मुजफ्फरपुर: मीनापुर में राजद का धरना, लालू परिवार को परेशान करने का लगाया आरोप

आयोजित धरना-प्रदर्शन को संबोधित करते राजद नेता एवं उपस्थित कार्यकर्ता.
मीनापुर प्रखंड मुख्यालय पर आयोजित राजद के एकदिवसीय धरना में पूर्व विधायक मुन्ना यादव ने सरकार पर लालू परिवार को परेशान करने का आरोप लगाया. साथ ही मीनापुर में 22 हत्याओं का मुद्दा उठाते हुए बड़े आंदोलन की चेतावनी दी. पढ़ें पूरी खबर..
मुजफ्फरपुर के मीनापुर से संतोष कुमार गुप्ता की रिपोर्ट
Muzaffarpur News: विभिन्न मांगों को लेकर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने मंगलवार को मीनापुर प्रखंड मुख्यालय पर एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन किया. इस दौरान पार्टी नेताओं ने महंगाई, कानून व्यवस्था, बेरोजगारी और राजनीतिक प्रताड़ना जैसे मुद्दों को लेकर सरकार पर निशाना साधा.
सभा को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक मुन्ना यादव ने आरोप लगाया कि सरकार ने लालू प्रसाद यादव और उनके परिवार को परेशान करने के लिए पूरी ताकत लगा दी है. उन्होंने कहा कि जब भी लालू प्रसाद यादव शिक्षा व्यवस्था, महंगाई और कानून व्यवस्था जैसे मुद्दों को उठाते हैं, तब उन्हें विभिन्न तरीकों से दबाने की कोशिश की जाती है.
मीनापुर की कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल
पूर्व विधायक ने मीनापुर की कानून व्यवस्था पर चिंता जताते हुए कहा कि क्षेत्र में अब तक 22 हत्याएं हो चुकी हैं, लेकिन अपराध पर प्रभावी नियंत्रण नहीं हो पाया है. उन्होंने आरोप लगाया कि कई मामलों में हत्या को सामान्य मौत बताने का प्रयास किया जा रहा है.
मुन्ना यादव ने कहा कि यदि स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो राजद बड़ा आंदोलन करेगा. उन्होंने अनिश्चितकालीन अनशन और सड़क पर उतरकर संघर्ष करने की भी चेतावनी दी.
महंगाई और अपराध को लेकर सरकार पर हमला
राजद जिलाध्यक्ष रमेश गुप्ता ने कहा कि महंगाई लगातार बढ़ रही है और आम जनता परेशान है. उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में अपराध बेलगाम हो चुका है तथा हत्या और लूट की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं.
उन्होंने कहा कि सरकार को जनता की समस्याओं पर गंभीरता से ध्यान देना चाहिए और महंगाई व अपराध पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए.
बड़ी संख्या में शामिल हुए कार्यकर्ता
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष उमाशंकर सहनी ने की, जबकि संचालन पूर्व प्रमुख महावीर राम ने किया.
सभा को जिलाध्यक्ष रमेश गुप्ता, पर्यवेक्षक मो. सज्जाद, राष्ट्रीय सचिव संजय ठाकुर, जिला पंचायती राज प्रकोष्ठ अध्यक्ष वीणा यादव, युवा राजद प्रदेश सचिव विक्रांत यादव, मिथिलेश यादव, सुरेश राय, सच्चिदानंद कुशवाहा, रंधीर यादव, अमरेंद्र यादव, राजाराम राय, शिवजी सहनी, अहमद अंसारी, सैयद हसन इमाम, जवाहर राम, विनोद शर्मा, सोनफी राय, नवल राय और रामानंद राय सहित कई नेताओं ने संबोधित किया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










