अवैध खनन और अश्लीलता के खिलाफ जीरो टॉलरेंस, मंत्री ने दिखाए सख्त तेवर

मंत्री श्री प्रमोद कुमार चंद्रवंशी पूजा करते हुए
Muzaffarpur News: कला-संस्कृति मंत्री प्रमोद कुमार चंद्रवंशी ने मुजफ्फरपुर में फूहड़ गायकी और अवैध खनन पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी. बाबा गरीबनाथ मंदिर में पूजा के बाद उन्होंने अश्लीलता के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की बात कही. जानिए खबर विस्तार से…
Muzaffarpur News: नवनियुक्त कला-संस्कृति एवं खान व भूतत्व मंत्री प्रमोद कुमार चंद्रवंशी ने फूहड़ गायकी और अश्लीलता पर कड़ा रुख अख्तियार किया है. पदभार ग्रहण करने के बाद पहली बार जिले में पहुंचे मंत्री ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि सूबे में फूहड़ गाने बनाने और बजाने वालों के खिलाफ अब कानून सम्मत सख्त कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि विशेषकर बहू-बेटियों को निशाना बनाकर गाए जाने वाले अश्लील गानों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
बाबा गरीबनाथ के दरबार में टेका मत्था
रविवार को मुजफ्फरपुर पहुंचे मंत्री ने सबसे पहले प्रसिद्ध बाबा गरीबनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना की. उन्होंने कहा, बाबा गरीबनाथ के आशीर्वाद से ही मुझे यह जिम्मेदारी मिली है, इसलिए सबसे पहले बाबा के चरणों में मत्था टेकने आया हूं. उन्होंने संकल्प लिया कि संस्कृति की मर्यादा से खिलवाड़ करने वालों पर लगाम लगाने के लिए विभाग पूरी तरह तैयार है.
खनन माफियाओं को चेतावनी: “सलाखों के पीछे होगी जगह”
मंत्री ने अवैध खनन करने वालों को भी सख्त लहजे में आगाह किया. उन्होंने कहा कि अवैध खनन में शामिल लोग सावधान हो जाएं, क्योंकि अब न तो उनका पैसा काम आएगा और न ही किसी की पैरवी. सरकार भ्रष्टाचार और अवैध उगाही के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति पर काम कर रही है. नियम विरुद्ध काम करने वालों का सही ठिकाना सलाखों के पीछे होगा.
बंगाल की जीत को बताया सनातन की विजय
राजनीतिक चर्चा के दौरान उन्होंने पश्चिम बंगाल में भाजपा की सफलता पर खुशी जाहिर की. मंत्री ने इसे सनातनियों की जीत करार देते हुए कहा कि वहां की जनता ने क्रूरता और दुराचार के खिलाफ वोट देकर देश को खुशी का अवसर दिया है. इस अवसर पर भाजपा प्रदेश मीडिया सह प्रभारी प्रभात मालाकार, जिला उपाध्यक्ष अधिवक्ता अरविंद कुमार सहित भारी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे.
मुजफ्फरपुर से प्रेमांशु शेखर की रिपोर्ट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










