मुजफ्फरपुर : बिजली कटौती से बेहाल हुए लोग, हर घंटे गुल हो रही बत्ती और शिकायत नंबर भी बेकार

Updated:
विज्ञापन
Muzaffarpur News Power cut crisis sikandarpur pss complaint numbers not working load crosses 360 mw

प्रतीकात्मक तस्वीर

Muzaffarpur News: बिजली कटौती से जनता त्रस्त है. सिकंदरपुर पीएसएस क्षेत्र में संकट गहराने से जलापूर्ति भी ठप हो गई है. लोड 360 मेगावाट पार होने से कई ट्रांसफार्मर जल गए हैं और विभागीय शिकायत नंबर भी काम नहीं कर रहे हैं. जानिए पूरी खबर…

विज्ञापन

मुजफ्फरपुर से कुमार गौरव की रिपोर्ट

Muzaffarpur News: ग्रिड से फुल लोड बिजली आपूर्ति किए जाने के दावों के बीच बिजली वितरण व्यवस्था की बदहाली ने उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ा दी है. लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती के कारण शहर का जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है. स्थिति यह है कि भीषण गर्मी में घरों की पानी मोटरें बंद पड़ी हैं और नगर निगम के पंप हाउसों से होने वाली जलापूर्ति भी बुरी तरह प्रभावित हो रही है.

सिकंदरपुर पीएसएस क्षेत्र में सबसे बुरा हाल, जलापूर्ति ठप

बिजली कटौती की यह स्थिति सिकंदरपुर पावर सब स्टेशन (पीएसएस) से जुड़े इलाकों में अधिक गंभीर है. सिकंदरपुर, अखाड़ाघाट और बालूघाट क्षेत्रों में दिनभर हर घंटे बिजली कटने की शिकायत आ रही है. रात के समय स्थिति और भी खराब हो जाती है. स्थानीय लोगों के अनुसार, रात 10 बजे के बाद महज आधे घंटे बिजली रहती है, जबकि एक से डेढ़ घंटे तक आपूर्ति बाधित रहती है. मंगलवार को सिकंदरपुर पीएसएस से जुड़े क्षेत्रों में नगर निगम के करीब आधा दर्जन पंप हाउस प्रभावित हुए, जिससे 10 हजार से अधिक आबादी को पानी का संकट झेलना पड़ा.

शिकायत नंबर नहीं देता राहत, अफसर भी नहीं उठाते फोन

उपभोक्ताओं का आरोप है कि बिजली कंपनी की शिकायत प्रणाली पूरी तरह विफल साबित हो रही है. शिकायत नंबर पर दर्जनों बार कॉल करने के बावजूद संपर्क नहीं हो पाता और जूनियर इंजीनियर (जेई) फोन नहीं उठाते हैं. जब उपभोक्ता सब स्टेशन पर संपर्क करते हैं, तो ऑपरेटर लाइन बंद रहने का स्पष्ट कारण बताने के बजाय एक-दो घंटे में आपूर्ति बहाल होने की बात कहकर फोन काट देते हैं. चंदवारा के निवासी विजय ने बताया कि सोमवार देर रात उनके इलाके का फेज उड़ गया था, जिसके बाद काफी मशक्कत के बाद जेई को संदेश भेजकर आपूर्ति बहाल कराई जा सकी.

लोड 360 मेगावाट के पार, जल रहे हैं ट्रांसफार्मर

गर्मी की तपिश लगातार बढ़ने के कारण जिले में बिजली का लोड भी तेजी से बढ़ रहा है. मंगलवार को मुजफ्फरपुर में बिजली का लोड 360 मेगावाट को पार कर गया. लगातार लोड बढ़ने के कारण बीते चार-पांच दिनों में करीब आधा दर्जन ट्रांसफॉर्मर जल गए, जिन्हें विभाग द्वारा 24 घंटे के भीतर बदला गया. लगातार बिजली कटौती और शिकायतों का समाधान न होने से लोगों में बिजली विभाग के प्रति भारी नाराजगी है.

उपभोक्ता इन नंबरों पर दर्ज कराएं अपनी शिकायत

परेशानी होने पर उपभोक्ता माड़ीपुर ऑफिस के 24×7 कॉल सेंटर नंबर 0621-2210001, 2, 3, 4 पर संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा मोबाइल नंबर 9264456401, 9264456432 और सर्किल ऑफिस के नंबर 9264456400 पर भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है.

विज्ञापन
सुनील कुमार सिंह

लेखक के बारे में

By सुनील कुमार सिंह

सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन