Muzaffarpur Accident News: SKMCH गेट नंबर-2 के पास तेज रफ्तार बाइक का कहर, ड्राइवर की मौके पर मौत

Updated:
विज्ञापन

अस्पताल पहुंचे परिजन, फोटो- प्रभात खबर

Muzaffarpur Accident News: मुजफ्फरपुर के एसकेएमसीएच गेट नंबर-2 के पास मॉर्निंग वॉक पर निकले चालक उमेश राय की तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से मौत हो गई. हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश कर रही है. पढे़ं पूरी खबर…

विज्ञापन

Muzaffarpur Accident News: मुजफ्फरपुर के अहियापुर थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं. एसकेएमसीएच गेट नंबर-2 के पास मॉर्निंग वॉक पर निकले 46 वर्षीय उमेश राय को तेज रफ्तार और अनियंत्रित बाइक ने जोरदार टक्कर मार दी. हादसा इतना भयावह था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

पूर्वी चंपारण के रहने वाले थे उमेश राय

मृतक की पहचान पूर्वी चंपारण जिले के राजेपुर थाना क्षेत्र के फुलवरिया गांव निवासी उमेश राय (46) के रूप में हुई है. वे वर्तमान में मुजफ्फरपुर के अहियापुर स्थित वीनू नगर में परिवार के साथ किराए के मकान में रहते थे. पेशे से चालक रहे उमेश राय मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे.

रोज की तरह निकले थे टहलने, अचानक हुआ हादसा

स्थानीय लोगों के अनुसार, उमेश राय रोज की तरह सुबह टहलने के लिए घर से निकले थे. वह एसकेएमसीएच गेट नंबर-2 के समीप सड़क किनारे वॉक कर रहे थे. इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही एक बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और उन्हें अपनी चपेट में ले लिया.

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि उमेश राय कई फीट दूर जाकर सड़क पर गिर पड़े. उनके सिर में गंभीर चोट लगी और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई. हादसे के बाद बाइक चालक मौके से फरार हो गया.

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

उमेश राय की मौत की खबर जैसे ही वीनू नगर स्थित उनके घर पहुंची, परिवार में कोहराम मच गया. उनकी बेटी रौशनी राय और पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. एसकेएमसीएच परिसर में बेटी अपने पिता को याद कर बार-बार बेहोश हो रही थी. आसपास मौजूद लोग और रिश्तेदार उसे संभालने की कोशिश करते रहे.

परिजनों का कहना है कि उमेश राय ही परिवार के इकलौते कमाऊ सदस्य थे. उनकी असमय मौत के बाद परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है.

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही अहियापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया. पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है.

यह भी पढ़ें: BPSC Success Story: छात्र नेता से सप्लाई इंस्पेक्टर बने आशीष पुष्कर, NET-JRF टॉपर ने अब BPSC में मारी बाजी

क्या बोली पुलिस?

अहियापुर पुलिस के अनुसार, दुर्घटना के बाद शव का पोस्टमार्टम करा दिया गया है. फरार बाइक चालक की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है. परिजनों के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी चालक की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

मुजफ्फरपुर से चंदन सिंह की रिपोर्ट

विज्ञापन
अनिकेत कुमार

लेखक के बारे में

By अनिकेत कुमार

अनिकेत बीते 4 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राजस्थान पत्रिका और न्यूजट्रैक जैसे मीडिया संस्थान के साथ काम करने का अनुभव. एंटरटेनमेंट, हाईपरलोकल और राजनीति की खबरों से अधिक जुड़ाव. वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन