ePaper

आरा में डॉक्टर से दुर्व्यवहार के विरोध में आंदोलन पर चिकित्सक, डॉक्टरों के बहिष्कार से ओपीडी ठप

Updated at : 22 Nov 2018 3:45 AM (IST)
विज्ञापन
आरा में डॉक्टर से दुर्व्यवहार के विरोध में आंदोलन पर चिकित्सक, डॉक्टरों के बहिष्कार से ओपीडी ठप

मुजफ्फरपुर : आरा में डॉक्टरों के साथ मारपीट व दुर्व्यवहार के खिलाफ सदर अस्पताल व जिले के सभी पीएचसी के डॉक्टरों ने बुधवार को ओपीडी का बहिष्कार किया. आरा में चिकित्सक व जिलाधिकारी के बीच हुए विवाद को लेकर डॉक्टरों ने एक दिवसीय ओपडी बहिष्कार का निर्णय लिया है. बिहार राज्य चिकित्सक संघ के जिला […]

विज्ञापन
मुजफ्फरपुर : आरा में डॉक्टरों के साथ मारपीट व दुर्व्यवहार के खिलाफ सदर अस्पताल व जिले के सभी पीएचसी के डॉक्टरों ने बुधवार को ओपीडी का बहिष्कार किया. आरा में चिकित्सक व जिलाधिकारी के बीच हुए विवाद को लेकर डॉक्टरों ने एक दिवसीय ओपडी बहिष्कार का निर्णय लिया है. बिहार राज्य चिकित्सक संघ के जिला सचिव डॉ सीके दास ने बताया कि सुबह आठ बजे से दोपहर दो बजे तक ओपीडी सहित अन्य काम का बहिष्कार किया गया.
हालांकि इस दौरान इमरजेंसी व प्रसव का काम जारी रहा गया. डॉक्टरों के काम बहिष्कार के कारण जिले में 1500 से अधिक मरीजों का इलाज नहीं हो सका. केवल सदर अस्पताल में 500 से अधिक मरीज बगैर इलाज वापस लौट गये. दोपहर बाद बिहार राज्य चिकित्सक संघ की बैठक सदर अस्पताल में हुई. इसमें निर्णय लिया गया कि गुरुवार को भी ओपीडी का बहिष्कार किया जायेगा. इसके बाद राज्य के फैसले पर आगे की रणनीति पर निर्णय लिया जायेगा.
खुला रहा डॉक्टरों का कक्ष, नहीं देखे मरीज : सदर अस्पताल के ओपीडी में डॉक्टर नहीं सेवा देंगे, इसकी जानकारी मरीजों को नहीं थी. सुबह आठ बजे से ही मरीज अस्पताल पहुंचने लगे थे. उपाधीक्षक डॉ एनके चौधरी ने ओपीडी में डॉक्टरों का कक्ष खुलवा दिया था. डॉक्टर भी समय से अस्पताल पहुंच गये थे, लेकिन अपने कक्ष में बैठने के बजाये वे उपाधीक्षक के चैंबर में बैठे थे.
सिविल सर्जन व उपाधीक्षक के कहने पर भी डॉक्टर मरीज को देखने को तैयार नहीं हुए. डॉक्टरों के ओपीडी बहिष्कार के कारण मरीजों काे काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. समस्तीपुर मुसरीघरारी से बेटे का इलाज कराने आये मो अख्तर, पूसा के अनवर हुसैन, माड़ीपुर के राकेश कुमार ने बताया कि वे लोग अस्पताल पहुंचे, तो जानकारी मिली कि डॉक्टर हड़ताल पर हैं.
दोषी पर कार्रवाई होने तक बहिष्कार : भासा
बिहार राज्य चिकित्सक संघ (भासा) की बैठक बुधवार की सुबह 11 बजे सदर अस्पताल में हुई. सिविल सर्जन डॉ शिवचंद्र भगत की अध्यक्षता में हुई बैठक में डॉक्टरों ने कई मुद्दों पर चर्चा की. बैठक में डॉक्टरों ने एक स्वर में कहा कि जब तक दोषी पर कार्रवाई नहीं होगी, वे ओपीडी का बहिष्कार करेंगे. भासा के जिला सचिव डॉ सीके दास ने कहा कि आरा में हुए डॉक्टर से दुर्व्यवहार की हम सभी घोर निंदा करते हैं. उन्होंने कहा कि बैठक में निर्णय लिया गया है कि जिला हेल्थ सोसाइटी से जिलाधिकारी को हटाया जाये.
मेडिकल एक्ट के तहत आरा के डीएम व पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की जाये. साथ ही समीक्षा बैठक से डॉक्टरों की उपस्थित से मुक्त किया जाये. उन्होंने कहा कि बैठक में डीएम डॉक्टरों के साथ अच्छा बरताव नहीं करते हैं. इन मांगों पर सरकार जबतक निर्णय नहीं करती है, डॉक्टर काम पर नहीं जायेंगे. बैठक में डॉ दिनेश्वर सिंह, डॉ सुरेश शर्मा, डॉ बीपी चौरसिया, डॉ शिवशंकर, डॉ एके पांडे, डॉ सीएस प्रसाद, डॉ मनोज मिश्रा, डॉ नवीन कुमार, डॉ हसीब असगर, डॉ सतीश कुमार, डॉ आरके सिंह, डॉ ऋचा तुलस्यान, डॉ विनोद कुमार आदि मौजूद थे.
पीएचसी की ओपीडी सेवाएं भी रहीं बाधित
कांटी. आरा में डॉक्टरों के साथ हुए विवाद के कारण कांटी पीएचसी की ओपीडी बंद रही. पीएचसी प्रभारी डॉक्टर यूपी चौधरी ने जानकारी दी. सकरा रेफरल अस्पताल के चिकित्सक भी हड़ताल पर रहे. साहेबगंज. डॉक्टरों के हड़ताल पर चले जाने के कारण स्थानीय पीएचसी में ओपीडी सेवा बंद रही. मोतीपुर. पीएचसी में ओपीडी सेवा ठप रही. करीब 125 मरीज को बगैर इलाज के वापस लौट गये. सरैया. सीएचसी सरैया के चिकित्सक भी हड़ताल पर रहे. इससे ओपीडी सेवा बाधित रहीं. इलाज के लिए सुदूर क्षेत्रों से पहुंचे मरीजों को बैरंग वापस होना पड़ा.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन