मुजफ्फरपुर: एसबीआई सीएसपी से लूट का प्रयास विफल, कर्मी की सूझबूझ से भागे हथियारबंद अपराधी

Updated:
विज्ञापन
Muzaffarpur News Csp loot attempt fails jaitpur police investigation arpur firing bihar

प्रतीकात्मक तस्वीर

Muzaffarpur News: धनुपरा चौक पर एसबीआई सीएसपी में बाइक सवार चार अपराधियों का लूट का प्रयास विफल रहा. मजबूत काउंटर के कारण कर्मी ने गेट नहीं खोला, जिसके बाद आक्रोशित अपराधी एक हवाई फायरिंग कर मौके से फरार हो गए. जानिए पूरी खबर…

विज्ञापन

मुजफ्फरपुर के सरैया से शिवेंद्र कुमार की रिपोर्ट

Muzaffarpur News: देवरिया मार्ग पर जैतपुर थाना क्षेत्र के धनुपरा बजरंग बली मंदिर चौक स्थित भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के ग्राहक सेवा केंद्र (CSP) में मंगलवार को अपराधियों द्वारा लूटपाट का एक बड़ा प्रयास विफल हो गया. बाइक पर सवार होकर आए चार हथियारबंद अपराधियों ने सीएसपी में घुसकर लूटपाट की कोशिश की, लेकिन अंदर तैनात कर्मी की सूझबूझ और सुरक्षा इंतजामों के कारण वे अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो सके. सूचना मिलने पर जैतपुर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन में जुट गई है.

कर्मी ने नहीं खोला गेट, तो आक्रोशित अपराधियों ने की फायरिंग

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चारों अपराधी ग्राहक बनकर सीएसपी के पास पहुंचे और अचानक हथियार लहराने लगे. अपराधियों ने भीतर बैठे सीएसपी कर्मी को हथियार दिखाकर गेट खोलने का दबाव बनाया. हालांकि, पूरी सुरक्षा व्यवस्था के साथ भीतर से काउंटर लॉक करके बैठे कर्मी ने अपराधियों की धमकी के बावजूद दरवाजा नहीं खोला. इससे आक्रोशित होकर अपराधियों ने दहशत फैलाने के उद्देश्य से एक राउंड फायरिंग कर दी और कानून व्यवस्था को चुनौती देते हुए मौके से फरार हो गए.

दो महीने पहले हुई लूट के बाद किया गया था काउंटर पैक

चर्चा है कि करीब दो महीने पहले भी इसी सीएसपी को अपराधियों ने अपना निशाना बनाया था और वहां बड़ी लूट की घटना को अंजाम दिया था. उस वारदात से सबक लेते हुए सीएसपी संचालक ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे और पूरे काउंटर को लोहे और शीशे से पूरी तरह पैक करा दिया था. इसी सुरक्षा कवच और कर्मी की हिम्मत के कारण इस बार अपराधी खाली हाथ भागने पर मजबूर हुए. पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर बदमाशों की पहचान करने में जुटी है.

विज्ञापन
सुनील कुमार सिंह

लेखक के बारे में

By सुनील कुमार सिंह

सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन