CM सम्राट आज मुजफ्फरपुर को देंगे 288.16 करोड़ की सौगात, करेंगे 109 योजनाओं का शिलान्यास

सीएम सम्राट चौधरी की फाइल फोटो
Muzaffarpur News: मोतीपुर में आज मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सहयोग शिविर का निरीक्षण करेंगे. इस दौरान सीएम जिले को 288.16 करोड़ की 109 योजनाओं की सौगात देंगे. शिविर में 12 विभागों के स्टॉल पर समस्याओं का ऑन-द-स्पॉट निपटारा होगा. जानिए पूरी खबर…
मुजफ्फरपुर से प्रभात कुमार की रिपोर्ट
Muzaffarpur News: मोतीपुर प्रखंड को आज एक बड़ी सौगात मिलने जा रही है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आज मंगलवार को दोपहर 12 बजे मोतीपुर प्रखंड के परसौनी नाथ पंचायत अंतर्गत उत्क्रमित उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गोसाईंपुर परिसर पहुंचेंगे. मुख्यमंत्री यहां आयोजित होने वाले भव्य ‘सहयोग शिविर’ का निरीक्षण करेंगे. इस खास अवसर पर सीएम जिले के विकास के लिए 288.16 करोड़ रुपये की लागत वाली कुल 109 महत्वाकांक्षी योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे.

सहयोग शिविर में लगेंगे 12 विभागों के स्टॉल
मोतीपुर के गोसाईंपुर में आयोजित होने वाले इस सहयोग शिविर को लेकर जिला प्रशासन द्वारा सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. इस विशेष शिविर में कुल 12 प्रमुख सरकारी विभागों के स्टॉल लगाए जाएंगे. इन स्टॉलों के माध्यम से सीधे आम जनता की समस्याओं और शिकायतों का मौके पर ही त्वरित समाधान किया जाएगा. इसके साथ ही सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ भी ऑन-द-स्पॉट ग्रामीणों को उपलब्ध कराया जाएगा.
सुरक्षा को लेकर डीएम और एसएसपी ने की ब्रीफिंग
मुख्यमंत्री के आगमन और कार्यक्रम की संवेदनशीलता को देखते हुए विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है. कार्यक्रम स्थल और उसके आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारियों (मजिस्ट्रेट) और पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है. जिला पदाधिकारी (डीएम) सुब्रत कुमार सेन एवं वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कांतेश मिश्रा द्वारा संयुक्त रूप से प्रतिनियुक्त अधिकारियों की ब्रीफिंग कार्यक्रम स्थल पर ही की गई. सभी अधिकारियों को समय पर मुस्तैद रहने और सुरक्षा में कोई लापरवाही न बरतने के कड़े निर्देश दिए गए हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By सुनील कुमार सिंह
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










