Muzaffarpur News: पैक्स चुनाव की तारीखों का एलान,कुल 12 पदों के लिए 23 जून को मतदान

Published by : SUMIT KUMAR Updated At : 01 Jun 2026 4:21 PM

विज्ञापन

पैक्स चुनाव की तारीखों का एलान,कुल 12 पदों के लिए 23 जून को मतदान

Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर के बोचहाँ में पटियासा पैक्स चुनाव की नई अधिसूचना जारी कर दी गई है. मतदाता सूची का विवाद सुलझने के बाद अब 23 जून 2026 को मतदान और मतगणना होगी. जानिए पूरी खबर…

विज्ञापन

मुजफ्फरपुर के बोचहा से चंद्रभूषण कुमार रिपोर्ट

Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर जिले के बोचहाँ प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत पटियासा प्राथमिक कृषि साख सहयोग समिति लिमिटेड (पैक्स) के अध्यक्ष एवं प्रबंधकारिणी समिति सदस्यों के निर्वाचन को लेकर नया चुनाव कार्यक्रम जारी कर दिया गया है. सोमवार को सामने आई इस अधिसूचना के अनुसार, निर्वाचन पदाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) प्रिया कुमारी ने बताया कि आगामी 23 जून 2026 को पैक्स चुनाव के लिए मतदान कराया जाएगा.

पहले लग गई थी रोक, अब आपत्ति दूर होने पर जारी हुआ शेड्यूल

गौरतलब है कि इससे पहले पैक्स की मतदाता सूची में नाम दर्ज करने को लेकर स्थानीय लोगों ने प्राधिकार से शिकायत की थी. इस विवाद के बाद प्राधिकार ने तत्परता दिखाते हुए चुनाव पर अस्थाई रोक लगा दी थी. अब जांच-पड़ताल के बाद सभी आपत्तिकर्ताओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ दिए गए हैं. इसके बाद प्राधिकार से हरी झंडी मिलते ही निर्वाचन पदाधिकारी ने चुनाव की नई तारीखों की घोषणा कर दी है. इस बार कुल 2642 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे.

12 पदों के लिए होगा मुकाबला, जानिए नामांकन की तारीखें

जारी अधिसूचना के अनुसार, पैक्स में कुल 12 पदों के लिए चुनाव होना है. इनमें अध्यक्ष का एक पद और प्रबंधकारिणी समिति सदस्यों के 11 पद शामिल हैं. इन पदों पर अति पिछड़ा वर्ग, पिछड़ा वर्ग, अनुसूचित जाति/जनजाति और सामान्य श्रेणी के उम्मीदवारों के साथ-साथ महिलाओं के लिए भी नियमानुसार आरक्षण लागू किया गया है.निर्वाचन कार्यक्रम के तहत इच्छुक अभ्यर्थी 8 जून से 12 जून 2026 तक नामांकन पत्र प्राप्त कर सकते हैं, जबकि 11 और 12 जून को नामांकन दाखिल किया जा सकेगा. नामांकन पत्रों की स्क्रूटनी (जांच) 13 से 15 जून के बीच होगी. नाम वापसी की अंतिम तिथि 16 जून तय की गई है, जिसके बाद प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी कर चुनाव चिन्ह आवंटित कर दिए जाएंगे.

उत्क्रमित मध्य विद्यालय में बनेंगे 4 बूथ, उसी दिन आएंगे नतीजे

यदि चुनाव की नौबत आती है, तो 23 जून 2026 को सुबह 7:00 बजे से शाम 4:30 बजे तक वोट डाले जाएंगे. मतदान के लिए पटियासा उत्क्रमित मध्य विद्यालय परिसर में कुल चार मतदान केंद्र (बूथ) बनाए गए हैं. मतदान प्रक्रिया समाप्त होने के तुरंत बाद उसी दिन प्रखंड मुख्यालय में मतगणना कराई जाएगी और देर शाम तक परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे. बीडीओ प्रिया कुमारी ने सभी पात्र मतदाताओं से शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव में भाग लेने की अपील की है.

विज्ञापन
SUMIT KUMAR

लेखक के बारे में

By SUMIT KUMAR

सुमित पत्रकारिता में पिछले 4 वर्षों से सक्रिय। प्रभात खबर के प्रिंट मीडिया के साथ काम करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम से जुड़े हुए हैं। क्राइम, हाईपरलोकल, स्वास्थ्य विभाग व राजनीतिक रिपोर्टिंग में विशेष रुचि और अनुभव रखते हैं। क्षेत्रीय मुद्दों और जनसरोकार की खबरों को सशक्त तरीके से उठाने के लिए जाने जाते हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन