मुजफ्फरपुर: ATM बदलकर ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, 69 एटीएम कार्ड के साथ शातिर गिरफ्तार

Updated:
विज्ञापन

अयापुर थाना पुलिस ने एटीएम बदलकर धोखाधड़ी करने वाले एक अंतरजिला गिरोह का पर्दाफाश किया है. एक शातिर अपराधी को 69 एटीएम कार्ड के साथ गिरफ्तार किया गया है. गिरोह मदद के बहाने लोगों को ठगता था.

विज्ञापन

Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर जिले की अहियापुर थाना पुलिस को साइबर और एटीएम फ्रॉड के खिलाफ एक बड़ी सफलता हाथ लगी है. एटीएम बदलकर धोखाधड़ी और ठगी करने वाले एक अंतरजिला गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने शातिर अपराधी को दबोच लिया है. गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान औराई थाना क्षेत्र के निवासी और वर्तमान में अहियापुर में रह रहे सनी बाबा उर्फ ऋशु के रूप में हुई है. पुलिस ने उसके पास से विभिन्न बैंकों के कुल 69 एटीएम कार्ड, 6 एटीएम जैसे दिखने वाले प्लास्टिक कार्ड और एक मोबाइल फोन बरामद किया है. नगर डीएसपी टू विनीता सिन्हा ने इस पूरी कार्रवाई की विस्तृत जानकारी दी.

गुप्त सूचना पर हुई गिरफ्तारी

नगर डीएसपी टू विनीता सिन्हा ने बताया कि 8 अगस्त 2026 को अहियापुर पुलिस को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि एटीएम बदलकर धोखाधड़ी करने वाले गिरोह के कुछ अपराधी क्षेत्र में सक्रिय हैं. सूचना के आधार पर वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार एक विशेष टीम गठित की गई. टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अहियापुर थाना क्षेत्र के इंदिरा नर्सिंग होम के पास छापेमारी की और आरोपी सनी बाबा को दबोच लिया.

Image

मदद के नाम पर करते थे ठगी

प्रेस वार्ता में डीएसपी ने बताया कि इस गिरोह में करीब 10 से 15 लोग शामिल हैं. ये शातिर अपराधी एटीएम बूथों के पास आम ग्राहक बनकर खड़े रहते थे. जब भी कोई सीधा-साधा व्यक्ति पैसे निकालने आता था, तो ये मदद करने के बहाने चुपके से उसका एटीएम पिन देख लेते थे. इसके बाद पलक झपकते ही मूल एटीएम कार्ड को अपने पास मौजूद फर्जी कार्ड से बदल देते थे. ग्राहक के चले जाने के बाद ये खातों से बड़ी रकम उड़ा लेते थे.

Image

दर्जनों मामलों में संलिप्तता और आगे की कार्रवाई

पूछताछ में सामने आया है कि विभिन्न थानों में इस गिरोह के खिलाफ दो दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं. गिरफ्तार आरोपी सनी बाबा का पूर्व से भी आपराधिक इतिहास रहा है और वह पहले भी एटीएम हेराफेरी के आरोप में 58 कार्ड के साथ जेल जा चुका है. डीएसपी टू विनीता सिन्हा ने स्पष्ट किया कि यह गिरोह पप्पू साहनी और सुमित साहनी जैसे शातिर अपराधियों के नेतृत्व में संचालित हो रहा था. गिरोह के अन्य सदस्यों और मास्टरमाइंड की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है.


विज्ञापन
चंदन सिंह

लेखक के बारे में

By चंदन सिंह

चंदन सिंह बीते 12 सालों से क्राइम रिपोर्टिंग की दुनिया में सक्रिय हैं. 2016 से लगातार प्रभात खबर के साथ काम कर रहे हैं. इससे पहले दैनिक जागरण और भास्कर जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के लिये योगदान दे चुके हैं. क्राइम रिपोर्टिंग में इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिज्म पर अधिक फोकस. पत्रकारिता में मास्टर्स की पढ़ाई की है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन