मुजफ्फरपुर: गायघाट, औराई और बोचहां में 1 जुलाई से शुरू होंगे नए डिग्री कॉलेज, ऑनलाइन नामांकन शुरू
Published by : Aniket Kumar Updated At : 06 Jun 2026 3:03 PM
प्रतीकात्मक फोटो
Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर के गायघाट, औराई और बोचहा में 1 जुलाई से नए डिग्री कॉलेज शुरू होंगे. ऑनलाइन नामांकन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है. ग्रामीण छात्रों को घर के पास उच्च शिक्षा मिलेगी और शहर जाने की जरूरत काफी हद तक खत्म होगी. पढे़ं पूरी खबर…
मुजफ्फरपुर से प्रभात कुमार की रिपोर्ट
Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर जिले के हजारों छात्रों के लिए बड़ी राहत की खबर है. अब स्नातक की पढ़ाई के लिए उन्हें शहर की ओर रुख नहीं करना पड़ेगा. गायघाट, औराई और बोचहा प्रखंड में नए डिग्री कॉलेज शुरू होने जा रहे हैं, जहां 1 जुलाई 2026 से नियमित पठन-पाठन शुरू हो जाएगा. इन कॉलेजों में नामांकन की ऑनलाइन प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है.
1 जुलाई से शुरू होगी पढ़ाई
राज्य सरकार की सात निश्चय-3 योजना के तहत जिले के तीन प्रखंडों को नए डिग्री कॉलेज की सौगात मिली है. ये सभी महाविद्यालय बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर बिहार विश्वविद्यालय की अंगीभूत इकाई के रूप में संचालित होंगे. शुरुआती चरण में हिंदी, अंग्रेजी, इतिहास, अर्थशास्त्र, राजनीति विज्ञान और समाजशास्त्र विषयों में स्नातक स्तर की पढ़ाई शुरू कराई जाएगी.
तैयारियों में जुटा जिला प्रशासन
कॉलेज संचालन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारी तेज कर दी है. जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन ने संबंधित अधिकारियों और विद्यालय प्राचार्यों के साथ समीक्षा बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं. कॉलेज संचालन के लिए भवनों का चयन कर लिया गया है. अब मरम्मत, फर्नीचर, पेयजल, बिजली, शौचालय और अन्य बुनियादी सुविधाओं को दुरुस्त करने का काम तेजी से कराया जा रहा है.
डीडीसी को मिली बड़ी जिम्मेदारी
पूरे प्रोजेक्ट की निगरानी के लिए उप विकास आयुक्त (डीडीसी) को नोडल पदाधिकारी बनाया गया है. वहीं जिला शिक्षा पदाधिकारी को चयनित भवनों का निरीक्षण कर विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने का निर्देश दिया गया है. आवश्यक संसाधनों की खरीद और निविदा प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है.
ग्रामीण छात्रों को होगा सीधा फायदा
इन कॉलेजों के शुरू होने से ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को सबसे ज्यादा लाभ मिलेगा. अब उच्च शिक्षा उनके घर से 5 से 10 किलोमीटर की दूरी पर उपलब्ध होगी. इससे पढ़ाई का खर्च कम होगा, समय बचेगा और इंटर के बाद पढ़ाई छोड़ने वाले छात्रों की संख्या में भी कमी आने की उम्मीद है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Aniket Kumar
अनिकेत बीते 4 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राजस्थान पत्रिका और न्यूजट्रैक जैसे मीडिया संस्थान के साथ काम करने का अनुभव. एंटरटेनमेंट, हाईपरलोकल और राजनीति की खबरों से अधिक जुड़ाव. वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










