाव आ गया. देखते ही देखते वह करीब 400 मीटर तक बह गए.
अस्पताल पहुंचने से पहले हुई मौत
घटना के बाद ग्रामीणों और परिजनों ने तत्काल नदी में उतरकर उन्हें बाहर निकाला और इलाज के लिए रजौली अनुमंडलीय अस्पताल ले गए. हालांकि अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी. ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.
पुलिस ने शव भेजा पोस्टमार्टम के लिए
रजौली थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर रणजीत कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम अस्पताल पहुंची. शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए नवादा सदर अस्पताल भेज दिया गया है.
आश्रितों को मिलेगी चार लाख रुपये की सहायता
पुलिस के अनुसार, आपदा प्रबंधन विभाग के प्रावधानों के तहत पानी में डूबने से मृत्यु होने पर मृतक के आश्रितों को चार लाख रुपये की अनुग्रह सहायता प्रदान की जाती है. मृतक अपने पीछे पत्नी, चार पुत्र और एक पुत्री सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं. घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
Also Read: राजद नई टीम क्यों बना रही है? जानिए संगठन भंग करने के पीछे की वजह
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










