मुजफ्फरपुर: दादर पुल बंद होने से हाईवे पर बढ़ेगा दबाव, फेडरेशन ने की चांदनी चौक से अतिक्रमण हटाने की मांग

Published by : सुनील कुमार सिंह Updated At : 04 Jun 2026 10:26 AM

विज्ञापन

प्रतीकात्मक तस्वीर

Muzaffarpur News: दादर पुल पर बैरियर लगने से बड़े वाहनों की एंट्री बंद हो गई है. रूट डायवर्जन के बाद अब चांदनी चौक और फोरलेन पर जाम की आशंका को देखते हुए मोटर फेडरेशन ने अतिक्रमण हटाने की मांग की है. जानिए पूरी खबर…

विज्ञापन

मुजफ्फरपुर से कुमार गौरव की रिपोर्ट

Muzaffarpur News: दादर पुल पर लोहे का बैरियर लगाए जाने के बाद बुधवार से बस और ट्रक समेत सभी बड़े वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद हो गई है. इस नए बदलाव के बाद बैरिया से जीरोमाइल होकर दरभंगा, मधुबनी, सीतामढ़ी और शिवहर जाने वाले भारी वाहनों को अब चांदनी चौक से सुधा डेयरी मोड़ होते हुए मेडिकल फोरलेन के रास्ते गुजरना होगा. इस रूट डायवर्जन की वजह से चांदनी चौक रोड और उससे जुड़े अन्य संपर्क मार्गों पर बड़े वाहनों का दबाव अत्यधिक बढ़ने की संभावना जताई जा रही है.

फेडरेशन की मांग: सर्विस लेन और एनएच से तुरंत हटे अवैध अतिक्रमण

ट्रैफिक के इस बढ़ते दबाव को देखते हुए मोटर फेडरेशन के प्रवक्ता कामेश्वर महतो ने जिला प्रशासन से चांदनी चौक से सुधा डेयरी मोड़ तक फोरलेन और सर्विस लेन पर हुए अवैध अतिक्रमण को अविलंब हटाने की मांग की है. उनका कहना है कि फोरलेन के दोनों किनारों पर ट्रकों की अवैध पार्किंग की जाती है, जबकि सर्विस लेन पर गैरेज संचालकों ने पक्का कब्जा कर रखा है. इस अतिक्रमण के कारण बसों और अन्य बड़े वाहनों को गुजरने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा.

शहर के चारों तरफ बैरियर, एनएच पर बढ़ेगा गाड़ियों का बोझ

फेडरेशन ने बताया कि बैरिया से पुराने मोतिहारी रोड और गोबरसही से डुमरी रोड पर पहले ही बैरियर लगाकर बसों की आवाजाही रोकी जा चुकी है. अब जीरोमाइल की ओर से भी दादर पुल पर पाबंदी लगने के बाद बैरिया से चांदनी चौक, भगवानपुर, गोबरसही और रामदयालु तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर ही बसों और ट्रकों का पूरा बोझ आ जाएगा. महतो ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते एनएच से अवैध पार्किंग और अतिक्रमण नहीं हटाया गया, तो इस हाईवे पर चौबीसों घंटे भीषण जाम की स्थिति बनी रहेगी. इसका सीधा असर पूरे शहर की यातायात व्यवस्था पर पड़ेगा.

विज्ञापन
सुनील कुमार सिंह

लेखक के बारे में

By सुनील कुमार सिंह

सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन