मुजफ्फरपुर: फुल लोड बिजली के बाद भी हाहाकार, शाम होते ही उड़ रहे ट्रांसफॉर्मर के फ्यूज

Published by : सुनील कुमार सिंह Updated At : 04 Jun 2026 10:00 AM

विज्ञापन

प्रतीकात्मक तस्वीर

Muzaffarpur News: फुल लोड बिजली के बावजूद शाम को ट्रांसफॉर्मर फ्यूज उड़ने और फॉल्ट से उपभोक्ता परेशान हैं. कॉल सेंटर के नंबर व्यस्त रहने से शिकायत दर्ज कराने में दिक्कत हो रही है, जिसपर विभाग ने व्हाट्सएप का विकल्प दिया है. जानिए पूरी खबर…

विज्ञापन

मुजफ्फरपुर से कुमार गौरव की रिपोर्ट

Muzaffarpur News: ग्रिड से फुल लोड बिजली आपूर्ति किए जाने के बावजूद स्थानीय तकनीकी खामियों के कारण शहर के उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. लगातार जारी बिजली की आवाजाही ने आम जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है. उपभोक्ताओं के मुताबिक, शाम चार से पांच बजे के बाद बिजली कटौती और फॉल्ट की समस्या अचानक बढ़ जाती है. सबसे ज्यादा दिक्कत तब होती है जब ट्रांसफॉर्मर का फ्यूज उड़ जाता है और शिकायत दर्ज कराने के लिए फ्यूज कॉल सेंटर पर फोन लगाने के बाद भी संपर्क नहीं हो पाता. कई बार प्रयास करने पर भी न तो शिकायत केंद्र का फोन लगता है और न ही जूनियर इंजीनियर (जेई) से बात हो पाती है.

प्रतिदिन आ रहीं 100 से अधिक शिकायतें, कटौती की जानकारी न मिलने से नाराजगी

गर्मी के इस मौसम में प्रतिदिन औसतन 100 से अधिक फ्यूज कॉल की शिकायतें आ रही हैं. लोड बढ़ने से जंपर कटने और एचटी फ्यूज उड़ने की घटनाएं आम हो चुकी हैं. उपभोक्ताओं की सबसे बड़ी शिकायत यह है कि उन्हें बिजली कटने का कारण और आपूर्ति बहाली का सही समय तक पता नहीं चल पाता.

अत्यधिक कॉल्स के कारण व्यस्त रहता है शिकायत नंबर

शहरी वन डिवीजन के कार्यपालक अभियंता विजय कुमार ने बताया कि बिजली बाधित होते ही एक साथ दर्जनों उपभोक्ताओं के फोन आने लगते हैं, जिसके कारण शिकायत केंद्र का नंबर अक्सर व्यस्त हो जाता है. उन्होंने स्पष्ट किया कि फॉल्ट दुरुस्त करने के दौरान जेई, लाइनमैन और पावर सब-स्टेशन (पीएसएस) के बीच लगातार समन्वय जरूरी होता है, क्योंकि इस काम में मामूली चूक भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है. कार्यपालक अभियंता ने उपभोक्ताओं से जेई के व्हाट्सएप नंबर पर भी शिकायत भेजने की अपील की है और सभी एईई व जेई को शिकायतों का त्वरित निस्तारण करने का निर्देश दिया है.

उपभोक्ता यहां करें शिकायत

बिजली संकट की स्थिति में उपभोक्ता माड़ीपुर ऑफिस के 24×7 कॉल सेंटर नंबर 0621-2210001, 2, 3, 4 तक या मोबाइल नंबर 9264456401, 9264456432 पर संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा सर्किल ऑफिस के नंबर 9264456400 पर भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है.

विज्ञापन
सुनील कुमार सिंह

लेखक के बारे में

By सुनील कुमार सिंह

सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन