Muzaffarpur:दो महिला मुखिया को मिलेगा राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार, दिल्ली में होगा सम्मान
Published by : SUMIT KUMAR Updated At : 01 Jun 2026 4:15 PM
दो महिला मुखिया को मिलेगा राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार, दिल्ली में होगा सम्मान
Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर के कांटी प्रखंड की दो महिला मुखिया राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार 2025 के लिए चयनित होकर दिल्ली गईं. 3 जून को भारत मंडपम में जलजमाव मुक्ति के बेहतरीन कार्यों के लिए उन्हें सम्मानित किया जाएगा.जानिए पूरी खबर…
मुजफ्फरपुर के कांटी से मनोज कुमार मिश्र की रिपोर्ट
Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर जिले के कांटी प्रखंड ने राष्ट्रीय स्तर पर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है. प्रखंड की दो पंचायतों का चयन ‘राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार 2025’ के लिए किया गया है. इस प्रतिष्ठित पुरस्कार को प्राप्त करने के लिए रामनाथ धनौली पूर्वी पंचायत की मुखिया पवन देवी और वीरपुर पंचायत की मुखिया याचना शाही नई दिल्ली के लिए रवाना हो चुकी हैं. गौरतलब है कि पूरे मुजफ्फरपुर जिले से कुल तीन पंचायतों का चयन इस राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए हुआ है, जिनमें से दो अकेले कांटी प्रखंड की हैं.
पंचायत सरकार भवन में विदाई समारोह, खिलाई गई मिठाई
मुखिया पवन देवी और याचना शाही के दिल्ली प्रस्थान से पहले मधुवन स्थित पंचायत सरकार भवन में एक भव्य विदाई-सह-सम्मान समारोह का आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ नेताओं और समाजसेवियों ने हिस्सा लिया. सभी ने मुखिया द्वय को शॉल और बुके देकर सम्मानित किया और दिल्ली के लिए रवाना किया. इस ऐतिहासिक अवसर पर पंचायत के लोगों ने खुशी का इजहार करते हुए एक-दूसरे का मुंह मीठा कराया.
जलजमाव से मुक्ति दिलाने के उत्कृष्ट कार्य के लिए मिलेगा पुरस्कार
मुखिया पवन देवी ने अपनी इस सफलता का श्रेय पंचायत के सभी जनप्रतिनिधियों, विकास मित्रों और क्षेत्र के प्रबुद्ध नागरिकों को दिया. वहीं, मुखिया प्रतिनिधि उमेश रजक ने बताया कि रामनाथ धनौली पूर्वी पंचायत में जलजमाव की गंभीर समस्या से स्थाई मुक्ति दिलाने के लिए किए गए बेहतरीन और सराहनीय कार्यों के आधार पर इस राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए चयन किया गया है. नई दिल्ली के प्रगति मैदान स्थित ‘भारत मंडपम’ में 3 जून को आयोजित मुख्य समारोह में मुख्य अतिथि द्वारा इन्हें पुरस्कृत किया जाएगा.
बीडीओ बोले- प्रखंड के लिए गौरव का क्षण, लौटने पर करेंगे सम्मानित
कांटी प्रखंड के बीडीओ डॉ. आनंद कुमार विभूति ने इस उपलब्धि पर अत्यधिक प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह पूरे प्रखंड के लिए बेहद गौरवपूर्ण क्षण है. जिले की तीन चयनित पंचायतों में से दो उनके ही प्रखंड की हैं, जो प्रशासनिक और सामाजिक प्रयासों की सफलता को दर्शाता है. बीडीओ ने घोषणा की कि दोनों मुखिया के दिल्ली से वापस लौटने पर वे ब्लॉक मुख्यालय में उन्हें खुद अपने हाथों से विशेष रूप से सम्मानित करेंगे. इस विदाई कार्यक्रम में कम्युनिस्ट नेता राम दयाल चौरसिया, प्रगास राम, उप मुखिया कृष्ण कुमार झा और उपप्रमुख प्रतिनिधि चुन्नू चौधरी समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By SUMIT KUMAR
सुमित पत्रकारिता में पिछले 4 वर्षों से सक्रिय। प्रभात खबर के प्रिंट मीडिया के साथ काम करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम से जुड़े हुए हैं। क्राइम, हाईपरलोकल, स्वास्थ्य विभाग व राजनीतिक रिपोर्टिंग में विशेष रुचि और अनुभव रखते हैं। क्षेत्रीय मुद्दों और जनसरोकार की खबरों को सशक्त तरीके से उठाने के लिए जाने जाते हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










