गया-रजौली SH-70 पर हादसा: बाइक और साइकिल की टक्कर, बीच सड़क पर तड़प रहे घायलों के लिए फरिश्ता बने BPRO!
Published by : Aditya Kumar Ravi Updated At : 05 Jun 2026 7:47 PM
घायल को अस्पताल ले जाते लोग
Nawada Road Accident: नवादा के सिरदला थाना क्षेत्र में हाजीपुर देवी मंदिर के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है. एफसीआई मैनेजर की बाइक और साइकिल सवार वृद्ध के बीच भीषण टक्कर हुई. पूरी रिपोर्ट यहाँ पढ़ें.
Nawada Road Accident (पप्पू कुमार प्रभाकर): बिहार के नवादा जिले से एक बड़े सड़क हादसे की खबर सामने आ रही है. गया-रजौली एसएच-70 (SH-70) पर शुक्रवार को सिरदला थाना क्षेत्र के नवाबगंज मोड़ स्थित हाजीपुर देवी मंदिर के समीप हुए एक भीषण सड़क हादसे में एक वृद्ध सहित दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बीच सड़क पर दूर जा गिरे, जिसके बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई. हालांकि, इसी बीच एक प्रशासनिक अधिकारी ने मसीहा बनकर दोनों की जान बचाई.
FCI गोदाम के मैनेजर की बाइक से हुई जोरदार भिड़ंत
टन्याक्रम के अनुसार, भारतीय खाद्य निगम (FCI) गोदाम के मैनेजर शुभम कुमार शुक्रवार को अपनी बाइक पर सवार होकर सिरदला प्रखंड कार्यालय से रजौली की ओर जा रहे थे. जैसे ही उनकी बाइक हाजीपुर देवी मंदिर के पास पहुंची, तभी विपरीत दिशा से आ रहे एक साइकिल सवार वृद्ध से उनकी सीधी और जोरदार भिड़ंत हो गई. इस हादसे में बाइक सवार मैनेजर और साइकिल सवार वृद्ध दोनों ही सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गए.
अफसर ने दिखाया बड़ा दिल: बीपीआरओ पुरुषोत्तम कुमार ने खुद कराई अस्पताल भेजने की व्यवस्था
दुर्घटना के तुरंत बाद वहां से गुजर रहे सिरदला के प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी (BPRO) पुरुषोत्तम कुमार ने तत्परता दिखाई. उन्होंने अपनी गाड़ी रुकवाई और एक जिम्मेदार अधिकारी व इंसान होने का परिचय देते हुए तुरंत दोनों घायलों को उठाकर अस्पताल पहुंचाने की पुख्ता व्यवस्था कराई. उनके इस कदम की स्थानीय लोग जमकर तारीफ कर रहे हैं.
अस्पताल पहुंचने पर घायल वृद्ध की पहचान सिरदला पंचायत के फूलवरिया गांव निवासी रामचंद्र चौधरी के रूप में हुई है. स्थानीय लोगों ने बताया कि रामचंद्र चौधरी साइकिल से गांव-गांव घूमकर कपड़ा बेचने का (फेरी का) काम करते हैं और बेहद गरीब हैं. वहीं, हादसे में चोटिल एफसीआई मैनेजर शुभम कुमार को प्राथमिक उपचार के बाद स्थिति सामान्य होने पर डॉक्टरों ने घर भेज दिया है.
तेज रफ्तार गाड़ियों पर लगाम लगाने की मांग, पुलिस जांच में जुटी
सिरदला थानाध्यक्ष सुरेंद्र कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि दुर्घटना की लिखित सूचना मिलने के बाद पुलिस बल ने मौके का मुआयना किया है और मामले की कानूनी जांच की जा रही है. दूसरी ओर, इस हादसे के बाद आक्रोशित स्थानीय ग्रामीणों ने एसएच-70 पर बेलगाम दौड़ने वाले तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण पाने और इलाके में नियमित रूप से पुलिसिया यातायात जांच (Vehicle Checking) चलाने की पुरजोर मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे खूनी हादसों को रोका जा सके.
Also Read: नवादा में स्कूल संचालक पर जानलेवा हमले का दूसरा आरोपी गिरफ्तार, सिर पर किए थे 7 वार, 3 अब भी फरार
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










