मुजफ्फरपुर: बेला में लगेगी नयी टेक्सटाइल यूनिट, बरियारपुर और महवल में भी बढ़ेगा औद्योगिक निवेश

प्रतीकात्मक तस्वीर
Muzaffarpur News: बेला औद्योगिक क्षेत्र में नयी टेक्सटाइल यूनिट की स्थापना को बियाडा ने मंजूरी दे दी है. इसके साथ ही बरियारपुर और महवल में भी बड़ी कंपनियों के निवेश से रोजगार के नए अवसर बढ़ेंगे. जानिए पूरी खबर…
मुजफ्फरपुर से ललितांशु की रिपोर्ट
Muzaffarpur News: उत्तर बिहार के प्रमुख औद्योगिक केंद्र मुजफ्फरपुर में औद्योगिक विकास को एक और बड़ी रफ्तार मिलने जा रही है. पटना में आयोजित बियाडा (बिहार औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकार) की प्रोजेक्ट क्लीयरेंस कमेटी की बैठक में मुजफ्फरपुर के लिए एक नयी टेक्सटाइल यूनिट की स्थापना को हरी झंडी दे दी गई है. यह नयी कंपनी बेला औद्योगिक क्षेत्र के लगभग 1,500 वर्ग फुट इलाके में अपनी यूनिट स्थापित करेगी. उल्लेखनीय है कि इस निवेशक कंपनी की तीन यूनिट्स पहले से ही जिले में सफलतापूर्वक संचालित हो रही हैं.
बेला में बैग क्लस्टर के बाद अब टेक्सटाइल हब बनने की राह पर
मुजफ्फरपुर के बेला औद्योगिक क्षेत्र में पहले से स्थापित बैग क्लस्टर की देशव्यापी सफलता के बाद अब कपड़ा उद्योग (टेक्सटाइल क्लस्टर) में भी निवेशकों का रुझान तेजी से बढ़ा है. सरकार और बियाडा के नीतिगत प्रयासों के कारण स्थानीय और बाहरी उद्यमी मुजफ्फरपुर में पूंजी निवेश करने के लिए लगातार आगे आ रहे हैं.
बरियारपुर और महवल में कई बड़ी कंपनियों की एंट्री जल्द
नयी यूनिट को मंजूरी मिलने के साथ ही आने वाले दिनों में जिले के मोतीपुर, बरियारपुर और महवल औद्योगिक क्षेत्रों में भी कई बड़ी कंपनियों के आने की उम्मीद जगी है. हाल के दिनों में देश की कई नामचीन कंपनियों के प्रतिनिधियों ने बरियारपुर और महवल औद्योगिक क्षेत्रों का भौतिक भ्रमण (साइट विजिट) कर वस्तुस्थिति का जायजा लिया है. ये कंपनियां जल्द ही बियाडा के समक्ष अपना फाइनल निवेश प्रस्ताव प्रस्तुत करेंगी. इन नए प्रोजेक्ट्स के धरातल पर उतरने से उत्तर बिहार के इस पूरे बेल्ट में हजारों युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By सुनील कुमार सिंह
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










