मुजफ्फरपुर : 90 युवा ले रहे प्रतिज्ञा योजना का लाभ, जानिए आवेदन की पूरी प्रक्रिया
Published by : सुनील कुमार सिंह Updated At : 03 Jun 2026 12:32 PM
प्रतीकात्मक तस्वीर
Muzaffarpur News: बिहार सरकार की 'मुख्यमंत्री प्रतिज्ञा योजना' के तहत इंटर्नशिप करने वाले युवाओं को 6,000 रुपये तक मासिक स्टाइपेंड दिया जा रहा है. मुजफ्फरपुर में 90 युवा इसका लाभ ले रहे हैं. योग्य छात्र आधिकारिक पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. जानिए पूरी खबर…
मुजफ्फरपुर से ललितांशु की रिपोर्ट
Muzaffarpur News: दसवीं से लेकर उच्च शिक्षा प्राप्त युवक-युवतियों को रोजगार के काबिल बनाने और व्यावहारिक अनुभव दिलाने के लिए बिहार सरकार ने ‘मुख्यमंत्री प्रतिज्ञा योजना’ की शुरुआत की है. इस योजना के तहत विभिन्न कंपनियों में इंटर्नशिप करने वाले युवाओं को सरकार हर महीने चार से छह हजार रुपये का स्टाइपेंड दे रही है. मुजफ्फरपुर जिले में महज एक महीने के भीतर 90 युवक-युवतियां इस कल्याणकारी योजना का लाभ उठा रहे हैं. इसका मुख्य उद्देश्य बड़ी निजी व पब्लिक सेक्टर कंपनियों में 3 से 12 महीने की इंटर्नशिप दिलाकर युवाओं का कौशल विकास करना है.
लोकेशन के आधार पर मिलेगा अतिरिक्त भत्ता, जानें पात्रता के नियम
योजना के तहत अभ्यर्थियों को लोकेशन के आधार पर अतिरिक्त भत्ता भी दिया जा रहा है. गृह जिले में इंटर्नशिप करने पर 4000 रुपये मिलेंगे, जबकि दूसरे जिले में जाने पर शुरुआती तीन महीनों के लिए 2000 रुपये का अतिरिक्त भत्ता मिलेगा. यदि चयन बिहार से बाहर किसी राज्य की कंपनी या पीएसयू (PSU) में होता है, तो पूरी अवधि के लिए 5000 रुपये प्रति माह अतिरिक्त आजीविका सहायता दी जाएगी. इस योजना के लिए आवेदक को बिहार का स्थायी निवासी होना चाहिए और उम्र 18 से 28 वर्ष के बीच होनी चाहिए. जीवन में इस योजना का लाभ एक ही बार लिया जा सकता है.
योग्यता के अनुसार इस तरह तय की गई है स्टाइपेंड राशि
इस योजना के तहत शैक्षणिक योग्यता के आधार पर स्टाइपेंड की राशि तय की गई है. इसमें 12वीं पास अभ्यर्थियों को 4000 रुपये प्रति माह दिए जा रहे हैं. वहीं आईटीआई, डिप्लोमा या सरकारी शॉर्ट टर्म कोर्स करने वाले युवाओं को 5000 रुपये प्रति माह की राशि मिलेगी. इसके अलावा स्नातक और स्नातकोत्तर (पीजी) की डिग्री रखने वाले उच्च शिक्षित युवाओं को हर महीने 6000 रुपये की स्टाइपेंड राशि दी जा रही है.
आवेदन की पूरी प्रक्रिया और डॉक्यूमेंट्स का वेरिफिकेशन
इच्छुक अभ्यर्थियों को सबसे पहले योजना के आधिकारिक पोर्टल पर जाकर अपने पहचान पत्र (जैसे आधार कार्ड) के विवरण के अनुसार पंजीकरण करना होगा. प्रोफाइल बनाने के बाद छात्र अपनी योग्यता के अनुसार अधिकतम तीन कंपनियों में आवेदन कर सकते हैं. कंपनियों द्वारा शॉर्टलिस्ट किए जाने के बाद अभ्यर्थी को अपने नजदीकी जिला निबंधन एवं परामर्श केंद्र (DRCC) जाकर दस्तावेजों का सत्यापन कराना होगा. चयन के बाद ऑनलाइन ऑफर लेटर मिलेगा और इंटर्नशिप पूरी होने पर कार्य अनुभव का सर्टिफिकेट भी दिया जाएगा. डीआरसीसी के प्रबंधक मनोज कुमार प्रधान ने युवाओं से इस योजना का लाभ उठाने की अपील की है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By सुनील कुमार सिंह
सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










