नवादा के चितरकोली में शराब तस्करों पर उत्पाद विभाग का कहर, बाइक से 72 केन बियर जब्त
Published by : Aditya Kumar Ravi Updated At : 04 Jun 2026 5:37 PM
जब्त शराब के साथ पुलिस की गिरफ्त में युवक
Nawada Liquor Seized: बिहार के नवादा में शराब माफियाओं के खिलाफ उत्पाद विभाग का बड़ा एक्शन. रजौली के चितरकोली में अपाचे बाइक पर लदी 72 केन बियर के साथ एक विधि निरुद्ध बालक को पकड़ा गया. पूरी रिपोर्ट पढ़ें.
Nawada Liquor Seized (कुमार मनीष देव): बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून को धरातल पर कड़ाई से लागू करने के लिए नवादा उत्पाद विभाग की टीम ताबड़तोड़ कार्रवाई कर रही है. रजौली थाना क्षेत्र के चितरकोली गांव स्थित खदान के समीप से उत्पाद विभाग के जवानों ने लगातार तीसरे दिन एक शराब तस्कर को भारी मात्रा में बियर के साथ दबोच लिया है. पुलिस ने मौके से एक अपाचे मोटरसाइकिल को जब्त किया है, जिस पर 72 केन बियर लदी हुई थी. उत्पाद विभाग की इस बैक-टू-बैक कार्रवाई से चितरकोली और आसपास के सीमावर्ती इलाकों के शराब तस्करों में भारी हड़कंप मचा हुआ है.
झारखंड के कोडरमा से हो रही थी तस्करी, उत्पाद विभाग के सूचना तंत्र ने किया खेल खराब
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, चितरकोली गांव अंतरराज्यीय जांच चौकी (चेक पोस्ट) से बिल्कुल सटा हुआ इलाका है. शराब तस्कर झारखंड के कोडरमा से आने वाली शराब को जांच चौकी की नजरों से बचाने के लिए चितरकोली गांव के कच्चे रास्तों और खदान क्षेत्र का इस्तेमाल बाईपास के रूप में करते हैं. लेकिन उत्पाद विभाग के मजबूत सूचना तंत्र और पैनी नजरों के कारण तस्करों के मंसूबों पर पानी फिर रहा है. मालूम हो कि इससे पहले भी विभाग ने इसी रूट पर एक टोटो और एक स्विफ्ट कार से भारी मात्रा में शराब जब्त की थी, जिसका मुख्य तस्कर भी चितरकोली गांव का ही रहने वाला था.
500 ML वाले 72 केन बियर बरामद, उत्पाद अधीक्षक अरुण कुमार मिश्र ने दी जानकारी
मामले की विस्तृत जानकारी देते हुए उत्पाद अधीक्षक अरुण कुमार मिश्र ने बताया कि मद्यनिषेध कानून के तहत झारखंड की ओर से आने वाले प्रत्येक छोटे-बड़े वाहन की सघन चेकिंग की जा रही है. इस विशेष अभियान का नेतृत्व खुद उत्पाद इंस्पेक्टर अमृत कुमार गुप्ता कर रहे हैं.
इसी क्रम में गुप्त सूचना के आधार पर उत्पाद एएसआई पंकज कुमार साव ने टीम के साथ छापेमारी कर चितरकोली खदान क्षेत्र से एक अपाचे बाइक को रोका. जांच करने पर बाइक से 500 एमएल वाले कुल 72 केन बियर बरामद किए गए. इस धंधे में शामिल एक विधि निरुद्ध बालक (नाबालिग) को भी मौके से निरुद्ध किया गया है. उत्पाद अधीक्षक ने बताया कि जब्त बियर, बाइक और पकड़े गए नाबालिग के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है.
विधि निरुद्ध बालक को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद गुरुवार को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है. इस सफल छापेमारी अभियान में उत्पाद एएसआई मो. सबीर सहित गृह रक्षा वाहिनी (होमगार्ड) के जवान मुख्य रूप से मुस्तैद रहे. उत्पाद विभाग ने साफ किया है कि सीमावर्ती इलाकों में गश्ती और चेकिंग अभियान को आगे भी इसी तरह जारी रखा जाएगा.
Also Read: बिहार में सुबह 5 बजे से ही बढ़ने लगेगी उमस, बढ़ेगी तपिश, IMD ने 10 जून तक के लिए जारी किया नया अपडेट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










