नवादा में जगन्नाथ रथयात्रा की भीड़ में महिला चेन स्नैचिंग गिरोह सक्रिय, 8 महिलाओं के आभूषण चोरी

Author Vishal kumar|Edited by Vivek Singh
Updated:
विज्ञापन
रथ यात्रा में चेन स्नैचिंग का बड़ा खेल, 8 महिलाओं के गहनों पर हुआ हाथ साफ, दो महिला आरोपी गिरफ्तार

नवादा में भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा के दौरान भीड़ का फायदा उठाते हुए एक महिला चेन स्नैचिंग गिरोह ने वारदातों को अंजाम दिया। दुर्गा मंडप के समीप हुई इस घटना में 8 महिलाओं के सोने के आभूषण चोरी हो गए, जिनमें से दो संदिग्धों को भीड़ ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

विज्ञापन

Nawada News : नवादा शहर में भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा के दौरान हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ में महिला चेन स्नैचिंग गिरोह ने वारदात को अंजाम दिया. नगर थाना क्षेत्र के दुर्गा मंडप के समीप आयोजित रथयात्रा में भीड़ और धक्का-मुक्की का फायदा उठाकर कई महिलाओं के गले से सोने की चेन, मंगलसूत्र, लॉकेट सहित अन्य आभूषण चोरी कर लिए गए. घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया.

भीड़ का फायदा उठाकर महिलाओं के गले से उड़ाए आभूषण

जानकारी के अनुसार रथयात्रा के दौरान काफी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे. इसी दौरान कथित महिला चेन स्नैचिंग गिरोह की तीन महिलाओं ने भीड़ में शामिल होकर महिलाओं को निशाना बनाया. आरोप है कि महिलाओं के आगे-पीछे घूमकर धक्का-मुक्की करते हुए उनके गले से सोने के आभूषण निकाल लिए गए.

17 ग्राम की सोने की चेन चोरी, महिला ने एक संदिग्ध को पकड़ा

न्यू एरिया निवासी निर्मला देवी, पति रामनंदन सिंह, ने नगर थाना में आवेदन देकर बताया कि मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे वह भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा देखने दुर्गा मंडप पहुंची थीं. वहां काफी भीड़ थी. इसी दौरान तीन महिलाएं लगातार उनके आसपास घूम रही थीं और धक्का-मुक्की कर रही थीं. कुछ देर बाद उन्हें गले में पहनी करीब 17 ग्राम वजन की सोने की चेन गायब होने का एहसास हुआ.

दो महिलाओं को लोगों ने पकड़ा, तीसरी चेन लेकर भागी

निर्मला देवी ने शक होने पर एक महिला को पकड़ लिया. आरोप है कि इसी बीच दूसरी महिला ने चोरी की गई चेन अपनी तीसरी साथी को दे दी, जो भीड़ का फायदा उठाकर फरार हो गई. शोर सुनकर आसपास मौजूद लोगों ने दो महिलाओं को पकड़ लिया और नगर थाना पुलिस को सौंप दिया.

नालंदा की रहने वाली हैं गिरफ्तार महिलाएं

पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार महिलाओं ने अपना नाम सुदमीया देवी, पति राजबल्लभ बिंद, निवासी विगहा कोरमा बिगहा, थाना इस्लामपुर, जिला नालंदा और संजोगन कुमारी, पति चंदन बिंद, निवासी बदरू विगहा, थाना नगरनौसा, जिला नालंदा बताया. पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है.

आठ महिलाओं के आभूषण चोरी होने की शिकायत

पीड़िता निर्मला देवी के अलावा रथयात्रा में शामिल अनमोल कुमारी, सिम्पी देवी, निशा रानी, स्वीटी कुमारी, बबीता देवी, प्रतिमा कुमारी और सुषमा कुमारी समेत कुल आठ महिलाओं ने सोने के मंगलसूत्र, चेन, लॉकेट और अन्य आभूषण चोरी होने की शिकायत की है. सभी पीड़ित महिलाओं ने पकड़ी गई दोनों महिलाओं की पहचान भी की है.

फरार महिला की तलाश में छापेमारी जारी

नगर थाना पुलिस ने आवेदन और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर दोनों गिरफ्तार महिलाओं और एक अज्ञात महिला के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है. पूछताछ के बाद दोनों गिरफ्तार महिलाओं को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. वहीं फरार महिला की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है.

धार्मिक आयोजन में सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

जगन्नाथ रथयात्रा जैसे बड़े धार्मिक आयोजन के दौरान एक साथ कई महिलाओं के आभूषण चोरी होने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. श्रद्धालुओं ने भीड़भाड़ वाले आयोजनों में अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की मांग की है.


विज्ञापन
Vishal Kumar

लेखक के बारे में

By Vishal Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन