तीन साल से टूटी पुलिया बनी हादसों का कारण, वारिसलीगंज मोड़ पर हर दिन जान जोखिम में डाल रहे लोग
प्रतीकात्मक तस्वीर
Nawada News : पकरीबरावां के वारिसलीगंज मोड़ पर पुलिया का टूटा साइड वॉल और खुला नाला राहगीरों के लिए बना मुसीबत, प्रशासन की अनदेखी से हर दिन हादसे का डर बना रहता है.
Nawada News : पकरीबरावां प्रखंड मुख्यालय स्थित वारिसलीगंज मोड़ के समीप मुख्य सड़क पर बनी पुलिया पिछले लगभग तीन वर्षों से बदहाल स्थिति में है. पुलिया का साइड वॉल पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका है, जबकि सड़क के दूसरी ओर नाले पर स्लैब नहीं होने से यह स्थान लगातार दुर्घटनाओं को आमंत्रित कर रहा है. सबसे चिंताजनक बात यह है कि वर्षों से बनी इस समस्या के बावजूद संबंधित विभाग और स्थानीय प्रशासन ने अब तक इसकी सुध नहीं ली है.
व्यस्त मार्ग होने के बावजूद सुरक्षा व्यवस्था बदहाल
वारिसलीगंज मोड़ पकरीबरावां बाजार का सबसे व्यस्त चौराहा माना जाता है. इसी मार्ग से प्रतिदिन हजारों लोग, स्कूल-कॉलेज के छात्र-छात्राएं, व्यवसायी, सरकारी कर्मचारी तथा छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं. नवादा, वारिसलीगंज, काशीचक और आसपास के क्षेत्रों की ओर जाने वाले अधिकांश वाहनों का आवागमन भी इसी सड़क से होता है. इसके बावजूद पुलिया की सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त बनी हुई है.
कई वाहन नाले में गिर चुके, बरसात में बढ़ जाता है खतरा
स्थानीय लोगों ने बताया कि पुलिया का साइड वॉल नहीं रहने के कारण कई बार बाइक, ई-रिक्शा, साइकिल और अन्य वाहन अनियंत्रित होकर नाले में गिर चुके हैं. इन घटनाओं में कई लोग घायल भी हुए हैं. वहीं दूसरी ओर खुले नाले पर स्लैब नहीं होने से भी कई वाहन चालक दुर्घटना का शिकार हो चुके हैं. बरसात के दिनों में नाले में पानी भर जाने से खतरा और अधिक बढ़ जाता है. रात के समय पर्याप्त रोशनी नहीं रहने के कारण बाहर से आने वाले लोगों के लिए यह स्थान और भी जोखिम भरा हो जाता है.
शिकायतों के बावजूद नहीं हुई कोई कार्रवाई
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इस समस्या को लेकर कई बार संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधियों का ध्यान आकृष्ट कराया गया, लेकिन आज तक न तो पुलिया का साइड वॉल बनाया गया और न ही खुले नाले पर स्लैब लगाया गया. परिणामस्वरूप लोगों को प्रतिदिन जान जोखिम में डालकर इस मार्ग से गुजरना पड़ रहा है.
अधिकारियों का भी रहता है इसी मार्ग से आवागमन
स्थानीय लोगों का कहना है कि इसी मार्ग से समय-समय पर जिले के वरीय अधिकारी, स्थानीय प्रशासन के पदाधिकारी और विभिन्न विभागों के अधिकारी गुजरते रहे हैं. प्रशासनिक बैठकों, निरीक्षण और सरकारी कार्यक्रमों के दौरान भी यही मुख्य मार्ग उपयोग में लाया जाता है. इसके बावजूद तीन वर्षों से टूटी पुलिया और खुले नाले की समस्या पर अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई.
सामाजिक कार्यकर्ताओं और व्यवसायियों ने जताई चिंता
पकरीबरावां बाजार के बुद्धिजीवियों, व्यवसायियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने इस स्थिति पर गहरी चिंता जताई है. उनका कहना है कि किसी बड़ी दुर्घटना के बाद कार्रवाई करने के बजाय प्रशासन को पहले से ही आवश्यक कदम उठाने चाहिए. उन्होंने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से पुलिया के टूटे साइड वॉल का तत्काल पुनर्निर्माण कराने, खुले नाले पर स्लैब लगाने तथा आवश्यक सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने की मांग की है.
लोगों ने बड़े हादसे की आशंका जताई
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही इस दिशा में पहल नहीं की गई तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है. उन्होंने जनहित को देखते हुए प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई करने की अपील की है, ताकि इस व्यस्त मार्ग पर सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित किया जा सके.
क्या कहते हैं स्थानीय दुकानदार और सामाजिक कार्यकर्ता
रामजी दास, किराना दुकानदार
रामजी दास ने बताया कि पुलिया का साइड वॉल करीब तीन वर्षों से टूटा हुआ है. कई बार लोग बाइक और ई-रिक्शा सहित नाले में गिर चुके हैं, लेकिन अब तक इसकी मरम्मत नहीं कराई गई. उनका कहना है कि प्रशासन शायद किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है.
Also Read : अपराध नियंत्रण को लेकर एसपी ने की समीक्षा बैठक, थानाध्यक्षों को त्वरित कार्रवाई के दिए निर्देश
मोहम्मद अरमान, स्थानीय दुकानदार
मोहम्मद अरमान ने कहा कि वारिसलीगंज मोड़ बाजार का सबसे व्यस्त स्थान है. दिनभर हजारों लोग इस रास्ते से गुजरते हैं. खुले नाले और टूटी पुलिया के कारण हर समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है. उन्होंने प्रशासन से जल्द समाधान की मांग की.
विनोद साव, दुकानदार
विनोद साव ने कहा कि बरसात के दिनों में नाले में पानी भर जाने से खतरा कई गुना बढ़ जाता है. रात में बाहर से आने वाले लोगों को टूटी पुलिया और खुले नाले का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे दुर्घटनाएं होती रहती हैं.
Also Read : एनएसएस के स्वच्छता अभियान में छात्राओं ने लिया स्वच्छ और हरित परिसर का संकल्प
मनोज कुमार, स्थानीय निवासी
मनोज कुमार ने बताया कि इस समस्या को कई बार थाना में आयोजित शांति समिति की बैठकों में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के समक्ष उठाया गया, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई. उन्होंने पुलिया के साइड वॉल और नाले पर स्लैब का निर्माण जल्द कराने की मांग की.
राहुल कुमार, सामाजिक कार्यकर्ता
राहुल कुमार ने कहा कि यह केवल मरम्मत का नहीं, बल्कि लोगों की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मामला है. यदि समय रहते निर्माण कार्य नहीं कराया गया तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है. उन्होंने जिला प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की.
Also Read : बड़ेम पुलिस की कार्रवाई, कार से 378 लीटर झारखंड निर्मित शराब बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










