Muzaffarpur News: आसमान से गिरी संदिग्ध इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस, जलती-बुझती लाल लाइट देख ग्रामीणों में मची खलबली
Published by : SUMIT KUMAR Updated At : 01 Jun 2026 8:44 PM
आसमान से गिरी संदिग्ध इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस, जलती-बुझती लाल लाइट देख ग्रामीणों में मची खलबली
Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर के मनियारी थाना क्षेत्र के बाघी हरनारायण गांव में आसमान से एक संदिग्ध इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस गिरी है.इसमें लाल लाइट जलने से ग्रामीणों में कौतूहल और डर का माहौल बन गया.जानिए पूरी खबर…
मुजफ्फरपुर के मनियारी से श्याम कुमार की रिपोर्ट
Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर जिले के मनियारी थाना क्षेत्र अंतर्गत बाघी हरनारायण गांव में सोमवार की देर शाम एक अजीबोगरीब वाकया सामने आया है.यहाँ आसमान से अचानक एक संदिग्ध इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस गिरने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई . उपकरण के जमीन पर गिरते ही उसे देखने के लिए मौके पर भारी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ इकट्ठा हो गई . यह सफेद रंग का एक छोटा सा बॉक्स है, जिस पर धागा लिपटा हुआ है . सबसे ज्यादा हैरान करने वाली बात यह है कि इस डिवाइस में एक लाल रंग की लाइट लगातार ब्लिंक (जल-बुझ) कर रही है, जिसे देखकर ग्रामीण किसी अनहोनी या खतरे की आशंका से सहम गए .
पेड़ से टकराया डिवाइस, ग्रामीण ने धागा खींचा तो फटा गुब्बारा
घटना के संबंध में ग्रामीणों ने बताया कि देर शाम आसमान से कोई चीज नीचे आ रही थी, जो अचानक एक बड़ेपेड़ से जा टकराई.पेड़ से टकराते ही उस डिवाइस में लगी लाल लाइट और तेजी से जलने-बुझने लगी.इसे देखकर एक ग्रामीण ने उत्सुकतावश उसमें लटके धागे को अपनी तरफ खींच दिया.धागाखींचते ही उपकरण के साथ लगा एक बड़ा गुब्बारा अचानक फट गया और वह संदिग्ध बॉक्स धड़ाम से जमीन पर आ गिरा.बाद ग्रामीणों ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत स्थानीय मनियारी थाना पुलिस को इसकी सूचना दी.
मौसम विभाग का ‘रेडियोसोंडे’ उपकरण होने की संभावना
सफेद बॉक्स और उसमें लगी सर्किट को देखकर प्रथम दृष्टया विशेषज्ञों और जानकारों का मानना है कि यह मौसम विभाग द्वारा इस्तेमाल किया जाने वाला ‘रेडियोसोंडे'(Radiosonde) उपकरण है . इस उपकरण को मौसम से जुड़े आंकड़े, तापमान, हवा की गति और नमी को मापने के लिए एक बड़े हाइड्रोजन गुब्बारे के साथ आसमान में छोड़ा जाता है . अक्सर गैस खत्म होने या गुब्बारा फटने के बाद यह उपकरण पैराशूट या धागे के सहारे जमीन पर आ गिरता है .
पुलिस मामले की जांच में जुटी, डरने की जरूरत नहीं
सूचना मिलते ही मनियारी थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सुरक्षा के दृष्टिकोण से उस संदिग्ध उपकरण को अपने कब्जे में ले लिया . पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाया कि यह कोई विस्फोटक या खतरनाक चीज नहीं है, बल्कि मौसम विज्ञान से जुड़ा एक यंत्र प्रतीत होता है . फिलहाल पुलिस ने इस उपकरण को सुरक्षित रख लिया है और इसकी आधिकारिक पुष्टि के लिए संबंधित विभाग के विशेषज्ञों से संपर्क साधने का प्रयास कर रही है .
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By SUMIT KUMAR
सुमित पत्रकारिता में पिछले 4 वर्षों से सक्रिय। प्रभात खबर के प्रिंट मीडिया के साथ काम करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम से जुड़े हुए हैं। क्राइम, हाईपरलोकल, स्वास्थ्य विभाग व राजनीतिक रिपोर्टिंग में विशेष रुचि और अनुभव रखते हैं। क्षेत्रीय मुद्दों और जनसरोकार की खबरों को सशक्त तरीके से उठाने के लिए जाने जाते हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










