मुजफ्फरपुर: चमकी बुखार के खिलाफ महाअभियान, पांच प्रखंडों में पहुंची विशेष प्रचार गाड़ियां

प्रतीकात्मक तस्वीर
Muzaffarpur News: चमकी बुखार (एइएस) के खिलाफ जागरूकता अभियान तेज हो गया है. पटना से आईं विशेष प्रचार गाड़ियों ने पांच प्रखंडों का दौरा कर ग्रामीणों को एइएस के लक्षण और बचाव के उपायों की जानकारी दी. जानिए पूरी खबर…
मुजफ्फरपुर से कुमार दीपू की रिपोर्ट
Muzaffarpur News: जिले में चमकी बुखार (एइएस) के खिलाफ जंग में जागरूकता अभियान को तेज कर दिया गया है. इसी कड़ी में पटना मुख्यालय से भेजी गईं विशेष प्रचार गाड़ियों ने जिले के पांच प्रखंडों का दौरा कर लोगों को इस बीमारी के प्रति जागरूक करना शुरू कर दिया है. मंगलवार को पटना से आईं इन प्रचार गाड़ियों ने जिले के पांच प्रमुख प्रखंडों, कुढ़नी, मोतीपुर, बोचहां, मुशहरी और कांटी का व्यापक भ्रमण किया. एलईडी स्क्रीन और लाउडस्पीकर से लैस इन वाहनों के माध्यम से ग्रामीणों को एइएस के लक्षण, इससे बचाव के उपाय और बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी जा रही है.
जागरूकता से ही थमेगी चमकी, सिविल सर्जन ने दी जानकारी
सिविल सर्जन डॉ.सुधीर कुमार ने बताया कि एइएस पर लगाम लगाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार ही सबसे प्रभावी हथियार है. उन्होंने कहा कि अगर परिजन और अभिभावक इस बीमारी के लक्षणों को लेकर जागरूक होंगे, तो बच्चों को एइएस के प्रकोप से पूरी तरह सुरक्षित रखा जा सकेगा. यदि समय पर बीमारी की पहचान हो जाए तो बच्चों की जान बचाना बेहद आसान हो जाता है.
बच्चों को धूप से बचाएं और रात में भूखे पेट न सुलाएं
प्रचार गाड़ी के माध्यम से ग्रामीणों को विशेष रूप से सलाह दी जा रही है कि वे चिलचिलाती धूप में बच्चों को बाहर न जाने दें. इसके साथ ही रात में बच्चों को कभी भी भूखे पेट न सुलाएं और उन्हें कुछ मीठा खिलाकर ही सुलाएं. डॉक्टरों ने अपील की है कि बच्चों में चमकी या तेज बुखार के लक्षण दिखते ही बिना समय गंवाए तुरंत नजदीकी सरकारी अस्पताल ले जाएं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By सुनील कुमार सिंह
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










