मुजफ्फरपुर के बाघाखाल में लापता युवक का झाड़ी में मिला शव, मछली पकड़ने के दौरान हादसा

Updated:
विज्ञापन

मृतक रंजीत का फाइल फोटो व घटनास्थल पर जुटी ग्रामीणों की भीड़ | Prabhat Khabar Network

मुजफ्फरपुर के गायघाट में एक 33 वर्षीय युवक का अर्धनग्न शव झाड़ियों में मिला है। युवक गुरुवार रात से लापता था और मछली पकड़ने गया था। प्रथम दृष्टया करंट लगने से मौत का अंदेशा है, लेकिन पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।

विज्ञापन

Youth Dead Body Found: मुजफ्फरपुर जिले के गायघाट थाना क्षेत्र स्थित बाघाखाल गांव में शनिवार की सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई. यहां झाड़ियों में एक 33 वर्षीय युवक का अर्धनग्न शव बरामद हुआ है. मृतक की पहचान गांव के ही जगदीश मांझी के बेटे रंजीत मांझी के रूप में हुई है. वह गुरुवार की देर रात से रहस्यमय तरीके से लापता था. शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है. पुलिस और एफएसएल की टीम मामले की तफ्तीश में जुट गई है.

Muzaffarpur News: मछली पकड़ने के दौरान हुआ हादसा

मृतक के भाई ने बताया कि रंजीत गुरुवार की रात अपने कुछ साथियों के साथ गांव के ही पोखर में मछली पकड़ने के लिए निकला था. पोखर के पास बैंगन का एक खेत है, जहां जंगली जानवरों से फसल की सुरक्षा के लिए बिजली का तार लगाया गया था. इसी दौरान रंजीत के साथ गए उसके एक साथी मलकीत को करंट लग गया और वह बुरी तरह झुलस गया. घबराए हुए अन्य साथी मलकीत को इलाज के लिए तुरंत स्थानीय डॉक्टर के पास ले गए. इस अफरातफरी के बीच किसी का ध्यान रंजीत पर नहीं गया और वह लापता हो गया.

दुर्गंध आने पर हुई खोजबीन, शव बरामद

शनिवार की सुबह जब गांव का एक किसान अपने खेत की ओर गया, तो उसने वहां एक नीलगाय को मृत अवस्था में देखा. उसी दौरान पास की झाड़ियों से तेज दुर्गंध आ रही थी. बदबू के कारण जब स्थानीय लोगों ने आसपास खोजबीन शुरू की, तो खेत से करीब तीन सौ मीटर की दूरी पर रंजीत का शव पड़ा हुआ मिला. शव का कुछ हिस्सा झुलसा हुआ था, जिससे करंट लगने की आशंका मजबूत हो रही है.

एफएसएल और पुलिस की जांच जारी

घटना की सूचना मिलते ही गायघाट थाने की पुलिस और एफएसएल (FSL) की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. गायघाट के थानाध्यक्ष जय प्रकाश गुप्ता ने बताया कि घटनास्थल का मुआयना कर लिया गया है. प्रथम दृष्टया मामला करंट लगने से मौत का लग रहा है. हालांकि, मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम और एफएसएल जांच की रिपोर्ट आने के बाद ही पूरी तरह से स्पष्ट हो सकेगा. पुलिस फिलहाल आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.


विज्ञापन
अजीत कुंवर

लेखक के बारे में

By अजीत कुंवर

पत्रकारिता के क्षेत्र में 22 वर्षों का समृद्ध अनुभव. क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर मजबूत पकड़ है. निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन