नवादा में 430 लीटर महुआ शराब के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, चोरी की तीन बाइक भी जब्त

थाना में जब्त शराब के साथ कारोबारी | Prabhat Khabar Network
नवादा में पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 430 लीटर महुआ शराब के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने तीन चोरी की बाइकें भी जब्त की हैं, जिनका इस्तेमाल तस्करी में हो रहा था.
Nawada News: नवादा जिले के थाली थाना क्षेत्र अंतर्गत कोरिऔना-भवनपुर मुख्य मार्ग पर पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने तीन मोटरसाइकिलों के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है. इनके पास से बोरे में बंद 430 लीटर देसी महुआ शराब बरामद की गई है.
वाहन जांच में मिली सफलता
थानाध्यक्ष दीपक कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर भवनपुर गांव के पास सघन वाहन जांच अभियान चलाया. इस दौरान जोवा डैम की ओर से आ रही तीन संदिग्ध मोटरसाइकिलों को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें बोरे में भरकर ले जाई जा रही महुआ शराब बरामद हुई.
अकबरपुर के रहने वाले हैं तस्कर
मौके से पकड़े गए आरोपियों की पहचान अकबरपुर थाना क्षेत्र के लहसिहना निवासी छोटू कुमार और तेलभद्रो निवासी उदय कुमार के रूप में हुई है. पुलिस ने दो होंडा और एक अपाचे बाइक को भी जब्त कर लिया है, जिनका इस्तेमाल शराब की तस्करी में किया जा रहा था.
चोरी की बाइकों से होती थी तस्करी
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि जब्त की गई तीन में से दो बाइक चोरी की हैं, जो पटना के कंकड़बाग थाना क्षेत्र से चुराई गई थीं. आरोपियों ने कुबूल किया कि वे पहले बाइक चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे और फिर उन्हीं गाड़ियों का इस्तेमाल शराब तस्करी में करते थे.
फरार दो तस्करों की तलाश जारी
थानाध्यक्ष दीपक कुमार ने बताया कि इस गिरोह के दो अन्य सदस्य पुलिस को देखकर मौके से फरार हो गए, जिनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है. पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम और वाहन चोरी का मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










