नालंदा में 163 घर बूंद-बूंद पानी को तरसे, नगर निगम पर भड़का आक्रोश, DM को सौंपा ज्ञापन
Published by : Vikas Jha Updated At : 06 Jun 2026 1:28 PM
स्थानीय लोगों ने जल संकट को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा
Nalanda News: बिहारशरीफ नगर निगम के वार्ड संख्या-30 में करीब 163 परिवार भीषण पेयजल संकट का सामना कर रहे हैं. समस्या से आजिज आकर स्थानीय मोहल्लावासियों ने जिला पदाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर जल्द समाधान की गुहार लगाई है.
Nalanda News (सुनील कुमार की रिपोर्ट): बिहारशरीफ नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या-30 में भीषण गर्मी के बीच गंभीर पेयजल संकट गहरा गया है. इलाके के सरस्वती शिशु मंदिर के सामने वाली गली, अजन्ता स्कूल होते हुए माली टोला, दादा बाड़ी, नवदुर्गा गली और नौवा टोला के करीब 163 परिवार बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रहे हैं. क्षेत्र के हालात इतने बदतर हैं कि लोगों को पिछले 10 से 15 दिनों तक पानी नसीब नहीं हो रहा है. जिससे स्थानीय जनता के बीच नगर निगम प्रशासन के खिलाफ भारी आक्रोश है.
पाइपलाइन में है बड़ी गड़बड़ी
पेयजल की किल्लत से पूरी तरह परेशान मोहल्लावासियों ने अब जिला पदाधिकारी नालंदा को लिखित ज्ञापन दिया है. स्थानीय लोगों का कहना है कि नल-जल योजना के तहत बिछाई गई मुख्य पाइपलाइन सही तरीके से मेन लाइन से जुड़ी नहीं है. बबन जी की दुकान के पास पाइपलाइन को बंद कर दिया गया है. जबकि दूसरी ओर जमुना पैलेस के पास पाइप को आगे बढ़ाकर जोड़ दिया गया है. इसके कारण बीच के इलाके में रहने वाले सैकड़ों परिवार नियमित जलापूर्ति से पूरी तरह वंचित हैं.
अधिकारियों ने नहीं की कार्रवाई
संरयुग प्रसाद, शिक्षक मुकेश कुमार, ओम मंत्र, राजकुमार, रंजीत कुमार, सुरेश रजक, अनिल साहू, पप्पू कुमार समेत दर्जनों लोगों ने बताया कि वार्ड पार्षद, मेयर प्रतिनिधि और नगर आयुक्त को कई बार आवेदन देकर इस गंभीर समस्या से अवगत कराया गया. यहाँ तक कि स्पीड पोस्ट के माध्यम से भी लिखित शिकायत भेजी गई और नगर निगम कार्यालय पहुंचकर खुद अधिकारियों से मुलाकात की गई. लेकिन दुर्भाग्यवश आज तक इस समस्या का कोई भी स्थायी समाधान नहीं निकल सका.
टैक्स वसूली पर उठे सवाल
लोगों का सीधा आरोप है कि पानी का टैक्स नियमित रूप से नगर निगम द्वारा वसूला जा रहा है. लेकिन बुनियादी सुविधा के नाम पर जनता को कुछ भी नहीं मिल रहा. इस भीषण गर्मी में महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है. मोहल्लावासियों ने जिला पदाधिकारी से इस पूरे मामले की त्वरित जांच कर स्थायी समाधान कराने की पुरजोर मांग की है. इसके साथ ही चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो वे नगर निगम कार्यालय का घेराव कर बड़ा आंदोलन करेंगे.
Also Read: नूरसराय के दहपर गांव में निकली भव्य झांकी, भागवत कथा में उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










