सांसद पप्पू यादव का फूटा गुस्सा: गायघाट कांड के खिलाफ समाहरणालय में धरना, दरोगा राजा सिंह पर कार्रवाई की मांग
गायघाट कांड के खिलाफ समाहरणालय पर धरना, दरोगा राजा सिंह पर कार्रवाई की मांग
Pappu Yadav Protest Gayghat Jagatveer Rai Case in Muzaffarpur: मुजफ्फरपुर के गायघाट में जगतवीर राय की मौत मामले में सांसद पप्पू यादव ने समाहरणालय पर धरना दिया. उन्होंने दरोगा राजा सिंह पर हत्या का केस दर्ज करने और पीड़ित परिवार को न्याय देने की मांग की.जानिए पूरी खबर…
Pappu Yadav Protest Gayghat Jagatveer Rai Case in Muzaffarpur: मुजफ्फरपुर जिले के गायघाट थाना क्षेत्र में पुलिसिया कार्रवाई और कथित गोलीबारी के दौरान हुई जगतवीर राय की मौत के मामले ने अब भारी तूल पकड़ लिया है. इस घटना में न्याय और दोषी दरोगा राजा सिंह के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर सोमवार को समाहरणालय परिसर में एक विशाल धरना प्रदर्शन का आयोजन किया गया. इस विरोध प्रदर्शन में पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने पहुंचे पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव ने सूबे की कानून व्यवस्था और स्थानीय पुलिस प्रशासन पर जमकर भड़ास निकाली.

लाचारों पर जुल्म ढा रहा है पुलिसिया गुंडा राज: पप्पू यादव
धरना स्थल पर उमड़े जनसैलाब और समर्थकों को संबोधित करते हुए सांसद पप्पू यादव ने तीखे शब्दों में कहा कि आज मुजफ्फरपुर समेत पूरे बिहार में अपराधियों का राज और ‘पुलिसिया गुंडा राज’ समानांतर रूप से चल रहा है. उन्होंने दिवंगत जगतवीर राय को एक सीधा-साधा और सामाजिक संघर्ष से जुड़ा हुआ योद्धा बताया, जिनकी बिना किसी कसूर के जान ले ली गई. पप्पू यादव ने पुलिसिया बर्बरता का आरोप लगाते हुए कहा कि निषाद समाज के एक गरीब परिवार से अवैध वसूली का विरोध करने पर उनके हाथ-पैर तोड़ दिए गए और महिलाओं के साथ बेरहमी से मारपीट की गई. रक्षक ही अब भक्षक बन चुके हैं और 54 निर्दोष लोगों पर झूठी एफआईआर दर्ज कर दी गई है.
मुजफ्फरपुर: अपराधियों और रसूखदारों की जागीर बनता जा रहा है
पप्पू यादव ने मुजफ्फरपुर के अतीत और वर्तमान की तुलना करते हुए कहा कि यह जिला कभी सामाजिक न्याय की परिकल्पना का गवाह था. लेकिन आज यह दबंगों, पूंजीपतियों और अपराधियों का गढ़ बनता जा रहा है. यहा लगातार जनप्रतिनिधियों, ठेकेदारों और आम नागरिकों की हत्याएं हो रही हैं. हाल ही में सरकार द्वारा सम्मानित किए गए एक किसान के परिवार की भी बिना किसी वजह के हत्या कर दी गई. कानून व्यवस्था की स्थिति इतनी बदतर हो चुकी है कि रक्षक ही अब भक्षक की भूमिका में आ गए हैं.
न्याय मिलने तक जारी रहेगा आंदोलन, झुकेगा नहीं समाज
समाहरणालय में आयोजित इस धरने के माध्यम से सांसद पप्पू यादव ने प्रशासन को स्पष्ट अल्टीमेटम दिया है कि जब तक आरोपी दरोगा राजा सिंह के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई नहीं की जाती, पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा नहीं मिलता और ग्रामीणों पर दर्ज की गई सभी झूठी एफआईआर वापस नहीं ली जातीं, तब तक उनका यह आंदोलन थमेगा नहीं. मौके पर मुजफ्फरपुर के कई स्थानीय नेता, पीड़ित परिवार के सदस्य और सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By SUMIT KUMAR
सुमित पत्रकारिता में पिछले 4 वर्षों से सक्रिय। प्रभात खबर के प्रिंट मीडिया के साथ काम करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम से जुड़े हुए हैं। क्राइम, हाईपरलोकल, स्वास्थ्य विभाग व राजनीतिक रिपोर्टिंग में विशेष रुचि और अनुभव रखते हैं। क्षेत्रीय मुद्दों और जनसरोकार की खबरों को सशक्त तरीके से उठाने के लिए जाने जाते हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










