मुजफ्फरपुर: बिना लाइन क्लीयरेंस दौड़ा दी मालगाड़ी, गोबरसही गुमटी पर 45 मिनट तक बंद रहा रास्ता,गुमटी पर हंगामा

बिना लाइन क्लीयरेंस दौड़ा दी मालगाड़ी, गोबरसही गुमटी पर 45 मिनट तक बंद रहा रास्ता,गुमटी पर हंगामा
Muzaffarpur News: सोनपुर और समस्तीपुर रेल मंडल में तालमेल की कमी से मुजफ्फरपुर के गोबरसही गुमटी पर मालगाड़ी 45 मिनट खड़ी रही.बंद गुमटी के कारण लगे महाजाम से भड़के लोगों ने रेल प्रशासन के खिलाफ जमकर हंगामा किया.पढे़ं पूरी खबर…
मुजफ्फरपुर से ललितांशु की रिपोर्ट
Muzaffarpur News: सोनपुर और समस्तीपुर रेल मंडल के अधिकारियों के बीच आपसी तालमेल की कमी का खामियाजा मंगलवार की देर शाम मुजफ्फरपुर के आम लोगों और रेल यात्रियों को भुगतना पड़ा. मुजफ्फरपुर-हाजीपुर रेल खंड पर स्थित गोबरसही गुमटी के पास मंगलवार की देर शाम एक मालगाड़ी करीब 45 मिनट तक आईबी सिग्नल के पास खड़ी रही. इस वजह से गुमटी लंबे समय तक बंद रही और सड़क के दोनों ओर गाड़ियों की लंबी कतारें लग गई. भीषण गर्मी के बीच जाम में फंसे स्थानीय लोगों और राहगीरों का धैर्य जवाब दे गया, जिसके बाद गुमटी पर ही लोगों ने रेल प्रशासन के खिलाफ जमकर हंगामा शुरू कर दिया.
बगैर लाइन क्लीयरेंस के बढ़ा दी गयी मालगाड़ी
घटना के पीछे दोनों रेल मंडलों के बीच लापरवाही और तालमेल की कमी सामने आई है. मामला सामने आया है कि सोनपुर मंडल की ओर से मालगाड़ी को आगे ले जाने की अनुमति (लाइन क्लीयरेंस) नहीं दी गई थी. इसके बावजूद मुजफ्फरपुर जंक्शन से मालगाड़ी को हाजीपुर की ओर रवाना कर दिया गया. चूंकि आगे लाइन पहले से ही जाम थी, इसलिए मालगाड़ी को गोबरसही गुमटी के पास आईबी सिग्नल पर ही रोकना पड़ा. शाम करीब 6:45 बजे उत्पन्न हुई इस स्थिति के कारण गुमटी बंद हो गई और सड़क यातायात पूरी तरह ठप हो गया. गुमटी पर बवाल और हंगामे की खबर मिलते ही सोनपुर और समस्तीपुर दोनों मंडलों के अधिकारियों के बीच हड़कंप मच गया.
एक घंटे तक ठप रहा परिचालन, यात्री रहे परेशान
इसके कारण न केवल सड़क पर जाम लगा, बल्कि रेल परिचालन भी पूरी तरह प्रभावित हुआ. मालगाड़ी के ट्रैक पर खड़े होने के कारण गाड़ी संख्या- 55121 समस्तीपुर-सीवान पैसेंजर ट्रेन और मुजफ्फरपुर-पुणे एक्सप्रेस करीब एक घंटे तक फंसी रही. उमस भरी गर्मी में ट्रेनों के रुकने से यात्रियों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी. हंगामा बढ़ने के बाद दोनों मंडलों के परिचालन विभाग के अधिकारियों ने आनन-फानन में संपर्क साधा और रात करीब 7:45 बजे मालगाड़ी को आगे रवाना कर परिचालन सामान्य कराया. इसके बाद ही लोगों को जाम से मुक्ति मिल सकी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Sumit Kumar
सुमित पत्रकारिता में पिछले 4 वर्षों से सक्रिय। प्रभात खबर के प्रिंट मीडिया के साथ काम करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम से जुड़े हुए हैं। क्राइम, हाईपरलोकल, स्वास्थ्य विभाग व राजनीतिक रिपोर्टिंग में विशेष रुचि और अनुभव रखते हैं। क्षेत्रीय मुद्दों और जनसरोकार की खबरों को सशक्त तरीके से उठाने के लिए जाने जाते हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










